क्रिसमस और नए साल पर केक कारोबार पर नजर : उन्नाव में बेकरी जांच से मचा हड़कंप
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Dec 25, 2025
क्लासिक बेकरी, मोहित बेकरी, अखिलेश कुमार की बेकरी और सूर्या आइसक्रीम एंड बेकरी में मिलीं गंभीर खामियां
उन्नाव। क्रिसमस और नए साल से पहले शहर में केक की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को इसी कड़ी में शहर से लेकर नवाबगंज तक कई नामी बेकरियों पर एक साथ कार्रवाई की गई। जांच के दौरान जहां भारी गंदगी मिली, वहीं एक्सपायरी और संदिग्ध खाद्य सामग्री भी बरामद हुई, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। सबसे पहले टीम ने शहर की क्लासिक बेकरी में छापा मारा। यहां हालात बेहद खराब पाए गए। गंदगी के बीच केक और पेस्ट्री तैयार की जा रही थीं। बिक्री के लिए रखे गए कई पैकेट एक्सपायरी तिथि के निकल चुके थे। अधिकारियों ने मैंगो फ्लेवर केक, रेड वेलवेट पेस्टी, पिंक शुगर पेस्टी सहित चार उत्पादों के नमूने लेकर बेकरी संचालक को नोटिस जारी किया। इसके बाद टीम मोहित बेकरी, नवाबगंज पहुंची, जहां एक पेस्टी का नमूना लिया गया। यहां भी साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए। नवाबगंज क्षेत्र में ही अखिलेश कुमार की बेकरी में निरीक्षण के दौरान केक समेत दो नमूने लिए गए। जांच में एक पैक्ड मैंगो स्टिक्स, एक किलो शुगर पेस्ट, दस पैकेट केक कलर, पांच पैक्ड चोको स्टिक्स और करीब 2.5 किलो केक बेस मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर नष्ट कराए गए। वहीं सूर्या आइसक्रीम एंड बेकरी में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर पाई गई। यहां कई तरह की कमियां मिलने पर अधिकारियों ने परिसर को अग्रिम आदेशों तक बंद करने के निर्देश दिए और सुधार के लिए नोटिस थमाया। मौके से दो केक, एक मैदा और दो फ्लेवर के नमूने लिए गए। इसके साथ ही 62 ट्रे केक बेस को भी नष्ट कराया गया। सहायक खाद्य आयुक्त प्रियंका सिंह ने बताया कि सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाली बेकरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि त्योहारों के मौके पर आम लोगों की सेहत से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा।जांच टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष वर्मा, राजेंद्र प्रसाद, उपासना साह, रुचि बाजपेयी, पल्लवी शर्मा और आकांक्षा जायसवाल शामिल रहीं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि केक या बेकरी उत्पाद खरीदते समय एक्सपायरी डेट और साफ-सफाई पर जरूर ध्यान दें, ताकि त्योहार की खुशियां किसी लापरवाही की भेंट न चढ़ें।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन