सिविल लाइन क्षेत्र में हुई फायरिंग युवक हुआ घायल अस्पत : 10 नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज तीन गिरफ्तार
आलम वारसी
Fri, Apr 3, 2026
मुरादाबाद के कांठ रोड क्षेत्र में गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें लकी नामक युवक घायल हो गया। पुलिस जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश कर रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।
मुरादाबाद।। शहर के व्यस्त कांठ रोड क्षेत्र में गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावरों ने खुशहालपुर निवासी लकी नामक युवक को निशाना बनाते हुए उस पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है। अचानक हुई फायरिंग से आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली लगते ही लकी खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या किसी व्यक्तिगत दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर मनीष सक्सेना ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लिया और बताया कि फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता युवक को बेहतर से बेहतर इलाज दिलाना है। उन्होंने कहा कि जैसे ही घायल की हालत स्थिर होगी, उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी।
पुलिस टीमों ने संदिग्धों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है और कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
एसपी सिटी कुमार रणवीर सिंह ने बताया थाना सिविल लाइन्स क्षेत्रान्तर्गत दो पक्षों के मध्य हुए विवाद एवं फायरिंग की घटना के संबंध में चौकी इंचार्ज की तहरीर पर 10 नामजद एवं अन्य अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। घटना में घायल युवक को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 03 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है तथा अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Tags :
मुरादाबादसिविल लाइन क्षेत्र में हुई फायरिंग युवक हुआ घायल अस्पताल में भर्ती
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन