Mon 27 Jul 2026

ब्रेकिंग

नौ लोगों पर रिपोर्ट

वरिष्ठ पत्रकार आशीष पांडेय के पिता डीएन पांडेय का निधन

कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन कर दिया स्वच्छता का संदेश

एक डिजाइन ने खोल दी 918 गद्दों की कहानी

पढ़ाने वालों की सेहत का भी सरकार रखेगी हिसाब

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

सड़क बनी आफत : जलभराव में बैठकर सभासद का धरना

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Sat, Jul 11, 2026
Post views : 187

विधायक ने तीन दिन में काम शुरू कराने का दिलाया भरोसा, पालिका बोली, सड़क पीडब्ल्यूडी के अधीन

उन्नाव। लोक नगर से कब्बाखेड़ा जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड के सभासद ओमेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ पंकज लोधी के नेतृत्व में स्थानीय लोग जलभराव से लबालब सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग उठाई। प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे तक मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने बताया कि चौधरी खजान सिंह महाविद्यालय के पास करीब 200 मीटर सड़क सबसे अधिक खराब है। बारिश के दौरान यह हिस्सा पूरी तरह पानी से भर जाता है। गहरे गड्ढे पानी में छिप जाने से आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो जाते हैं। लोगों का कहना है कि लगभग रोज एक-दो ई-रिक्शा भी असंतुलित होकर पलट जाते हैं। इसी रास्ते से प्रतिदिन दो से तीन हजार लोगों का आवागमन होता है। स्कूली बच्चे, छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग और आसपास के गांवों के लोग इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। सभासद ने आरोप लगाया कि सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। समस्या का समाधान न होने पर लोगों को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।

धरना और जाम की सूचना पर पहुंचे विधायक

प्रदर्शन की सूचना मिलने सदर विधायक पंकज गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर तीन दिन के भीतर सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिलाकर लोगों के गुस्से को शांत करवाया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर जाम खोल दिया। हालांकि लोगों ने चेतावनी दी कि तय समय में काम शुरू नहीं होने पर आंदोलन फिर शुरू किया जाएगा।

पालिकाध्यक्ष बोलीं, सड़क पीडब्ल्यूडी की, पालिका की नहीं

पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने कहा कि जिस सड़क को लेकर प्रदर्शन हुआ, वह नगर पालिका की नहीं बल्कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन है। इस संबंध में पांच दिन पहले पीडब्ल्यूडी को पत्र भेजा जा चुका है और तत्कालीन जिलाधिकारी गौरांग राठी को भी अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि यह मार्ग रायबरेली-बिलग्राम हाईवे के नाम से जाना जाता है और लंबे समय से पीडब्ल्यूडी की जिम्मेदारी में है। हाल ही में विभाग ने सड़क का निर्माण कराया, लेकिन करीब 200 मीटर हिस्सा अधूरा छोड़ दिया। ऐसे में इस सड़क की जिम्मेदारी नगर पालिका पर डालना उचित नहीं है।

एडीएम बोले, सोमवार या मंगलवार से शुरू होगा काम

एडीएम एवं निकाय प्रभारी अमिताभ यादव ने बताया कि विधायक के माध्यम से धरना-प्रदर्शन की जानकारी मिली थी, जिसके बाद मामले का संज्ञान लिया गया। उन्होंने कहा कि सोमवार या मंगलवार से सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। यदि किसी कारण से निर्माण कार्य तत्काल शुरू नहीं हो पाता है तो सबसे पहले गड्ढों को भरवाकर मार्ग को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन