Sun 09 Aug 2026

ब्रेकिंग

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से मिली हत्या की धमकी, रिपोर्ट दर्ज

अंकित सिंह परिहार ने बढ़ाया मदद का हाथ

बड़े चौराहे पर स्थापित होगी भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा

सरकारी ठेके की 50 हजार की फर्जी एफडीआर लगाई, रिपोर्ट दर्ज

25 हजार लेते डाकघर का बाबू को सीबीआई ने दबोचा

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

जहां से आता है पीने का पानी : वहीं बना दिया कूड़ा डालने का ठिकाना

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Sun, Jul 19, 2026
Post views : 278

आवास विकास ए ब्लॉक में सफाई व्यवस्था पर सवाल, टूटी बाउंड्रीवाल से नशेबाजों और आवारा पशुओं का जमावड़ा

उन्नाव। शहर को साफ-सुथरा रखने के दावे करने वाली नगर पालिका की व्यवस्था आवास विकास कॉलोनी के ए ब्लॉक में सवालों के घेरे में है। यहां जिस पानी की टंकी से सैकड़ों घरों में पीने का पानी पहुंचता है, उसी के पास सफाई कर्मियों ने कूड़ा जमा करना शुरू कर दिया है। हर दिन यहां कचरा डाले जाने से आसपास बदबू फैली रहती है। खुले में पड़े सड़े कचरे को आवारा गाय और दूसरे पशु सड़क तक खींच लाते हैं, जिससे पूरी सड़क पर गंदगी फैल जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। कॉलोनी के लोगों के अनुसार पानी की टंकी के चारों ओर साफ-सफाई के बजाय अब यह जगह अस्थायी डंपिंग प्वाइंट बन गई है। सुबह से शाम तक यहां कूड़ा डाला जाता है, जिससे आसपास रहने वाले परिवारों को बदबू और गंदगी के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। बरसात और उमस के मौसम में सड़ते कचरे से संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी रहती है। लोगों का कहना है कि घरों के दरवाजे और खिड़कियां खोलना भी मुश्किल हो गया है। समस्या केवल कूड़े तक सीमित नहीं है। पानी की टंकी की बाउंड्रीवाल कई वर्षों से टूटी हुई है। इसी का फायदा उठाकर आवारा पशु आसानी से परिसर में पहुंच जाते हैं। शाम ढलते ही यहां नशा करने वालों और संदिग्ध लोगों का भी जमावड़ा लगने लगता है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों का अकेले निकलना असहज हो गया है। कई बार लोगों ने इस संबंध में नगर पालिका से शिकायत की, लेकिन न तो टूटी दीवार की मरम्मत कराई गई और न ही कूड़ा डाले जाने पर रोक लगाई गई। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि जिस स्थान के पास कूड़े का ढेर लगा है, वहीं से इलाके में पीने के पानी की आपूर्ति होती है। लोगों का कहना है कि पानी की गुणवत्ता को लेकर भी डर बना रहता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते डंपिंग प्वाइंट नहीं हटाया गया और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में यह बड़ा स्वास्थ्य संकट बन सकता है।

लोगों की प्रमुख मांगें

पानी की टंकी के पास से तुरंत डंपिंग प्वाइंट हटाया जाए।
टूटी बाउंड्रीवाल का जल्द निर्माण कराया जाए।
नियमित सफाई और कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
नशेबाजों और असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई जाए।

जिम्मेदार बोले

नगरपालिका ईओ राम आसरे कमल ने बताया कि सभी सफाई कर्मचारियों को निर्धारित डंपिंग यार्ड तक ही कूड़ा पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई कर्मचारी बीच रास्ते या अन्य स्थान पर कूड़ा डाल रहा है तो मामले की जांच कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन