चुनावी आहट : अनुराग त्रिवेदी की सक्रियता से भगवंतनगर की सियासत में नई हलचल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Jul 15, 2026
लोगों से सीधा संवाद, स्थानीय समस्याएं सुनीं, बढ़ी सक्रियता बनी चर्चा का विषय

उन्नाव। यूपी विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती दिखाई देने लगी हैं। संभावित दावेदार जनता के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में जुट गए हैं। इसी क्रम में ऋत फाउंडेशन के अध्यक्ष अनुराग त्रिवेदी इन दिनों लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। सोमवार को उन्होंने बंथर कस्बे में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और स्थानीय मुद्दों पर बातचीत की। जनसंपर्क के दौरान अनुराग त्रिवेदी ने सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोगों से फीडबैक लिया। कई ग्रामीणों और व्यापारियों ने क्षेत्र की बदहाल सड़कों, जल निकासी, रोजगार और अन्य समस्याओं का मुद्दा उठाया। अनुराग ने कहा कि जनता से मिले सुझावों और समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा तथा लोगों के बीच उनका संपर्क आगे भी लगातार जारी रहेगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भगवंतनगर सीट पर इस बार मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। ऐसे में अनुराग त्रिवेदी की लगातार बढ़ती सक्रियता ने उन्हें चर्चा में ला दिया है। बंथर और आसपास के इलाकों में उनका जनसंपर्क अभियान लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, क्षेत्र के कुछ लोगों ने यह भी कहा कि केवल जनसंपर्क अभियान से आगे बढ़कर स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल और निरंतर प्रयास भी जरूरी हैं। उनका मानना है कि जनता अब वादों के साथ-साथ जमीन पर दिखने वाले काम को भी प्राथमिकता दे रही है। मीडिया द्वारा बातचीत में कई स्थानीय लोगों ने अनुराग त्रिवेदी की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि वह लगातार लोगों के बीच पहुंच रहे हैं और उनकी बातें सुन रहे हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना था कि चुनाव नजदीक आने के साथ सभी संभावित दावेदार सक्रिय हो रहे हैं, इसलिए अंतिम फैसला जनता विकास कार्यों और उम्मीदवार की कार्यशैली को देखकर ही करेगी।फिलहाल इतना तय है कि भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में अनुराग त्रिवेदी की बढ़ी सक्रियता ने राजनीतिक चर्चाओं को नई गति दी है। हालांकि, जनसमर्थन की वास्तविक तस्वीर और चुनावी असर का पता मतदान के समय ही चलेगा।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन