औचक निरिक्षण : ग्राहक बनकर शराब दुकानों पर पहुंचे आबकारी अधिकारी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Nov 6, 2026
ओवर रेटिंग और समय की पाबंदी परखी, दुकानदारों को चेताया

उन्नाव। दीपावली के त्योहार पर शराब की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने के साथ ही मनमानी कीमत वसूले जाने और निर्धारित समय के बाद बिक्री की आशंका को देखते हुए आबकारी विभाग सतर्क हो गया है। दुकानों पर होने वाली गतिविधियों की हकीकत जानने के लिए जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र ने खुद मैदान में उतरकर जांच की। खास बात यह रही कि वह अपनी पहचान छिपाकर चेहरे पर मास्क लगाकर एक आम ग्राहक की तरह शराब की दुकानों पर पहुंचे। अधिकारी ने दुकानों पर पहुंचकर शराब खरीदने के बहाने बिक्री व्यवस्था को परखा। इस दौरान यह जानने की कोशिश की गई कि कहीं निर्धारित समय से पहले शराब तो नहीं बेची जा रही है और ग्राहकों से बोतल पर अंकित कीमत से अधिक रुपये तो नहीं लिए जा रहे हैं। जिला आबकारी अधिकारी के मुताबिक, जांच के दौरान किसी भी दुकान पर समय से पहले शराब की बिक्री होती नहीं मिली। साथ ही दुकानदारों की ओर से निर्धारित कीमत पर ही शराब बेचे जाने की बात सामने आई। जिला आबकारी अधिकारी ने दुकानदारों को हिदायत दी है कि त्योहार के नाम पर ग्राहकों से अधिक रुपये वसूलने या निर्धारित समय के बाद शराब बेचने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों को किसी तरह की रियायत नहीं मिलेगी।
ओवररेटिंग की शिकायतें बनी चर्चा का विषय
शराब की दुकानों पर निर्धारित कीमत से अधिक रुपये वसूलने की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रहती हैं। सोशल मीडिया पर भी ग्राहक ओवररेटिंग को लेकर अपनी शिकायतें साझा करते रहते हैं। कई बार दुकानदारों पर तय कीमत से अधिक रुपये मांगने के आरोप चर्चा में रहते हैं। त्योहारों के दौरान शराब की मांग बढ़ने पर ऐसी शिकायतें और बढ़ने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला आबकारी अधिकारी ने ग्राहक बनकर दुकानों का निरीक्षण किया। हालांकि, उनके मुताबिक जांच में कहीं भी निर्धारित कीमत से अधिक वसूली नहीं मिली। इसके बावजूद ग्राहकों की ओर से समय-समय पर सामने आने वाली शिकायतें इस मुद्दे को चर्चा में बनाए रखती हैं।
बंदी के दिन भी दुकानों पर निगरानी पर सवाल
शराब की दुकानों के संचालन के समय को लेकर भी सोशल मीडिया पर अक्सर सवाल उठते रहते हैं। कहीं सुबह छह बजे से बिक्री शुरू होने के आरोप लगाए जाते हैं तो कहीं देर रात तक दुकानें खुलने की शिकायतें सामने आती हैं। कुछ वीडियो और फोटो में शटर बंद होने के बाद भी कथित तौर पर शराब बिक्री किए जाने की बातें कही जाती हैं। दीपावली जैसे त्योहारों और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी इस तरह की शिकायतें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनती हैं। हालांकि, इन वीडियो और दावों की वास्तविकता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है, लेकिन निर्धारित समय और बंदी के दिन शराब बिक्री को लेकर उठती शिकायतें विभागीय निगरानी के सवाल को चर्चा में जरूर ला देती हैं।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन