हरियाली की मुहिम में आगे आई खाकी : जिला अस्पताल में 100 से अधिक पौधे रोपे
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Jul 9, 2026
कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप मिश्रा की पहल पर महिलाओं ने भी लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

उन्नाव। पर्यावरण संरक्षण का संदेश अब सिर्फ अपील तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप देने की कोशिशें भी तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बुधवार को उमाशंकर दीक्षित संयुक्त चिकित्सालय (जिला अस्पताल) परिसर में 'बरगद बचाओ महाअभियान' के तहत 100 से अधिक छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया। अभियान की शुरुआत बरगद का पौधा लगाकर की गई। जिला पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप मिश्रा 'अपूर्व' की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्री जी सामाजिक सेवा समिति के सहयोग से अस्पताल परिसर को हरित बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सुनील कुमार शुक्ला, डॉ. संजीव कुमार तथा समिति की संस्थापिका एवं अध्यक्षा मंजू अवस्थी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान बरगद, पीपल, नीम, बेल, आंवला और अमरूद सहित कई प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

अनूप मिश्रा 'अपूर्व' ने कहा कि अस्पतालों में हरियाली, स्वच्छ हवा और प्राकृतिक छाया मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि 'बरगद बचाओ महाअभियान' का उद्देश्य केवल पौधरोपण करना नहीं, बल्कि जिले के प्राचीन बरगद समेत अन्य जीवनदायी वृक्षों का संरक्षण कर उन्हें बचाने के लिए जनजागरूकता फैलाना भी है।
सीएमएस डॉ. सुनील कुमार शुक्ला ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि हरित अस्पताल की अवधारणा आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कराई जाएगी, ताकि भविष्य में अस्पताल परिसर मरीजों और तीमारदारों के लिए स्वच्छ, शीतल और सुखद वातावरण उपलब्ध करा सके।
कार्यक्रम में मंजू अवस्थी, मनीता सेंगर, अरुणा तिवारी, नीलम श्रीवास्तव, पूर्णिमा अवस्थी, दीपाली मिश्रा, मीनू सिंह, माया वर्मा, गायत्री मिश्रा, शिल्पा मिश्रा, ज्योति गौर, प्रीति शुक्ला, नीतू शर्मा, बिमलेश मिश्रा, सीमा सिंह, अविका अवस्थी समेत सैकड़ों महिलाओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन