राइजिंग स्टार एकेडमी सीजन–2 : निराला ऑडिटोरियम में सजेगा प्रतिभाओं का मंच
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Jan 11, 2026
गरीब और जरूरतमंद बच्चों को मंच देने पर आयोजकों का जोर
उन्नाव। जिले की उभरती प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से राइजिंग स्टार एकेडमी पैराडाइज सीजन–2 का आयोजन 21 जनवरी को निराला ऑडिटोरियम परिसर में किया जाएगा। आयोजन को लेकर रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह मंच युवाओं और बच्चों को अपनी कला दिखाने के साथ आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी देगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में डांस, सिंगिंग, मॉडलिंग, मेहंदी समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी, जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगी। इस मंच के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में आयोजक मोहम्मद तौफीक ने बताया कि इस बार कार्यक्रम में सेलेब्रिटी गेस्ट के तौर पर मॉडल खुशी शेख और अभिषेक शुक्ला शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदगी से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ेगा और कार्यक्रम को खास पहचान मिलेगी। तौफीक ने यह भी बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को प्रतिभा दिखाने से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। जो बच्चे भाग लेना चाहते हैं लेकिन फीस जमा नहीं कर पाते, उनकी प्रतिभागिता शुल्क राइजिंग स्टार एकेडमी द्वारा वहन की जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा मंच से दूर न रहे। सह आयोजक एवं समाजसेविका निम्मी अरोड़ा ने कार्यक्रम के सामाजिक पक्ष पर जोर देते हुए कहा कि राइजिंग स्टार एकेडमी पैराडाइज सीजन–2 गरीब और जरूरतमंद बच्चों के लिए एक अच्छा प्लेटफार्म साबित होगा। उन्होंने बताया कि ऐसे बच्चों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें कंबल, ट्रॉफी और गिफ्ट का वितरण भी किया जाएगा। उनका कहना था कि सम्मान और प्रोत्साहन मिलने से बच्चों का मनोबल बढ़ता है। इस आयोजन को सफल बनाने में रश्मि पटेल, कनिष्क त्रिवेदी, रजत सिंह, सरिता सिंह, अभिषेक चौधरी, मॉडल सौम्या सहित कई लोगों की अहम भूमिका रहेगी। आयोजकों ने उन्नाव वासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हों और बच्चों व युवाओं का उत्साह बढ़ाएं। राइजिंग स्टार एकेडमी पैराडाइज सीजन–2 को लेकर युवाओं और कला प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उम्मीद है कि यह आयोजन मनोरंजन के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम करेगा।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन