दिव्यांगों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया : अन्नू टंडन की पहल पर दो जरूरतमंदों को मिली ट्राई साइकिल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Jul 29, 2026
अंकित सिंह परिहार और विवेक शुक्ला ने घर पहुंचकर सौंपी ट्राई साइकिल

उन्नाव। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के दो दिव्यांगों के लिए बुधवार का दिन खुशियां लेकर आया। समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व सांसद अन्नू टंडन की पहल पर दोनों जरूरतमंदों को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। लंबे समय से आने-जाने में परेशानियों का सामना कर रहे दोनों दिव्यांगों को जब उनके घर पर ही यह सुविधा मिली तो उनके चेहरे खिल उठे। परिजनों ने भी इसे बड़ी राहत बताते हुए अन्नू टंडन के प्रति आभार जताया। जानकारी के मुताबिक, बीघापुर ब्लॉक के घाटमपुर खुर्द गांव निवासी हंसराज पासवान और नगर पंचायत भगवंतनगर निवासी शम्भू लोधी दिव्यांग होने के कारण रोजमर्रा के कामों के लिए दूसरों पर निर्भर थे। दोनों की स्थिति की जानकारी पूर्व सांसद अन्नू टंडन तक पहुंची तो उन्होंने बिना देर किए ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अन्नू टंडन के निर्देश पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के नेता अंकित सिंह परिहार अपने प्रतिनिधि विवेक शुक्ला के साथ दोनों लाभार्थियों के घर पहुंचे। उन्होंने ट्राई साइकिल भेंट कर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि इस तरह की पहल से दिव्यांगजनों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने में मदद मिलती है। ट्राई साइकिल मिलने के बाद हंसराज पासवान और शम्भू लोधी ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार दूसरों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। इससे उनके आवागमन में आसानी होगी और वे पहले से अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे। परिवार के लोगों ने भी इस सहयोग को उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाला कदम बताया।

'जरूरतमंदों की मदद हमारी प्राथमिकता'; अंकित सिंह परिहार
समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के नेता अंकित सिंह परिहार ने कहा कि पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय सचिव अन्नू टंडन हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद को सबसे पहले रखती हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही किसी जरूरतमंद की जानकारी मिलती है, उसे हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सोच सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ी है। दिव्यांग, गरीब, बुजुर्ग और जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाना ही पार्टी की प्राथमिकता है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन