Mon 27 Jul 2026

ब्रेकिंग

एक ही बर्तन में बन रहा था वेज और नॉनवेज

फिर फंदे पर झूल गया युवक

न्याय व्यवस्था में योगदान को सराहा

जन चौपाल में उमड़ा जनसैलाब, सामाजिक समरसता महारैली को लेकर कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों पर कार्रवाई रोकने की मांग

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

जनता ढाबे की रसोई में बड़ा खुलासा : एक ही बर्तन में बन रहा था वेज और नॉनवेज

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Mon, Jul 27, 2026
Post views : 79

खाद्य सुरक्षा विभाग बोला, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

उन्नाव। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध व सुरक्षित भोजन मिले, इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को हाईवे किनारे स्थित ढाबों और रेस्टोरेंटों पर सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान लखनऊ-कानपुर हाईवे पर स्थित जनता ढाबा में ऐसी लापरवाहियां सामने आईं, जिन्हें विभाग ने खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना। निरीक्षण के बाद ढाबा संचालक को तत्काल नोटिस जारी करते हुए कमियां दूर होने तक खाद्य कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रियंका सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जब जनता ढाबे की रसोई का निरीक्षण किया तो पता चला कि शाकाहारी और मांसाहारी भोजन अलग-अलग बनाने की कोई व्यवस्था नहीं थी। दोनों तरह का खाना एक ही बर्तन में तैयार किया जा रहा था। निरीक्षण में रसोई की साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं मिली। अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों के साथ-साथ उपभोक्ताओं की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला माना। जांच के दौरान जनता ढाबा से पनीर, बेसन और चायपत्ती के तीन नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अगर नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फैमिली ढाबा एंड रेस्टोरेंट को भी नोटिस

अभियान के दौरान टीम ने सिंगरौसी मोड़, अलीखेड़ा स्थित मैसर्स फैमिली ढाबा एंड रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया। यहां पनीर का नमूना लिया गया। जांच में पाया गया कि सॉस में पनीर मिलाकर परोसा जा रहा था। साथ ही रेट लिस्ट और खाद्य पंजीकरण प्रमाणपत्र निर्धारित स्थान पर प्रदर्शित नहीं थे। इन कमियों पर भी विभाग ने संचालक को नोटिस जारी किया।

कांवड़ यात्रा तक जारी रहेगा अभियान

सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रियंका सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जाएगी। खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थ, खराब भोजन या गंदगी की शिकायत मिले तो इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, पंकज कुमार यादव, आकांक्षा जायसवाल, महेश कुमार और वीरन सिंह भी शामिल रहे।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन