चाइनीज मांझा फिर बना जानलेवा : हरदोई पुल पर युवक की कटी गर्दन, आईसीयू में भर्ती
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Jul 29, 2026
प्रतिबंध सिर्फ कागजों तक सीमित, छह दिन में दूसरा हादसा
उन्नाव। जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांोझा लोगों की जान पर भारी पड़ता जा रहा है। बीते शुक्रवार को पति-पत्नी को घायल करने वाली घटना के बाद बुधवार शाम एक बार फिर ऐसा ही हादसा सामने आया। इस बार शहर के बाबू गंज स्थित हरदोई पुल पर बाइक से गुजर रहे 39 वर्षीय युवक की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आ गई। गर्दन पर गहरा कट लगने से वह सड़क पर ही लहूलुहान हो गया। राहगीरों ने तत्काल उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर आईसीयू में भर्ती किया गया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणी देवी मोहल्ला निवासी सिराज अहमद पुत्र मोहम्मद रजा बुधवार शाम करीब छह बजे बाइक से हरदोई पुल की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुल पर हवा में लहरा रहा प्रतिबंधित चाइनीज मांझा अचानक उनकी गर्दन में उलझ गया। तेज रफ्तार बाइक के चलते मांझे ने गर्दन को गहराई तक काट दिया। देखते ही देखते सिराज अहमद खून से लथपथ हो गए और बाइक रोकनी पड़ी। मौके पर मौजूद राहगीर आकाश यादव ने तुरंत मदद करते हुए घायल को दरोगा बाग स्थित आशा अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गर्दन पर गंभीर चोट होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। वहीं सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामलें की जांच शुरु कर दी है।
छह दिन पहले पति-पत्नी भी हुए थे घायल
यह पहला मामला नहीं है। बीते शुक्रवार को फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के हयासपुर गांव निवासी विक्रम (23) अपनी पत्नी शिवानी (21) के साथ बाइक से उन्नाव आ रहे थे। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव के पास अचानक हवा में लहरा रहा पतंग का मांझा विक्रम के गले में फंस गया था। इससे उनकी गर्दन पर गहरा घाव हो गया था। पीछे बैठी शिवानी के पैर में भी मांझा उलझने से बाएं पैर की अंगुली कट गई थी। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए थे।
प्रतिबंध के बाद भी खुलेआम बिक रहा मांझा
लगातार सामने आ रहे हादसों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चाइनीज मांझे की बिक्री पर प्रतिबंध होने के बावजूद शहर के कई इलाकों में यह आसानी से मिल रहा है। समय-समय पर अभियान चलाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन बाजार में इसकी उपलब्धता कम नहीं हुई है। लोगों ने मांग की है कि सिर्फ बिक्री पर कार्रवाई ही नहीं, बल्कि ऐसे मांझे की सप्लाई करने वालों के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया जाए, ताकि किसी और परिवार को ऐसे हादसे का सामना न करना पड़े।
मौके पर पहुंची पुलिस, मामले की जांच जारी
प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना किया गया है। आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है और पूरे मामले की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन