पूरन नगर में बनेगा डॉ. आंबेडकर पुस्तकालय : सदर विधायक ने रखा शिलान्यास
Wed, Jul 15, 2026
विधायक निधि से होगा निर्माण, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों को मिलेगा पढ़ाई का बेहतर माहौल
उन्नाव। शहर के पूरन नगर इलाके में जल्द ही लोगों को आधुनिक पुस्तकालय और वाचनालय की सुविधा मिलेगी। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने सोमवार को विधायक निधि से बनने वाले डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय एवं वाचनालय परिसर का विधिवत शिलान्यास किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों, समिति के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही।शिलान्यास के दौरान डॉ. बी.आर. अंबेडकर मानव कल्याण समिति (पंजीकृत), पूरन नगर के पदाधिकारियों ने सदर विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया और पुस्तकालय निर्माण के लिए उनका आभार जताया। समिति के सदस्यों ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में एक ऐसे अध्ययन केंद्र की जरूरत महसूस की जा रही थी, जहां छात्र-छात्राएं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा शांत वातावरण में पढ़ाई कर सकें। अब यह जरूरत पूरी होने जा रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती का आधार शिक्षा होती है। पढ़ने की अच्छी सुविधाएं मिलने से युवाओं का भविष्य बेहतर बनता है और समाज भी आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय और वाचनालय बनने के बाद आसपास के विद्यार्थियों को घर से दूर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें अपने ही क्षेत्र में अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि पुस्तकालय बनने से न केवल विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, बल्कि सामाजिक और बौद्धिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। यहां आम नागरिक भी विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अध्ययन कर सकेंगे, जिससे क्षेत्र में शिक्षा और जागरूकता का माहौल मजबूत होगा।कार्यक्रम के अंत में डॉ. बी.आर. अंबेडकर मानव कल्याण समिति ने जनहित और शिक्षा के क्षेत्र में कराए जा रहे कार्यों के लिए सदर विधायक पंकज गुप्ता का पुनः सम्मान करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। स्थानीय लोगों ने भी पुस्तकालय निर्माण को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण और उपयोगी पहल बताया।
इलाज के लिए बढ़ाया मदद का हाथ : दो जरूरतमंद परिवारों को मिली राहत
Wed, Jul 15, 2026
अंकित सिंह परिहार बोले, क्षेत्र का हर परिवार मेरा अपना परिवार
उन्नाव। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अंकित सिंह परिहार ने दो जरूरतमंद परिवारों की मदद कर एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। आर्थिक अभाव के चलते इलाज कराने में असमर्थ परिवारों के लिए उन्होंने आवश्यक आर्थिक सहयोग का प्रबंध कराया, जिससे दोनों मरीजों का उपचार शुरू हो सका।जानकारी के मुताबिक, कोटवर गांव की रहने वाली सीमा देवी यादव गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। वहीं महेशखेड़ा गांव की चार वर्षीय मासूम सृष्टि रावत भी लंबे समय से बीमार थी। दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा था। परिजनों ने कई स्तर पर प्रयास किए, लेकिन संसाधनों की कमी उनके सामने बड़ी बाधा बनी हुई थी। मामले की जानकारी मिलने पर अंकित सिंह परिहार ने तुरंत पहल की। उन्होंने दोनों मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कराईं, ताकि इलाज में किसी तरह की रुकावट न आए। बाद में उन्होंने अपने कार्यालय में पीड़ित परिवारों को अस्पताल की रसीदें और उपचार से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे। इस दौरान अंकित सिंह परिहार ने कहा कि क्षेत्र का हर परिवार उनके लिए अपने परिवार की तरह है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के सामने संकट की स्थिति आने पर उसकी मदद करना उनका नैतिक दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए वह आगे भी हरसंभव प्रयास करते रहेंगे। इस पहल के बाद दोनों परिवारों ने राहत महसूस करते हुए उनका आभार जताया। परिजनों का कहना था कि समय पर मिली मदद से इलाज शुरू हो सका, जिससे उन्हें बड़ी चिंता से राहत मिली। वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों की मदद करना समाजसेवा की अच्छी मिसाल है। उनका मानना है कि ऐसे प्रयासों से लोगों का भरोसा मजबूत होता है और जरूरतमंद परिवारों को समय पर सहारा मिल पाता है।
लोकनगर की सड़क पर फिर अटका काम : विधायक के पत्र के बाद एनओसी पर छिड़ी नई बहस
Tue, Jul 14, 2026
प्रदर्शन के बाद डीएम को लिखा पत्र, पालिकाध्यक्ष बोली, 2 जुलाई को ही दे चुके हैं अनापत्ति प्रमाणपत्र
जिम्मेदारी को लेकर विभागों के अलग-अलग दावे
उन्नाव। लोकनगर से कब्बाखेड़ा को जोड़ने वाली करीब 200 मीटर लंबी जर्जर सड़क का निर्माण एक बार फिर विभागीय उलझन में फंसता नजर आ रहा है। शनिवार को स्थानीय लोगों के प्रदर्शन और सदर विधायक पंकज गुप्ता के मौके पर पहुंचकर जल्द काम शुरू कराने के आश्वासन के बाद अब मामला प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है। विधायक ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर नगर पालिका से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी कराने की मांग की है, ताकि सड़क का निर्माण किसी अन्य विभाग या उपलब्ध मद से कराया जा सके। हालांकि नगर पालिका ने दावा किया है कि वह एनओसी पहले ही जारी कर चुकी है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि जब एनओसी उपलब्ध है तो निर्माण कार्य अब तक शुरू क्यों नहीं हो सका। लोकनगर की यह सड़क पिछले लंबे समय से बदहाल पड़ी है। बरसात में सड़क पर जलभराव होने से गहरे गड्ढे नजर नहीं आते और आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई मोहल्लों को जोड़ता है और प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन इसी रास्ते से होता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क निर्माण में लगातार हो रही देरी से नाराज लोगों का धैर्य शनिवार को जवाब दे गया। वार्ड सभासद पंकज लोधी के नेतृत्व में 50 से अधिक लोगों ने सड़क पर भरे पानी के बीच बैठकर प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना पर सदर विधायक पंकज गुप्ता मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि सोमवार या मंगलवार से सड़क निर्माण शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। विधायक के आश्वासन के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद विधायक ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में बताया कि सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है और इसका निर्माण जनहित में जल्द कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि नगर पालिका की योजना से कार्य संभव नहीं हो पा रहा है तो एनओसी जारी कर अन्य योजना या उपलब्ध बजट से सड़क बनवाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। हालांकि नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने विधायक के पत्र के बाद अलग दावा किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की ओर से 2 जुलाई को ही अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी किया जा चुका है। सड़क का निर्माण किसी भी सक्षम विभाग या उपलब्ध मद से कराया जा सकता है। ऐसे में अब निर्माण कार्य शुरू कराने में एनओसी कोई बाधा नहीं है। इस पूरे मामले में पहले भी विभागों के बीच जिम्मेदारी को लेकर भ्रम की स्थिति सामने आ चुकी है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा 'भानू' ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सड़क को लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी बताया था और कहा था कि पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से क्षेत्र के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके जवाब में लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया कि रायबरेली-बिलग्राम मार्ग से जुड़े पुराने सफीपुर मार्ग का 1.80 किलोमीटर तक चौड़ीकरण फरवरी 2026 में कराया जा चुका है, लेकिन उसके आगे का हिस्सा विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। विभाग ने यह भी कहा कि जिस 200 मीटर सड़क की बात हो रही है, वह उसकी सीमा से बाहर है। अब जबकि विधायक की ओर से जिलाधिकारी को पत्र भेजा जा चुका है और नगर पालिका भी एनओसी जारी होने का दावा कर रही है, ऐसे में लोगों की नजर जिला प्रशासन के अगले फैसले पर टिकी है। सभासद ओंमेंद्र पंकज लोधी और क्षेत्रवासियों का कहना है कि विभागीय पत्राचार और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया अब काफी लंबी हो चुकी है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, इसलिए प्रशासन को तत्काल समन्वय बनाकर निर्माण कार्य शुरू कराना चाहिए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।