आस्था के पहरे टूटे : मां चंडिका देवी मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना
Sat, Jan 3, 2026
एक हफ्ते का चढ़ावा ले गए चोर, पुजारी सुबह पहुंचे तो टूटा मिला ताला
उन्नाव। बीघापुर कस्बे में स्थित बक्सर गांव के प्रसिद्ध मां चंडिका देवी मंदिर में शुक्रवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के तीन-तीन ताले तोड़कर गर्भगृह तक पहुंच बनाई और दानपात्र समेत पूजन सामग्री उठा ले गए। दानपात्र में करीब 40 हजार रुपये होने की बात कही जा रही है। घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है। शनिवार सुबह जब मंदिर के पुजारी रोजाना की पूजा के लिए पहुंचे तो उन्होंने मंदिर के ताले टूटे देखे। अंदर जाने पर दानपात्र गायब मिला और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद तुरंत पुलिस और मंदिर समिति को सूचना दी गई। चोरी की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। सबसे पहले गंगा की ओर से आने वाले रास्ते पर लगे चैनल का ताला तोड़ा गया। इसके बाद मंदिर की बाहरी दीवार पर लगे चैनल का ताला तोड़ा गया। अंत में गर्भगृह की ओर जाने वाले रास्ते का ताला तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए। चोरों ने गर्भगृह में रखे दानपात्र को उखाड़ लिया और उसे लेकर फरार हो गए। इसके साथ ही पूजा में इस्तेमाल होने वाला कुछ अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। मंदिर परिसर में मौजूद देवी प्रतिमा के चेहरे पर लगे मुखौटे को भी उखाड़ने की कोशिश की गई, हालांकि चोर उसे ले जाने में सफल नहीं हो सके। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर काफी देर तक मंदिर के अंदर रहे और बिना किसी डर के उन्होंने ताले तोड़कर चोरी की। सूचना मिलने पर बारासगवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीओ बिघापुर मधुपनाथ मिश्रा और थानाध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्र ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध चोर साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उनकी पहचान कर ली जाएगी और घटना का खुलासा किया जाएगा। मंदिर परिसर की देखरेख करने वाले मोहित दुबे ने बताया कि दानपात्र में पिछले एक सप्ताह में चढ़ावा चढ़ा था, जिसकी रकम लगभग 40 हजार रुपये के आसपास थी। उन्होंने मंदिरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है। घटना के बाद श्रद्धालुओं में रोष है। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे धार्मिक स्थल भी अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का भरोसा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचा जाएगा।
भाई-भाई का खून : घरेलू विवाद में छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या
Sat, Dec 27, 2025
पीडी नगर में पारिवारिक झगड़ा बना जानलेवा, आरोपी की तलाश में पुलिस
उन्नाव। भाई-भाई का रिश्ता भरोसे और साथ की पहचान माना जाता है, लेकिन उन्नाव के पीडी नगर में यही रिश्ता खून से लाल हो गया। एक ही घर में शुरू हुआ घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई और लोग स्तब्ध रह गए। कोतवाली सदर थाना क्षेत्र के पीडी नगर में शनिवार दोपहर करीब 3:15 बजे 24 वर्षीय सत्यम सोनी का अपने बड़े भाई 27 वर्षीय शिवम सोनी से किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों गणेश सोनी के पुत्र बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार पहले कहासुनी हुई, फिर गुस्सा हिंसा में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में आकर शिवम ने चाकू उठाया और सत्यम पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला घर के पास ही किया गया, जिससे सत्यम लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन आनन-फानन में सत्यम को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और मोहल्ले में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी दीपक यादव और कोतवाली सदर प्रभारी चंद्रकांत मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी दीपक यादव ने बताया कि कोतवाली सदर क्षेत्र में चाकू से हमला होने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। कोतवाली सदर प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों सगे भाइयों के बीच पहले कहासुनी हुई थी। इसी दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से वार कर दिया। घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विवाद की असल वजह क्या थी और क्या पहले भी दोनों भाइयों के बीच तनाव की स्थिति रही है। इस संबंध में परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। लोग यह सोचकर सन्न हैं कि जिस रिश्ते को सबसे मजबूत माना जाता है, वही रिश्ता इस कदर टूट जाएगा कि सगा भाई ही सगे भाई की हत्या कर देगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शेयर बाजार में निवेश का झांसा : मुनाफे का लालच देकर खाते से उड़ाए 81 हजार रुपये
Fri, Dec 26, 2025
शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज, साइबर हेल्प डेस्क जांच में जुटी
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तालिब सरांय में रहने वाली एक महिला के साथ ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 11 से 20 नवंबर के बीच उसके बैंक खाते से कुल 81 हजार 789 रुपये की रकम धोखाधड़ी से निकाल ली गई। पीड़ित महिला अशर काविश के अनुसार 11 नवंबर को उसके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम मुस्कान बताते हुए खुद को एक नामी ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया। बातचीत के दौरान महिला ने शेयर बाजार में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा दिया और भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में एक ट्रेडिंग एप के जरिए डिमैट अकाउंट खुलवाया। पीड़िता का कहना है कि शुरुआती कुछ दिनों में एप के माध्यम से ट्रेडिंग करवाई गई, जिसमें उसे मुनाफा भी दिखाया गया। प्रॉफिट के नाम पर करीब 40 प्रतिशत हिस्सा मिलने से उसे कॉल करने वाली महिला पर पूरा भरोसा हो गया। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए ठग ने एक और एप्लिकेशन डाउनलोड करने को कहा। जैसे ही महिला ने बताए गए एप्लिकेशन को अपने मोबाइल में डाउनलोड किया, उसी दौरान उसके बैंक खाते से 81 हजार 789 रुपये कट गए। खाते से पैसे निकलने का मैसेज आते ही महिला ने तुरंत फोन कर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल करने पर नंबर बंद जाने लगा। इसके बाद महिला को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। घटना के बाद पीड़िता ने सदर कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर हेल्प डेस्क की टीम को जांच में लगाया गया है। ठगों की पहचान और रकम की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं। शहर कोतवाल ने आम लोगों से अपील की है कि अनजान कॉल, लिंक या एप्लिकेशन के झांसे में न आएं। ऑनलाइन ट्रेडिंग या निवेश से जुड़े किसी भी ऑफर को स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी जानकारी और प्रमाणिकता जरूर जांच लें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।