: नर सेवा-नारायण सेवा समिति ने जरूरतमंदों संग मनाई दीपावली
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Oct 20, 2025
दिव्यांगों और गरीबों के चेहरों पर मुस्कान लाए विमल द्विवेदी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान✍️
उन्नाव। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश देता है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए नर सेवा-नारायण सेवा समिति के संस्थापक विमल द्विवेदी ने रविवार को शहर की विभिन्न सेवा बस्तियों में जाकर गरीबों और दिव्यांगों के बीच उपहार, मिठाइयां और आर्थिक सहायता वितरित की। संस्था की टीम ने बस्तियों में दीप जलाए, बच्चों को मिठाई खिलाई और जरूरतमंद परिवारों के घरों में त्योहार की रौनक पहुंचाई। विमल द्विवेदी ने कहा कि दीपावली सिर्फ घरों में दीये जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि यह समय है समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां साझा करने का। उन्होंने बताया कि संस्था कई वर्षों से “ये भी अपने हैं” अभियान के तहत गरीब, असहाय और दिव्यांग परिवारों तक त्योहार की खुशियां पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा, “हमारी सनातन परंपरा सिखाती है कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। त्योहारों की सच्ची भावना तभी पूरी होती है जब किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाए।” संस्था के सदस्यों ने बताया कि हर साल दीपावली, रक्षाबंधन, होली जैसे प्रमुख त्योहारों पर समिति की टीमें बस्तियों और गांवों में जाकर वस्त्र, मिठाई और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित करती हैं। इस बार भी शहर के कई इलाकों में जाकर सैकड़ों परिवारों तक खुशियां पहुंचाई गईं। कार्यक्रम में हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक अजय त्रिवेदी, अनीता विमल द्विवेदी, ज्योति राजपूत, विकास सिंह सेंगर, मनीष अवस्थी, अभिषेक तिवारी, धर्मेंद्र शुक्ला, शिव सेवक त्रिपाठी, अंकुर तिवारी और राकेश राजपूत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने विमल द्विवेदी की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसी सेवाभावना समाज में एक सकारात्मक संदेश देती है। संस्था ने संकल्प दोहराया कि आने वाले सभी हिंदू त्योहार भव्यता और सौहार्द के साथ मनाए जाएंगे, ताकि किसी भी गरीब परिवार का दीपावली का दीप बुझा न रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन