: उन्नाव में पड़ोसी ने ही छीनी सांसें – नौशाद के चाकू से खत्म हुई नूर आलम की जिंदगी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Aug 29, 2025
एएसपी के आश्वासन पर शांत हुए परिजन, आरोपी नौशाद गिरफ्तार
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के कासिम नगर मोहल्ले में गुरुवार रात हुए खून-खराबे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पड़ोसी ने एसी मैकेनिक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंचे आला अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घर लौटते समय रोककर किया हमला
जानकारी के अनुसार मृतक नूर आलम पुत्र इशरत अली जो मोहल्ला कासिम नगर का रहने वाला था वो एसी बनाने का काम करता था। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में पड़ोस में रहने वाला नौशाद, जो कपड़ों की सिलाई करता है, अचानक सामने आ गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और हाथापाई हुई। इसी दौरान नौशाद ने चाकू निकालकर नूर आलम की गर्दन और पेट पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल नूर आलम सड़क पर गिर पड़ा और तड़पने लगा।
अवैध संबंधों पर शक बनी वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि नौशाद को शक था कि नूर आलम का उसके परिवार की एक महिला से नजदीकी संबंध है। इसी खुन्नस में उसने हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि नौशाद लंबे समय से धमकी देता आ रहा था। अगर समय रहते उस पर कार्रवाई होती तो नूर आलम की जान बच सकती थी।
अस्पताल में हंगामा, एएसपी का आश्वासन
खून से लथपथ नूर को देखकर राहगीरों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा काट दिया। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह ने परिजनों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, तब जाकर माहौल शांत हुआ।
[video width="848" height="480" mp4="https://thelucknowtimes.in/wp-content/uploads/2025/08/VID-20250829-WA0210-1.mp4"][/video]आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद
सीओ दीपक यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सदर कोतवाली प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी नौशाद को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
परिवार में कोहराम, मोहल्ले में सनसनी
नूर आलम चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी घटना के बाद सनसनी और दहशत का माहौल है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन