: रिसॉर्ट की जमीन पर दो दावेदार, जांच कमेटी के सामने पेश हुए सबूत
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Oct 31, 2025
छह साल तक चला गेस्ट हाउस, अब कब्जे का आरोप और जवाबी दावा
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित करोड़ों की कीमत वाली जमीन और उस पर बने रिसॉर्ट को लेकर दो पक्षों में चल रहा विवाद अब प्रशासन तक पहुंच गया है। जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर गठित जांच कमेटी के सामने गुरुवार को दोनों पक्षों ने अपने-अपने कागजात पेश कर जमीन पर मालिकाना हक का दावा किया। आवास विकास कॉलोनी निवासी सुशील कुमार ने कहा कि उन्होंने कोर्ट से जमीन की डिक्री कराई थी। जिसके बाद उसी जमीन पर गेस्ट हाउस का निर्माण करवाया। सुशील के मुताबिक करीब छह–सात साल तक किसी ने आपत्ति नहीं की। गेस्ट हाउस चल भी रहा था, लेकिन अचानक कुछ लोगों के उकसाने पर स्कूल प्रबंधक सुरेंद्र बाजपेयी ने बाहरी लोगों की मदद से जबरन कब्जा कर लिया।दूसरी ओर सुरेंद्र बाजपेयी जो एक स्कूल के प्रबंधक हैं उन्होने जांच कमेटी को दस्तावेज दिखाते हुए दावा किया कि जिस जमीन पर रिसॉर्ट बना है वह स्कूल की संपत्ति है। उनके अनुसार सुशील कुमार अवैध तरीके से स्कूल की जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एसडीएम न्यायिक रामदेव निषाद और सीओ सिटी दीपक यादव के समक्ष अपने दस्तावेज और तर्क रखे। सुशील कुमार ने अपनी डिक्री की कॉपियां पेश कर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, जबकि बाजपेयी पक्ष ने कब्जा हटवाने की गुहार लगाई। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। डीएम गौरांग राठी ने बताया कि फिलहाल जांच जारी है। कमेटी से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जमीन लंबे समय से विवाद में है, लेकिन अब मामला प्रशासन के पास पहुंचने से उम्मीद है कि हकीकत सामने आएगी।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन