नेशनल हाईवे पर घने कोहरे में स्कूली बस : बड़े हादसे का शिकार,मच गई चीखपुकार
Wed, Feb 4, 2026
उत्तर प्रदेश बरेली
: दरअसल जनपद के थाना फतेहगंजपूर्वी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर घने कोहरे के बीच सुबह तड़के एक ट्रक और मिनी बस की भिडिन्त में परीक्षा देकर लौट रहे एक दर्जन छात्र-छात्राएं घायल हो गए घटना स्थल पर चीखपुकार मच गई।घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल छात्राओं को उपचार हेतु बरेली भिजवाया।
मंगलवार अँधेरे सुबह तड़के 3:00 बजे नेशनल हाईवे पर ग्राम टिसुआ में ओवर ब्रिज नजदीक एक ट्रेवलर (मिनी बस)नंबर UP92AT5217 व ट्रक संख्या UP93BT4636 की आमने सामने भिड़ंत हो गई।भिडिन्त ट्रक हाईवे से सर्विस रोड़ पर मोड़ते समयँ पीछे से आ रही उक्त ट्रेवलर(मिनी बस)घने कोहरे के कारण ट्रक में टकरा गयी घटना के बाद ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया।
घटना में ट्रेवलर बस सवार मुस्कान मेडीकल कॉलेज उरई जनपद जालौन चालक समेत करीब दो दर्जन छात्र छात्राओं में से अल्मोड़ा में बीएससी नर्सिंग का पेपर देकर उरई लौट रहे ट्रेवलर के छात्र राहुल पुत्र भगवानदास निवासी थाना भादौगड़ जिला उरई 25 वर्ष छात्रा प्रिया पुत्री पप्पू निवासी भावोरा थाना उरई 23 वर्ष, कीर्ति पुत्री सर्वेश निवासी रगोली जालौन 22 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हे पुलिस ने एम्बुलेंस द्वारा जिला अस्पताल बरेली भेज दिया और अन्य चोटिल छात्र छात्राओं को नगर के प्राथमिक अस्पताल में उपचार वास्ते भेज दिया गया।
ट्रेवलर चालक अरुण पुत्र श्यामाचरण निवासी मुस्कान मेडीकल कॉलेज उरई को भी हल्की चोटें आई जिसे उपचार हेतु भेज दिया।घटना के बाद हाईवे पर जाम की स्थित उत्पन्न हो गई जहाँ पुलिस ने आनन- फानन में पहुँच जाम खुलवाया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को हाईवे से हटवा कर सड़क से दूर करवा दिया।
अवैध यूनीपोल फिर बने जानलेवा : आंधी ने खोली प्रशासनिक लापरवाही की पोल
Wed, Feb 4, 2026
अकरमपुर में सड़क के डिवाइडर पर लगा पोल गिरा, ट्रैफिक प्रभावित-जिम्मेदारी तय करने में उलझे विभाग
उन्नाव। शहर में अवैध यूनीपोल अब महज अव्यवस्था का मुद्दा नहीं रहे, बल्कि यह सीधे लोगों की जान से जुड़ा गंभीर खतरा बन चुके हैं। मंगलवार को आई तेज आंधी ने एक बार फिर इस सच्चाई को उजागर कर दिया। शुक्लागंज-राजधानी मार्ग पर अकरमपुर रोड स्थित शराब मील के पास सड़क के डिवाइडर पर लगे यूनीपोल का लोहे का स्ट्रेचर अचानक गिर गया। कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। गनीमत रही कि उस वक्त कोई राहगीर या वाहन उसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। यह मार्ग कानपुर और शुक्लागंज को जोड़ने वाला प्रमुख और अत्यंत व्यस्त रास्ता है। दिनभर यहां वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सवाल उठता है कि बिना अनुमति और बिना सुरक्षा मानकों के सड़क के डिवाइडर पर यूनीपोल आखिर किसके आदेश से खड़े किए गए। शहर में अवैध होर्डिंग और यूनीपोल की भरमार किसी से छिपी नहीं है। नगर पालिका क्षेत्र में लगभग हर प्रमुख सड़क, चौराहा और डिवाइडर पर बैनर और होर्डिंग का मकड़जाल फैला है। खंभों पर नेताओं और प्रचार सामग्री से भरे दर्जनों होर्डिंग दूर से ही नजर आ जाते हैं। हैरानी की बात यह है कि उन्नाव में अब तक होर्डिंग के लिए कोई स्पष्ट जोन तय नहीं किया गया है। इसी का फायदा उठाकर विज्ञापन एजेंसियां मनमाने ढंग से जहां जगह मिली, वहीं पोल खड़े कर रही हैं। मंगलवार को अकरमपुर में गिरे यूनीपोल का मामला भी इसी मनमानी व्यवस्था की देन माना जा रहा है। जिस डिवाइडर पर यह पोल लगाया गया था, वह पीडब्ल्यूडी के अधीन आता है। सवाल यह है कि पीडब्ल्यूडी ने अपने नए बने डिवाइडर पर बिना अनुमति ऐसे ढांचे खड़े होने कैसे दिए। दूसरी ओर नगर पालिका की स्थिति भी साफ नहीं है। पालिका अधिकारियों के मुताबिक इन यूनीपोल का न तो कोई टेंडर हुआ है और न ही किराया तय है। अगर टेंडर नहीं हुआ, तो फिर ये पोल किस आधार पर खड़े हैं और इनसे होने वाली कमाई आखिर किसकी जेब में जा रही है।
जिला अस्पताल रोड, अकरमपुर और शहर के अन्य चौराहों पर इसी तरह कई यूनीपोल लगे हुए हैं। जब इनकी वैधता पर सवाल उठते हैं तो जिम्मेदार विभाग एक-दूसरे की ओर जिम्मेदारी टाल देते हैं। कोई नगर पालिका का नाम लेता है तो कोई पीडब्ल्यूडी का हवाला देकर खुद को अलग कर लेता है। इस आपसी तालमेल की कमी का खामियाजा आम जनता को अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ रहा है। मंगलवार को गिरा यूनीपोल भले ही किसी की जान नहीं ले सका, लेकिन यह एक कड़ी चेतावनी जरूर दे गया। अगर यही लोहे का स्ट्रेचर किसी वाहन या राहगीर पर गिर जाता, तो जिम्मेदारी किसकी होती, यह सवाल फिर अधर में ही रह जाता। मामले में एडीएम न्यायिक अमिताभ के मुताबिक प्रकरण से जुड़ी पुरानी पत्रावली निकलवाई जा रही है और जांच के बाद कार्रवाई तय की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि नए डिवाइडर पर लगे अवैध पोल हटाए जाएंगे। हालांकि लोगों का सवाल यही है कि क्या कार्रवाई सिर्फ जांच और बयान तक सीमित रहेगी या वास्तव में अवैध यूनीपोल हटाकर शहर को सुरक्षित बनाया जाएगा। मंगलवार की घटना यह साफ कर चुके हैं कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी और प्रशासनिक निगरानी की गंभीर विफलता है। अगर समय रहते जिम्मेदारी तय नहीं हुई और अवैध ढांचों पर सख्त कदम नहीं उठे, तो अगली बार चेतावनी नहीं, बल्कि एक और बड़ा हादसा शहर का इंतजार कर रहा होगा।
राहत : सदर कोतवाली टीम ने पीड़ितो की फ्रॉड में गई रकम लौटाई
Wed, Feb 4, 2026
उन्नाव। साइबर ठगी के मामलों में कोतवाली सदर पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन पीड़ितों को बड़ी राहत दी है। फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर और लिंक के जरिये की गई ठगी में कुल 45,300 रुपये की धनराशि पीड़ितों को रिफंड कराई गई। पहले मामले में गिरिजाबाग निवासी अमित से फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर 8,000 रुपये नकद ले लिए गए थे। दूसरे मामले में पीतांबर नगर निवासी पियूष कुमार से साइबर कैफे पर भरोसे में लेकर 30,300 रुपये की ठगी की गई। वहीं तीसरे मामले में केशव सिंह के खाते से संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के बाद 7,000 रुपये कट गए थे। तीनों पीड़ितों की शिकायत ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर दर्ज होने के बाद कोतवाली सदर की साइबर टीम ने जांच कर संबंधित बैंकों और प्लेटफॉर्म से समन्वय बनाते हुए पूरी रकम वापस कराई। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रकांत मिश्र, अपराध निरीक्षक राजेश यादव और महिला आरक्षी सोनिया शर्मा शामिल रहीं। इंस्पेक्टर चन्द्रकांत मिश्र ने लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक और फर्जी स्क्रीनशॉट से सावधान रहें और ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।