डीएम-एसपी ने सुनीं शिकायतें : थाना समाधान दिवस में मौके पर निस्तारण पर जोर
Sat, May 9, 2026
10 मामलों में दो राजस्व से जुड़े, मजदूर का खोया पर्स बरामद कर पुलिस ने लौटाया
उन्नाव। लोगों की छोटी-बड़ी शिकायतों को थाने स्तर पर ही तेजी से सुलझाने के मकसद से शनिवार को थाना कोतवाली परिसर में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तय समय में कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त मौजूदगी देखने को मिली। फरियादी जमीन विवाद, चोरी और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने कहा कि जिन मामलों का तुरंत निस्तारण संभव है, उनमें दोनों पक्षों को बुलाकर थाने पर ही समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। वहीं जिन शिकायतों में जांच की जरूरत है, उनमें राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम निष्पक्ष तरीके से जांच कर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आम लोगों में सुरक्षा और भरोसे का माहौल मजबूत करना है। समाधान दिवस का उद्देश्य सिर्फ शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उसका निस्तारण सुनिश्चित करना है। अधिकारियों के मुताबिक समाधान दिवस में करीब 10 शिकायतें सामने आईं। इनमें दो मामले राजस्व विभाग से जुड़े थे, जबकि बाकी शिकायतें चोरी और अन्य घटनाओं से संबंधित रहीं। सभी मामलों को दर्ज कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। इसी दौरान पुलिस की सक्रियता का एक मामला भी सामने आया। टेनरी में काम करने वाले मजदूर उमेश प्रताप का करीब 11 हजार रुपये नकद से भरा पर्स कहीं गिर गया था। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और कुछ ही देर में पर्स बरामद कर मजदूर को वापस सौंप दिया। पर्स मिलने के बाद मजदूर ने पुलिस का आभार जताया।
स्व-गणना अभियान को गति : 21 मई तक खुद दर्ज करा सकेंगे परिवार का ब्यौरा
Sat, May 9, 2026
डीएम बोले, गांव से शहर तक चल रहा जागरूकता अभियान, 7500 कर्मचारी लगाए गए
उन्नाव। डीएम घनश्याम मीणा ने शनिवार को जनगणना से जुड़े स्व-गणना अभियान को लेकर प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि जिले में 7 मई से शुरू हुआ यह अभियान 21 मई तक चलेगा। प्रशासन का फोकस इस बार ज्यादा से ज्यादा लोगों को खुद अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना है, ताकि जनगणना की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी बन सके। डीएम ने कहा कि जिले में इस अभियान को बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है। इसके लिए करीब 7500 प्रगणक और सुपरवाइजर तैयार किए गए हैं, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन की कोशिश है कि शहर से लेकर गांव तक हर परिवार तक इसकी जानकारी पहुंचे और लोग स्वेच्छा से इसमें हिस्सा लें। उन्होंने बताया कि अभियान को सिर्फ सरकारी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के तहत अलग-अलग वर्गों के लोगों के साथ थीम आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें जनप्रतिनिधि, किसान, शिक्षक, डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, सामाजिक संगठनों के लोग और मीडिया प्रतिनिधि शामिल हैं। डीएम के मुताबिक शुक्रवार को मीडिया कर्मियों के लिए भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि अभियान की जानकारी आम लोगों तक तेजी से पहुंच सके। उनका कहना था कि जनगणना सिर्फ आंकड़ों का काम नहीं है, बल्कि यह भविष्य की योजनाओं और विकास की बुनियाद तय करती है। इसलिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। ग्रामीण इलाकों में अभियान को मजबूत करने के लिए पंचायत सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया है। पंचायत भवनों में लोगों को बुलाकर उन्हें स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया समझाई जा रही है। कई गांवों में लोग मौके पर ही पंजीकरण भी कर रहे हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों के सभापति, पार्षद, टैक्स कलेक्टर और कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी गई है। प्रचार-प्रसार के लिए प्रशासन ने अलग रणनीति अपनाई है। नगर निकायों के वाहनों से ऑडियो संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रमुख बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग, बैनर और प्रचार सामग्री लगाई गई है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग अभियान के बारे में जान सकें। प्रेस वार्ता के दौरान डीएम ने कहा कि प्रशासन इस अभियान को एक जनअभियान के रूप में चला रहा है। इसका उद्देश्य हर व्यक्ति तक पहुंच बनाना और सभी नागरिकों को सरकारी व्यवस्था से जोड़ना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने परिवार का सही विवरण दर्ज कराएं, ताकि भविष्य की योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।
आयोजन : 31 मई को होगा आर एस प्रोडक्शन का मेगा वन डे मेकअप शो
Fri, May 8, 2026
उन्नाव। दही चौकी क्षेत्र स्थित गीता गार्डन में आगामी 31 मई को जिले का सबसे बड़ा “आर एस प्रोडक्शन वन डे मेकअप शो” आयोजित होने जा रहा है। इस भव्य आयोजन को लेकर फैशन, मॉडलिंग और मेकअप इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम की खास बात यह रहेगी कि शो की शोभा बढ़ाने के लिए सेलिब्रिटी मॉडल खुशी शेख़ विशेष रूप से मौजूद रहेंगी। आयोजन का संचालन मोहम्मद तौफीक द्वारा किया जा रहा है। शो में कई नामचीन मेकअप आर्टिस्ट और फैशन इंडस्ट्री से जुड़े चेहरे सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में शामिल होंगे। इनमें मॉडल सौम्या मेकअप आर्टिस्ट, राज मानिक मेकअप आर्टिस्ट, रिकी कुमार मेकअप आर्टिस्ट, रोज़ी मेकअप आर्टिस्ट, आशी मेकअप आर्टिस्ट, नीरज शर्मा मेकअप आर्टिस्ट और ममता मिश्रा मेकअप आर्टिस्ट शामिल रहेंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में मेकअप प्रतियोगिता, डांस परफॉर्मेंस, सिंगिंग शो और अन्य कई आकर्षक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिससे प्रतिभागियों को अपनी कला दिखाने का मंच मिलेगा। कार्यक्रम में फैशन और एंटरटेनमेंट का शानदार संगम देखने को मिलेगा। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन उन्नाव में उभरते कलाकारों, मॉडल्स और मेकअप आर्टिस्ट को नई पहचान दिलाने का काम करेगा। साथ ही लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम का हिस्सा बनने की अपील की गई है।