घरेलू हिंसा का वीडियो वायरल : बच्चों के सामने पत्नी को पीटता रहा पति
Mon, Jun 22, 2026
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा का एक मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल सीसीटीवी फुटेज में एक युवक अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान मासूम बच्चे अपनी मां को बचाने के लिए पिता से भिड़ते नजर आए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो माखी थाना क्षेत्र के निवासी अनिल कश्यप पुत्र राकेश का है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महिला जमीन पर गिरी हुई है और आरोपी उसके साथ मारपीट कर रहा है। वहीं, उनके बच्चे बीच-बचाव करते हुए अपनी मां को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। एक छोटा बच्चा रोते और चिल्लाते हुए भी दिखाई दे रहा है, जिसने घटना को और मार्मिक बना दिया। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर सौंपते हुए आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। माखी थाना प्रभारी योगेश सिंह ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सड़क हादसा : ऑटो पलटने से मजदूर की गई जान
Mon, Jun 22, 2026
काम से लौटते वक्त हुआ हादसा, दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
उन्नाव। हसनगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम तेज रफ्तार ऑटो के पलटने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मुस्तफाबाद खड़हरा गांव के बाहर हुआ। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने परिवार का इकलौता सहारा बताया जा रहा है। मुस्तफाबाद खड़हरा गांव निवासी 30 वर्षीय सुरेश पुत्र स्वर्गीय राम भरोसे मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रोज की तरह सोमवार को भी वह काम खत्म कर ऑटो से घर लौट रहा था। गांव के बाहर पहुंचते ही तेज रफ्तार ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हसनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक सुरेश के परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक शरद कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही ऑटो चालक और वाहन की स्थिति के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ई-स्टाम्पिंग में बदलाव के विरोध में उतरे वकील : पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग
Mon, Jun 22, 2026
बार एसोसिएशन ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन, नई प्रणाली से जनता और अधिवक्ताओं को हो रही परेशानी
उन्नाव। ई-स्टाम्पिंग व्यवस्था में किए गए बदलावों के विरोध में सोमवार को बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। बार एसोसिएशन की ई-लाइब्रेरी में आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने नई व्यवस्था को जनविरोधी बताते हुए पुरानी रजिस्ट्री और स्टाम्प प्रणाली बहाल करने की मांग उठाई। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष गिरीश कुमार मिश्र ने की, जबकि संचालन महामंत्री अनुज कुमार बाजपेयी ने किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ई-स्टाम्प खरीद प्रक्रिया में किए गए बदलावों से न केवल अधिवक्ताओं बल्कि आम लोगों को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं का कहना था कि नई प्रक्रिया जटिल और समय लेने वाली साबित हो रही है, जिससे रजिस्ट्री कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार से तत्काल इस बदलाव को वापस लेने और पूर्व से लागू व्यवस्था को बहाल करने की मांग की जाए। बैठक के बाद बार एसोसिएशन अध्यक्ष और महामंत्री के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकाला और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट तौर पर कहा गया कि जनहित को देखते हुए रजिस्ट्री और स्टाम्प की पुरानी व्यवस्था को यथावत रखा जाए। डीएम ने अधिवक्ताओं का ज्ञापन प्राप्त कर उसे शासन तक भेजने का आश्वासन दिया। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा और अन्य समस्याओं के समाधान में सहयोग का भरोसा भी दिलाया। वरिष्ठ अधिवक्ता विजय कुमार शुक्ल, प्रकाश कुमार निगम, राम नारायण द्विवेदी, पूर्व महामंत्री बृजेंद्र कुमार शुक्ल निराला, रामकिशोर पाल, विष्णुराम पाण्डेय और अंकित तिवारी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता बैठक में मौजूद रहे।