अजीत पाल सिंह की याद में आयोजन : व्यापारियों के हित और शहर की समस्या पर मंथन
Mon, Jan 12, 2026
महिला संगठन के विस्तार और ब्लॉक स्तर पर इकाइयों के गठन का ऐलान
उन्नाव। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की जिला कार्यकारिणी की बैठक और वरिष्ठ व्यापारी रहे स्वर्गीय सरदार अजीत पाल सिंह की श्रद्धांजलि सभा रविवार को लखनऊ बाईपास स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन प्रदेश संगठन मंत्री राम तनेजा के आह्वान पर हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अखिलेश अवस्थी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद स्वर्गीय सरदार अजीत पाल सिंह की प्रतिमा पर संगठन के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभा में उनके योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अजीत पाल सिंह ने हमेशा व्यापारियों और समाज के हित में काम किया और उनकी कमी लंबे समय तक खलेगी। मुख्य अतिथि प्रदेश संगठन मंत्री राम तनेजा का जिलाध्यक्ष अखिलेश अवस्थी और जिला वरिष्ठ महामंत्री कमल गुप्ता ने माल्यार्पण व अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान जनपद के वरिष्ठ व्यापारी संजय राठी, भानू प्रताप सिंह, अजय शुक्ला, विजय त्रिपाठी और गुल्लू आहूजा को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अखिलेश अवस्थी ने कहा कि व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने शहर में बढ़ते जाम और सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए कहा कि व्यापार मंडल जल्द ही जन जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके तहत व्यापारियों से अपील की जाएगी कि वे सड़क पर अतिक्रमण न करें और अपनी दुकानों की सीमा में रहकर व्यापार करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और आम लोगों को राहत मिले। जिला वरिष्ठ महामंत्री कमल गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों की मजबूती एकजुटता में है। संगठन को और मजबूत करने के लिए जल्द ही जिले के सभी ब्लॉकों में इकाइयों का गठन किया जाएगा।
महिला जिलाध्यक्ष निम्मी अरोड़ा ने कहा कि व्यापार में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। महिला व्यापारियों को संगठित कर संगठन से जोड़ा जाएगा और सरकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें रोजगार के अवसर दिलाने का प्रयास किया जाएगा। महिला संगठन के विस्तार की घोषणा करते हुए उमा शुक्ला को जिला उपाध्यक्ष, वंदना मिश्रा को जिला महामंत्री, गीता शुक्ला को जिला सचिव और मीनू त्रिवेदी को नगर अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अलावा पवित्रा उपाध्याय को नगर महामंत्री और काजल तिवारी को नगर उपाध्यक्ष बनाया गया।
प्रदेश संगठन मंत्री राम तनेजा ने कहा कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल देशभर में व्यापारियों का एक मजबूत राष्ट्रीय संगठन है, जो व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर व्यापारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ शासन तक शिकायत कर कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने स्वर्गीय अजीत पाल सिंह को याद करते हुए कहा कि समाज और व्यापारियों के लिए उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम के अंत में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष विग्नेश पांडेय ने सभी अतिथियों और उपस्थित पदाधिकारियों का आभार जताया। बैठक में जिला और नगर स्तर के बड़ी संख्या में पदाधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।
एक दिन, कई कार्यक्रम : सीएम केशव प्रसाद मौर्य का उन्नाव दौरा
Mon, Jan 12, 2026
बांगरमऊ से अरोड़ा रिसोर्ट तक कार्यक्रम, समीक्षा बैठक के बाद विपक्ष पर बोला हमला
उन्नाव। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहे। दौरे की शुरुआत उन्होंने बांगरमऊ क्षेत्र से की, जहां गांव सुल्तानपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद वह कब्बाखेड़ा स्थित अरोड़ा रिसोर्ट पहुंचे और अंत में निरीक्षण भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मीडिया से बातचीत की।
डिप्टी सीएम सबसे पहले बांगरमऊ के गांव सुल्तानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार के पिता, संघ प्रचारक व लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय परशुराम कटियार के जन्म शताब्दी समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के समय मनरेगा के नाम पर गांवों का वास्तविक विकास नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में यह योजना भ्रष्टाचार का माध्यम बन गई थी। डिप्टी सीएम ने कहा कि मौजूदा सरकार ने व्यवस्था में सुधार कर भ्रष्टाचार के रास्ते बंद किए हैं और गांवों को शहरों जैसी सुविधाएं देने की दिशा में काम किया जा रहा है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को लेकर देश में नई सोच और नए कानून लागू किए गए हैं। इससे गांवों का समग्र विकास संभव हो सकेगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के योगदान का उल्लेख करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि संघ का जन्म शताब्दी वर्ष पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं संघ की शाखा से जुड़े रहे हैं और संघ ने उनमें राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत किया।
इसके बाद डिप्टी सीएम कब्बाखेड़ा स्थित अरोड़ा रिसोर्ट पहुंचे, जहां सांसद डॉ. स्वामी साक्षी महाराज के शुभ जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित ‘जन-सेवा समर्पण समारोह’ में शामिल हुए। डिप्टी सीएम ने समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. स्वामी साक्षी महाराज को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गईं, गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार दिया गया और नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
इस अवसर पर अध्यात्म योग मिशन हरिद्वार के संस्थापक श्रद्धेय स्वामी मधुसूदन जी महाराज, सांसद अनुराग शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सदर विधायक पंकज गुप्ता, कैलाश सिंह राजपूत, हरिओम वर्मा, चन्द्रपाल सिंह लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद डिप्टी सीएम निरीक्षण भवन पहुंचे, जहां उन्होंने जनपद स्तरीय विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना में पात्र नागरिकों को शामिल करने और दिव्यांग व विधवा लाभार्थियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पंचायत से जुड़े कार्यों का कोई भी बजट लंबित न रखने और समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। डिप्टी सीएम ने खाद्य प्रसंस्करण की बड़ी यूनिट स्थापित करने और उसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जोड़ने पर जोर दिया, ताकि महिलाएं अपने उत्पाद बेचकर स्वावलंबी बन सकें। उन्होंने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए सरकार की ओर से भारी सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही हर घर जल योजना की प्रगति में सुधार, चकरोड पैमाइश से जुड़े मामलों का अभियान चलाकर निस्तारण और ग्राम चौपाल का आयोजन व्यवस्थित ढंग से कराने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में हार के बाद विपक्ष बौखलाया हुआ है और इसी कारण सपा नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी कभी नहीं चाहती कि प्रदेश में ओबीसी समाज का कोई मजबूत नेतृत्व उभरे।
उन्होंने कहा कि भाजपा अगड़ा, पिछड़ा और दलित समाज को साथ लेकर चल रही है और सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पीडीए के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि 2012 से 2017 तक सपा सरकार के दौरान यह फार्मूला कहीं नजर नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में सपा ने दुष्प्रचार के जरिए कुछ सीटें जीतीं और जनता को भ्रमित किया। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि भाजपा और उसकी सरकार बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान के प्रति पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि भाजपा आरक्षण की समर्थक है और ओबीसी, एससी व एसटी वर्ग के आरक्षण से किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पुण्यतिथि पर जीवनदान : लाइफ सेवर्स संस्था ने रक्तदान के जरिए दी श्रद्धांजलि
Mon, Jan 12, 2026
निम्मी अरोड़ा ने कहा, रक्तदान से बचती हैं जिंदगियां, आगे भी होंगे ऐसे आयोजन
उन्नाव। लाइफ सेवर्स संस्था की ओर से जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में स्वर्गीय सरदार अजीत पाल सिंह की पुण्यतिथि पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय मिश्रा और समाजसेविका निम्मी अरोड़ा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय अजीत पाल सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
रक्तदान शिविर में वेद प्रकाश साहू ने सबसे पहले रक्तदान कर पहल की। उनके बाद प्रखर निगम, संजीव सिंह, सुशील कुमार शुक्ला, मंजीत सिंह, अनुराग सिंह राठौर, जसपाल सिंह, अजय कुमार, वरुण सूरी और जसमीत सिंह ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. संजय मिश्रा ने कहा कि रक्तदान एक सुरक्षित और आवश्यक प्रक्रिया है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर जीवन रक्षक सहायता मिलती है। उन्होंने युवाओं से आगे आने की अपील करते हुए कहा कि नियमित रक्तदान से न केवल दूसरों की जान बचती है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। ऐसे आयोजनों से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और जिला अस्पताल के ब्लड बैंक को भी मजबूती मिलती है।
निम्मी अरोड़ा ने बताया कि लाइफ सेवर्स संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। इसी प्रेरणा के साथ स्वर्गीय सरदार अजीत पाल सिंह की पुण्यतिथि पर यह शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के सेवा कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जीवनदान मिल सके।
डॉ. मनीष सेंगर ने कहा कि अजीत पाल सिंह का जीवन समाज सेवा को समर्पित रहा और उनके नाम पर आयोजित यह शिविर उसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
इस मौके पर सोनी अवस्थी शुक्ला, बृजेश चंद्र शुक्ला, जनरैल सिंह, प्रभात सिंहा, आशीष शुक्ला, चेतन मिश्रा, डॉ. राजेश सिंह, निमेष पटेल, सोनी देवी, अजय कुमार, सुनील कुमार, पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।