मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना : एक दिन, एक मंच, 633 रिश्ते जुड़े, गूंजी शहनाई और मिली शुभकामनाएं
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Dec 1, 2025
सांसद, विधायक, अफसर बने बराती, नवदंपत्तियों को दिया सुखी जीवन का आशीर्वाद
उन्नाव। जिले में रविवार का दिन खुशियों से भरा रहा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हजारों लोगों की मौजूदगी में 633 नव दम्पत्तियों ने जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया। पंडालों में सजी रंगीन रोशनी, मंगलगीत, शहनाई की धुन और वर-वधुओं के मुस्कुराते चेहरे माहौल को उमंग भरा बना रहे थे। समाज के हर वर्ग से आए लोग जनाती और बराती बने। मंच पर बैठे जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने स्वयं आशीर्वाद देकर सभी जोड़ों को नई जिंदगी की शुभकामनाएं दीं।
सरकारी सहयोग और व्यवस्थाएं
सरकार की इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपए की सहायता मिली। लड़की के बैंक खाते में 60 हजार रुपए जमा किए गए। 25 हजार रुपए गृहस्थी की शुरुआत के लिए बर्तन, पलंग, अलमारी, कटोरी सेट, सिलाई मशीन और अन्य घरेलू सामान के रूप में दिए गए। बाकी 15 हजार रुपए भोजन, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं में खर्च हुए। जिले के सभी आयोजनों में व्यवस्थाएं कड़ी निगरानी में रहीं और नव दंपत्तियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया।
अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित समारोह
सदर विधानसभा
शहर के पंडाल में 54 जोड़ों ने सात फेरे और कबूलनामे के साथ जीवन की नई शुरुआत की। कार्यक्रम में सांसद डॉ. साक्षी महाराज, विधायक पंकज गुप्ता और जिला समाज कल्याण अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने हर जोड़े को गले लगाकर वरमाला के बाद मंच पर आशीर्वाद दिया।
भगवंतनगर
यहां 92 जोड़ें राजकीय व्यवस्था में परिणय सूत्र में बंधे। सुबह से ही मंडप में घराती और बराती का चहल-पहल रहा। रिश्तेदारों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने मिलकर पूरे आयोजन को यादगार बनाया।
पुरवा
पुरवा में 90 जोड़ों की शादी संपन्न कराई गई। मंत्रोच्चार और कव्वाली की धुनों के बीच हर दूल्हा-दुल्हन के चेहरे पर नई जिंदगी का उत्साह झलक रहा था।
मोहान
सबसे बड़ा आयोजन मोहान के राम सिंह लालता सिंह छोटाखेड़ा इंटर कॉलेज में हुआ। यहां औरास 49, नवाबगंज 24, हसनगंज 69, न्योतनी नगर पंचायत 1 और मोहान क्षेत्र के 12 जोड़ों सहित कुल 155 विवाह कराए गए। भाजपा नेता अरुण दीक्षित ने मंच से विवाह प्रमाण पत्र और उपहार सामग्री भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
सफीपुर
ब्लॉक कार्यालय परिसर में सजे पंडाल से 83 जोड़ें विवाह बंधन में बंधे। इनमें मियांगज 26, सफीपुर 44, हैदराबाद नगर पंचायत 5, ऊगू नगर पंचायत 4 और रसूलाबाद नगर पंचायत के 1 जोड़े शामिल रहे। मुस्लिम समुदाय के 3 जोड़ों का भी निकाह कराया गया। मंच पर उपस्थित ब्लॉक प्रमुख पति रमेश रावत, बीडीओ श्वेता त्रिपाठी और अनुज दीक्षित ने उपहार और आशिर्वाद दिया।
बांगरमऊ
तीन ब्लॉक क्षेत्रों के 159 जोड़ों ने यहां शादी रचाई। बांगरमऊ के 53, गंजमुरादाबाद के 59 और फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के 44 वर वधू साथ जुड़े। 3 जोड़े नगर पालिका क्षेत्र से रहे। डीपीआरओ आलोक सिन्हा, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह की मौजूदगी में विधायक श्रीकांत कटियार ने मंच पर पहुंचते ही व्यवस्था की सराहना की और दंपत्तियों को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
हिलौली व बीघापुर
हिलौली ब्लॉक में 90 जोड़ें विवाह सूत्र में बंधे जिनमें 1 मुस्लिम व 89 हिंदू जोड़े शामिल रहे। विधायक अनिल सिंह तथा ब्लॉक प्रमुख दिलीप कुमार दीक्षित ने मंगल गीतों के बीच वर वधू को उपहार स्वरूप घरेलू सामग्री भेंट की। इसी तरह बीघापुर में विधायक आशुतोष शुक्ला ने समारोह में शामिल होकर सभी परिवारों से संवाद किया और दंपत्तियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिले में खुशियां, गीत, रोशनी और नई जिंदगी की शुरुआत
पूरे उन्नाव में दिन भर वधू पक्ष के गीत, हंसी की खनक और ढोल की थाप सुनाई देती रही। किसी के हाथ मेहंदी चमक रही थी, कहीं दूल्हे सेहरा संभाले खड़ा था, तो कोई जीवन साथी के हाथ पकड़े भविष्य के सपनों में खोया दिखा। सामूहिक विवाह कार्यक्रम ने न सिर्फ कई परिवारों का आर्थिक बोझ हल्का किया बल्कि सामाजिक एकता की सुंदर तस्वीर भी पेश की। छोटे बड़े हर मंडप में एक ही दृश्य था। लोग खुशी से झूमते, मिठाई बांटते, और दूल्हा दुल्हन की नई शुरुआत के साक्षी बनते दिखे। जिले ने साबित कर दिया कि मिलकर मनाया गया उत्सव कितना खूबसूरत हो सकता है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन