Sun 26 Apr 2026

ब्रेकिंग

लोगों को घर के पास मिली राहत

बड़ा चौराहा बना तालाब, सीवर कार्य ने बढ़ाई मुश्किलें, जलभराव

सस्ती दवाओं की जगह ब्रांडेड दवाएं, जांच में पकड़ी गईं

मंत्री धर्मपाल सिंह बोले—समय और गुणवत्ता से समझौता नहीं

गैंगस्टर महेश निषाद की 32 लाख की संपत्ति कुर्क

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

शहर को मिलेगा सुकून का ठिकाना : उपवन योजना से बनेगा पार्क

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Wed, Dec 24, 2025
Post views : 229

जमीन चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू, नगर पालिका को मिले निर्देश

उन्नाव। शहर के लिए एक अच्छी खबर है। अब कंक्रीट और भीड़ के बीच शहरवासियों को सुकून देने वाला एक बड़ा हरित पार्क मिलने की तैयारी शुरू हो गई है। शहरी इलाके में हरियाली बढ़ाने के मकसद से प्रदेश सरकार की उपवन योजना के तहत यह पार्क विकसित किया जाएगा, जिस पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। खास बात यह है कि इसमें से लगभग 50 लाख रुपये केवल पौधरोपण पर लगाए जाएंगे। दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार ने नगर पालिका परिषद क्षेत्रों में हरियाली को बढ़ावा देने, पार्कों और खुले स्थानों को विकसित करने के लिए उपवन योजना शुरू की है। इसी योजना के तहत उन्नाव शहर को भी एक बड़े और व्यवस्थित पार्क की सौगात मिलने जा रही है। यह पहल न सिर्फ शहर की खूबसूरती बढ़ाएगी, बल्कि लोगों को स्वच्छ हवा और खुले वातावरण का लाभ भी देगी। शहर में पार्क बनाए जाने की मांग एमएलसी अरुण पाठक ने नगर विकास मंत्री एके शर्मा के सामने रखी थी। उन्होंने पत्र के माध्यम से उन्नाव में हरियाली और सार्वजनिक पार्क की जरूरत को बताया था। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर विकास मंत्री ने पार्क निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी। इसके बाद योजना को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया तेज हो गई है।पार्क के निर्माण के लिए करीब दो हजार वर्ग मीटर भूमि की आवश्यकता होगी। इस संबंध में नगर विकास विभाग के विशेष सचिव कल्याण बनर्जी ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर जमीन के चयन और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। पत्र मिलने के बाद जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को जमीन चिह्नित करने और आगे की कार्रवाई शुरू करने के आदेश दे दिए हैं। प्रस्तावित पार्क को न्यूनतम दो हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। योजना के अनुसार, पार्क के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से में पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। इसमें छायादार, सजावटी और पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों को शामिल किया जाएगा, ताकि पार्क न सिर्फ देखने में सुंदर लगे, बल्कि शहर के पर्यावरण को भी बेहतर बना सके।
इधर, नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि इस योजना में शहरवासियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा और इच्छुक नागरिक खुद भी पौधे लगा सकेंगे। इससे लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और पार्क को लेकर अपनापन भी बनेगा। पार्क के विकसित होने के बाद शहर के लोगों को सुबह-शाम टहलने, बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के बैठने के लिए एक बेहतर और सुरक्षित स्थान मिल सकेगा। बढ़ते शहरीकरण के बीच यह पार्क उन्नाव के लिए एक हरित फेफड़े की तरह काम करेगा। कुल मिलाकर, उपवन योजना के तहत बनने वाला यह पार्क शहर की पहचान और जीवनशैली दोनों में सकारात्मक बदलाव लाने की उम्मीद जगाता है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन