किसानों के हाथ पहुंची मदद : सदर विधायक ने बांटे चेक
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Sep 23, 2026
सहकारिता सभागार में हुआ कार्यक्रम, लघु और सीमांत किसानों को योजनाओं का लाभ लेने की अपील
उन्नाव। लघु और सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी सहकारिता सभागार में कार्यक्रम हुआ। जिला सहकारी बैंक मुख्यालय परिसर में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री कृषक समृद्ध योजना एवं भारत टैक्सी कार्यक्रम में पात्र किसानों को चेक बांटे गए। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजकों ने विधायक पंकज गुप्ता का माला पहनाकर और गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इसके बाद सभागार में मौजूद किसानों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा और सुना। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद विधायक ने पात्र किसान भाइयों को चेक वितरित किए।
खेती मजबूत होगी तो परिवार भी मजबूत होगा
किसानों को संबोधित करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि खेती-किसानी देश की अर्थव्यवस्था का अहम आधार है। छोटे और सीमांत किसानों के सामने खेती के साथ आर्थिक जरूरतों को पूरा करने की चुनौती रहती है। ऐसे में सरकार की योजनाओं के जरिए उन्हें आर्थिक सहायता और कृषि से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब इसका लाभ पात्र किसानों तक पहुंचे। सहकारिता व्यवस्था के जरिए किसानों को स्थानीय स्तर पर वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। उन्होंने लाभ पाने वाले किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पात्र किसान सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएं। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष अरुण सिंह, उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन