: बेटी से दुष्कर्म का बदला: यूपी के प्रयागराज में जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार!
Fri, Oct 31, 2025
बेटी से दुष्कर्म का बदला: यूपी के प्रयागराज में जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार!
दरअसल उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस ने 14 अक्टूबर को हुए एक सनसनीखेज जानलेवा हमले के मामले का पर्दाफाश किया है। कोरांव पुलिस ने इस घटना में शामिल दो आरोपियों, जिनमें 25 हजार रुपये का इनामी दीपांशु तिवारी भी शामिल है, को गिरफ्तार कर लिया है।
💢
बदले की साजिश का खुलासा
डीसीपी यमुनानगर, विवेक चंद्र यादव, ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरांव थाना क्षेत्र निवासी युवक संस्कार शुक्ला पर चाकुओं से ताबड़तोड़ 6 वार किए गए थे, जिससे वह मरणासन्न अवस्था में पहुँच गया था। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अशोक कुमार मिश्रा ने चौंकाने वाला खुलासा किया। अशोक ने बताया कि हमले का शिकार हुए युवक के पिता, विनय, महाराष्ट्र के अंधेरी वेस्ट में उनके साथ काम करते थे। इसी दौरान, विनय ने अशोक की बेटी से कथित तौर पर दुष्कर्म किया था।
👨⚖️
अग्रिम जमानत मिलने पर गहराया गुस्सा
इस घटना के बाद अशोक कुमार मिश्रा ने महाराष्ट्र के पालघर थाने में विनय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। हालाँकि, विनय को मामले में अग्रिम जमानत मिल गई। न्याय न मिलने से आहत होकर, अशोक ने अपनी बेटी के साथ हुए कथित दुष्कर्म का बदला लेने की ठान ली। उसने मुंबई से प्रयागराज आकर विनय के बेटे, संस्कार शुक्ला, की हत्या की योजना बनाई और अपने साथी दीपांशु तिवारी के साथ मिलकर 14 अक्टूबर को इस जानलेवा हमले को अंजाम दिया।
🏍️
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
घटना के बाद इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखे। एसओजी और कोरांव पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को दोनों आरोपियों अशोक कुमार मिश्रा और दीपांशु तिवारी को कोरांव-मांडा रोड पर दोहथा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू और काले-नीले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। इनामी अपराधी दीपांशु तिवारी का आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसके खिलाफ माण्डा थाने में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
: 150वीं जयंती पर दौड़ी एकता की दौड़, शहर भर में देशभक्ति का जोश
Fri, Oct 31, 2025
सांसद साक्षी महराज, विधायक पंकज गुप्ता सहित जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिले भर में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने वाला ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम उत्साह और जोश के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शास्त्री पार्क से हुई, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सरदार पटेल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद सांसद साक्षी महराज, सदर विधायक पंकज गुप्ता और जिलाधिकारी सहित अन्य अतिथियों ने ‘रन फॉर यूनिटी’ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ शास्त्री पार्क से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई पटेल जी के आदर्शों की गूंज के साथ आगे बढ़ी। स्कूली बच्चों, पुलिसकर्मियों, एनसीसी कैडेट्स और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साह से इसमें भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन पुलिस लाइन प्ले ग्राउंड में हुआ, जहां सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने अपने अभिनय से दर्शकों को देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
पूरा कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और एकता के रंग में सराबोर रहा। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक साथ मिलकर यह संकल्प लिया कि देश की एकता, अखंडता और समरसता को बनाए रखने के लिए हर नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए।
इस मौके पर विधायक बंबा लाल दिवाकर, विधायक अनिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, जिला महामंत्री आशीष वाजपेयी अटल, बिछिया ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता, विमल द्विवेदी और नूतन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
: सरदार पटेल की जयंती पर नगर में एकता और अखंडता का संदेश
Fri, Oct 31, 2025
नगर पालिका परिषद के संयोजन में सरदार पटेल स्मारक पर हुआ कार्यक्रम
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। शुक्रवार को महान स्वतंत्रता सेनानी, भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक, लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ बाईपास स्थित सरदार पटेल स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्नाव नगर पालिका परिषद के संयोजन में हुए इस कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा और प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा भानू ने पुष्पांजलि अर्पित कर सरदार पटेल जी को नमन किया।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने कहा कि सरदार पटेल जी ने जिस दृढ़ संकल्प, निष्ठा और दूरदृष्टि से देश को एकजुट किया, वह आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा स्रोत है। उनकी एकता की भावना हमें राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देती है।
प्रवीण मिश्रा भानू ने कहा कि सरदार पटेल जी ने देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत के अखंड मानचित्र को आकार देने का जो ऐतिहासिक कार्य किया, वह सदा अमर रहेगा।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार गौतम, आदर्श नगर सभासद राकेश कुमार शाहू, गांधी नगर सभासद दीपक दीक्षित ‘मोनू’, सिंगरौसी सभासद शिव वरन कुशवाहा और पालिका कर्मचारीगण मौजूद रहे।