शिकायत की तो बोला : थाने में पैसा जाता है, हमारा कुछ नहीं होगा
Sun, Oct 4, 2026
बेटी को बचाने पहुंची तो उसे भी दौड़ाया, छह पर केस
उन्नाव। गांव में कच्ची शराब बेचने की शिकायत करना एक महिला को भारी पड़ गया। मौरावां थाना क्षेत्र के भिटौली गांव की आशा देवी का आरोप है कि शिकायत से नाराज कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की। विरोध करने पर गांव में नहीं रहने देने की धमकी दी गई। महिला की बेटी बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसे भी गाली देते हुए मारने के लिए दौड़ा लिया। मामले में मौरावां पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आशा देवी के मुताबिक, 30 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे वह खेत से उरद लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के ही छोटेलाल, प्रहलाद, बबली, संतोषी, निर्मल और गंगा दुलारी ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पहले गालीगलौज की गई और इसके बाद मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत करने पर दिखाई दबंगई
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि हमलावर कच्ची शराब बेचते हैं। उसने पहले इसकी शिकायत की थी। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज थे। आशा का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने कहा कि थाने में हर महीने पैसा जाता है, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। साथ ही गांव में रहने नहीं देने की धमकी भी दी गई।
112 पुलिस के सामने बेटी को दौड़ाने का आरोप
मां के साथ मारपीट होते देख उसकी बेटी कंचन मौके पर पहुंची। आरोप है कि उसने बचाने की कोशिश की तो उसके साथ भी गालीगलौज की गई और मारने के लिए दौड़ाया गया। महिला ने दावा किया कि यह सब 112 पुलिस की मौजूदगी में हुआ।
पहले भी मारपीट का लगाया आरोप
आशा देवी ने पुलिस को बताया कि उसके साथ पहले भी कई बार मारपीट की जा चुकी है। अब उसे और परिवार को जान-माल का खतरा है। महिला का आरोप है कि थाने में शिकायत लेकर पहुंचने पर भी उसे राहत नहीं मिली। उसने पूरे मामले की जांच कराने के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की है। मौरावं पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बेटी पर अश्लील कमेंट से नाराज मां पहुंची थाने : मां की शिकायत पर केस दर्ज
Sun, Oct 4, 2026
उन्नाव। घर के सामने से स्कूल आने-जाने वाली किशोरी पर कथित तौर पर फब्तियां कसने और अश्लील टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने किशोरी को देखकर अश्लील गाना भी गाया। बेटी के साथ लगातार इस तरह की हरकत होने का आरोप लगाते हुए मां ने मौरावां थाने में शिकायत की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला मौरावां थाना क्षेत्र के बरेन्दा चौराहा गांव का बताया गया है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, महिला की 15 वर्षीय बेटी स्कूल आती-जाती है। घर के सामने ही गांव के एक युवक की दुकान है। आरोप है कि युवक रास्ते से निकलने के दौरान किशोरी पर फब्तियां कसता और अश्लील कमेंट करता था।
सुबह छत से देखा तो शुरू कर दी टिप्पणी
महिला के मुताबिक, तीन अक्तूबर की सुबह करीब छह बजे वह घर की छत पर मौजूद थी। इसी दौरान बेटी वहां से जा रही थी। आरोप है कि युवक ने बेटी को देखकर अश्लील टिप्पणी करने के साथ गाना गाना शुरू कर दिया। यह देखकर महिला नीचे पहुंची तो युवक वहां से निकल गया। मामले को लेकर महिला थाने पहुंची और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है।
थाने जाने की बात कही तो धमकाया : बोला- पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा
Sun, Oct 4, 2026
महिला का आरोप- पहले खींचकर मकान में ले गया, विरोध पर कपड़े फाड़े और पीटा, केस दर्ज
उन्नाव। आसीवन क्षेत्र के मल्हौली सरदारनगर गांव में एक महिला ने गांव के ही युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि युवक उसे जबरन सामने बने मकान में खींच ले गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। पति और बच्चों के पहुंचने पर किसी तरह उसे छुड़ाया जा सका। इसके बाद जब महिला ने पुलिस के पास जाने की बात कही तो आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।महिला के मुताबिक, तीन अक्तूबर की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह अपने घर के पास थी। इसी दौरान गांव निवासी राजेंद्र यादव उसके पास पहुंचा और उसे सामने बने मकान की ओर खींचकर ले गया। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिया गया। मारपीट में महिला को चोटें आईं। शोर सुनकर महिला के पति और बच्चे मौके पर पहुंचे। परिजनों ने उसे आरोपी से छुड़ाया। घटना के बाद महिला ने पति से उसे थाने ले चलने को कहा। आरोप है कि तभी राजेंद्र ने पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने खुद को जेल जाने से नहीं डरने वाला बताते हुए पहले भी जेल जाने की बात कही।
परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपी को दबंग प्रवृत्ति का बताते हुए परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उसका कहना है कि आरोपी से परिवार को खतरा है और वह कभी भी कोई नुकसान पहुंचा सकता है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच में घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की भी पड़ताल करेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।