दो महीने बाद भी नहीं मिली प्रोत्साहन राशि : मेधावी छात्र पहुंचे डीएम कार्यालय
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Aug 3, 2026
सम्मान समारोह में जल्द भुगतान का मिला था भरोसा, टॉप-10 में शामिल छात्रों ने कहा, हर बार सिर्फ आश्वासन मिल रहा
उन्नाव। जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किए जाने के बाद घोषित प्रोत्साहन राशि का इंतजार अब नाराजगी में बदलने लगा है। करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद राशि खातों में न पहुंचने से परेशान छात्र सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराकर जल्द भुगतान की मांग की। छात्रों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। जिले की मेरिट सूची में चौथा स्थान हासिल करने वाले छात्र अभय अवस्थी ने बताया कि 1 जून को आयोजित सम्मान समारोह में जिले के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने भरोसा दिया था कि अगले ही दिन प्रोत्साहन राशि छात्रों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी। लेकिन दो महीने बाद भी किसी भी पात्र छात्र के खाते में राशि नहीं पहुंची। अभय ने बताया कि इस संबंध में कई बार जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस), मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और जिलाधिकारी कार्यालय से संपर्क किया गया। हर बार यही कहा गया कि "एक-दो दिन में भुगतान हो जाएगा", लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे छात्रों में निराशा बढ़ती जा रही है। छात्रों के साथ पहुंचे कपिल शर्मा ने बताया कि जिले के टॉप-10 में स्थान पाने वाले कुल 30 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया था। सम्मान समारोह में सभी को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया और प्रोत्साहन राशि दिए जाने की घोषणा भी की गई थी। बाद में अधिकारियों ने जानकारी दी कि केवल 20 छात्रों के लिए ही धनराशि स्वीकृत हुई है। कपिल का कहना है कि इसके बाद अधिकारियों ने यह भी बताया कि एक छात्रा को मंच पर सम्मानित किए जाने के कारण अब सिर्फ 19 छात्रों को ही राशि दी जाएगी। छात्रों का आरोप है कि चयन सूची या कार्यक्रम के दौरान ऐसी किसी शर्त या सीमित संख्या की जानकारी नहीं दी गई थी। इससे पूरे मामले को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि पात्र सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को बिना किसी भेदभाव के जल्द से जल्द घोषित प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि सम्मान के साथ घोषित की गई राशि समय पर मिलना भी उतना ही जरूरी है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो छात्र आगे भी अपनी आवाज उठाने को मजबूर होंगे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन