जुए की महफिल पर पुलिस का छापा : पांच गिरफ्तार
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Nov 1, 2026
फड़ से 12,500 और तलाशी में मिले 1,700 रुपये, ताश के 52 पत्ते बरामद
उन्नाव। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही जिले में जुए की फड़ सजने की चर्चाएं भी तेज होने लगी हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक रुपये लगाकर ताश खेलने के ठिकाने सक्रिय होने की सूचनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच असोहा पुलिस ने शनिवार देर शाम कालूखेड़ा गांव में एक निर्माणाधीन मकान पर छापा मारकर जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से जुए की फड़ पर लगे 12,500 रुपये और पकड़े गए लोगों की तलाशी में मिले 1,700 रुपये समेत कुल 14,200 रुपये व ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को उपनिरीक्षक लालचंद्र कनौजिया पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से कालूखेड़ा गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने पीआरवी कर्मियों को साथ लेकर बताए गए निर्माणाधीन मकान की घेराबंदी की। टीम अंदर पहुंची तो पांच लोग गद्दे पर बैठकर ताश के पत्तों से रुपये का दांव लगा रहे थे। पुलिस ने मौके से मनोज कुमार निवासी भवलिया, अभिषेक द्विवेदी निवासी सिरवड़िया, सोनू गुप्ता और राजेश गुप्ता निवासी कालूखेड़ा तथा शिवराज निवासी भवलिया को गिरफ्तार कर लिया।
त्योहार पर कई थाना क्षेत्रों में फड़ सजने की चर्चा
दीपावली के मद्देनजर सदर कोतवाली, गंगाघाट, माखी, बीघापुर समेत जिले के कई थाना क्षेत्रों में जुए की फड़ सजने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर अलग-अलग इलाकों में रुपये लगाकर ताश खेलने की सूचनाएं सामने आ रही हैं। त्योहार के दौरान जुए में बड़ी रकम हारने के बाद आपसी विवाद और मारपीट की घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। कई बार आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए लोग चोरी जैसी वारदातों को भी अंजाम दे बैठते हैं। ऐसे में त्योहार से पहले जुआ-सट्टा के संभावित ठिकानों पर निगरानी और नियमित चेकिंग जरूरी है। असोहा पुलिस की कार्रवाई के बाद अब दूसरे थाना क्षेत्रों में भी पुलिस की सक्रियता और अभियान पर नजर रहेगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन