मर्चेंट नेवी में नौकरी का भरोसा : रकम मांगने पर टालमटोल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Oct 29, 2026
न कोर्स कराया, न रकम लौटाई; महिला की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। बेटे को मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने की उम्मीद में दिए गए 1.80 लाख रुपये वापस नहीं मिलने पर महिला ने कोतवाली सदर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि डेढ़ साल के दौरान अलग-अलग किस्तों में नकद और ऑनलाइन रुपये लेने के बाद भी युवक ने न तो बेटे को कोर्स कराया और न ही नौकरी दिलाई।मगरवारा निवासी वंदना जायसवाल के मुताबिक, कन्नौज के उहिदापुर सतौरा निवासी जसवीर सिंह ने उनके बेटे अभिषेक जायसवाल को मर्चेंट नेवी का कोर्स कराने और नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसी आधार पर उन्होंने डेढ़ साल के अंतराल में कुल 1.80 लाख रुपये दिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई काम नहीं हुआ तो उन्होंने रकम वापस मांगी।
गांव जाकर भी मांगे रुपये
वंदना ने एफआईआर में बताया कि रुपये वापस नहीं मिलने पर वह जसवीर के गांव गई थीं। वहां उसकी मां, पिता, बड़ा भाई और भाभी मिले। महिला के अनुसार, रुपये के संबंध में बात करने पर जसवीर के माता-पिता ने काम कराने या रकम लौटाने की बात कही थी। हालांकि, आरोप है कि इसके बाद भी उन्हें रुपये वापस नहीं मिले।
रकम लौटाने से इनकार का आरोप
महिला का आरोप है कि कई बार समय देने और रुपये मांगने के बाद भी जसवीर टालमटोल करता रहा। बाद में उसने रकम लौटाने से इनकार करते हुए कहीं भी शिकायत करने की बात कही। इससे परेशान होकर वंदना ने कोतवाली सदर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन