तबादला : सहज व्यवहार और बेहतर तालमेल की पहचान छोड़ गए सीओ अरविंद चौरसिया
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Nov 22, 2026
पुरवा सर्किल से लखनऊ कमिश्नरेट हुआ तबादला, हरदोई से आएंगे संतोष कुमार सिंह; यातायात सीओ प्रदीप मौर्य भी ललितपुर भेजे गए
उन्नाव। पुलिस की नौकरी में तबादले और नई तैनाती सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं, लेकिन कुछ अधिकारी अपने कामकाज के साथ व्यवहार और लोगों से जुड़ने के अंदाज के चलते अलग पहचान बना लेते हैं। पुरवा सर्किल के क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार चौरसिया भी ऐसे ही अधिकारियों में शामिल रहे। उनके तबादले की खबर सामने आने के बाद पुलिस विभाग के साथ ही मीडिया और उनसे जुड़े लोगों के बीच भी उनके जाने की चर्चा रही। सहज स्वभाव, विनम्र बातचीत और हर किसी के साथ बेहतर तालमेल उनकी कार्यशैली की खास पहचान रही। डीजीपी मुख्यालय से रविवार दोपहर जारी तबादला सूची में अरविंद कुमार चौरसिया को लखनऊ कमिश्नरेट भेजा गया है।उनके स्थान पर हरदोई में तैनात रहे क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह को उन्नाव भेजा गया है। वह अब पुरवा सर्किल की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, जिले में यातायात व्यवस्था की कमान देख रहे सीओ प्रदीप मौर्य का तबादला ललितपुर किया गया है।
तीन अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी
रविवार को जारी सूची के अनुसार उन्नाव के दो क्षेत्राधिकारियों को दूसरे जिलों में नई तैनाती मिली है, जबकि हरदोई से एक अधिकारी को जिले में भेजा गया है। इस बदलाव के बाद पुरवा सर्किल और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी नए अधिकारियों के हाथों में होगी।
मुश्किल परिस्थितियों में भी नहीं खोया धैर्य
अरविंद कुमार चौरसिया की कार्यशैली की चर्चा केवल विभागीय जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं रही। क्षेत्र में किसी तरह की चुनौतीपूर्ण परिस्थिति हो या लोगों की समस्या सुनने का मामला, उनका शांत और सहज व्यवहार अक्सर सामने आता रहा। मुश्किल हालात में भी धैर्य बनाए रखना और परिस्थितियों को समझते हुए जिम्मेदारी संभालना उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा रहा। आम लोगों से लेकर जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ उनका संवाद सहज रहा।
संवाद से संभाले संवेदनशील हालात
जनपद में तैनाती के दौरान जब भी संवेदनशील माहौल बिगड़ने की आशंका बनी, पुलिस कप्तानों ने अरविंद कुमार चौरसिया को जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से संवाद और आपसी समन्वय के जरिए परिस्थितियों को संभाला। उनकी सूझबूझ और संवाद कौशल से कई बार तनावपूर्ण माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने में मदद मिली।
मीडिया कर्मियों से भी रहा बेहतर तालमेल
पत्रकारों के साथ उनके संबंध भी अच्छे रहे। खबरों से जुड़े सवाल हों या किसी घटना के संबंध में जानकारी लेने का मामला, मीडिया कर्मियों के साथ उनका व्यवहार सहयोगात्मक रहा। बातचीत में विनम्रता और संवाद में सहजता के कारण पत्रकारों के बीच भी उन्होंने अपनी अलग जगह बनाई। यही वजह रही कि उनके तबादले की जानकारी मिलने पर उनसे जुड़े लोगों ने इसे एक ऐसे अधिकारी की विदाई के रूप में देखा, जिनसे काम के साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी अच्छा तालमेल रहा।
संघर्ष से पुलिस सेवा तक का सफर
बीटेक के बाद शिक्षक बने, दिल्ली मेट्रो में टेलीकॉम इंजीनियर के रूप में काम किया और बेहतर कार्य के लिए सम्मानित भी हुए। एनर्जी मीटर संगठन में अखिल भारतीय सचिव की जिम्मेदारी निभाने के बाद यूपीपीसीएस की तैयारी की और दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की। 2 जनवरी 2024 को उन्नाव में तैनाती मिली। यहां 19 माह सीओ बांगरमऊ, आठ माह हसनगंज और आठ माह पुरवा की जिम्मेदारी संभाली। अब अरविंद कुमार चौरसिया लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त का नया दायित्व संभालेंगे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन