दीपावली पर शहीदों के घर पहुंचे विमल द्विवेदी : वीर जवानों के बलिदान को किया याद
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sat, Nov 7, 2026
परिजनों के बीच बांटी मिठाई, उपहार देकर साझा की खुशियां

उन्नाव। दीपावली पर जब लोग अपने घरों को रोशनी से सजा रहे थे और परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मना रहे थे, तब नर सेवा-नारायण सेवा के संस्थापक एवं भाजपा नेता विमल द्विवेदी ने शहीदों के परिवारों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने शहीदों के घरों में दीप जलाकर उनके बलिदान को नमन किया और परिजनों को यह एहसास कराया कि देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के परिवार समाज के लिए हमेशा सम्मान के पात्र हैं।

विमल द्विवेदी दीपावली के मौके पर शहीद शशिकांत तिवारी, शहीद अजीत कुमार आजाद, शहीद कैलाश कुमार यादव, शहीद सुशील कुमार गौतम और शहीद विजय कुमार के घर पहुंचे। यहां उन्होंने शहीदों के चित्रों के सामने दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने परिजनों को मिठाई और उपहार भेंट किए तथा दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियां अपनों के साथ बांटने से ही पूरी होती हैं। जिन परिवारों ने देश की रक्षा के लिए अपने घर के सदस्य को खोया है, उनके त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को भी देश के प्रति समर्पण और कर्तव्य की सीख देता रहेगा। ऐसे परिवारों के सुख-दुख में शामिल होना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन