इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती का खौफनाक अंत: : उन्नाव में युवक की मौत, मां बोली- पहले मांगे थे रुपये
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, May 1, 2026
मुलाकात के बहाने बुलाकर खेत में ले गए, पीट-पीटकर हत्या का आरोप

उन्नाव। सोशल मीडिया पर बनी एक पहचान कैसे खतरनाक मोड़ ले सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण अजगैन थाना क्षेत्र में सामने आया है। प्रतापगढ़ जिले के वीरापुर गांव के रहने वाले 20 वर्षीय अखिलेश गौतम की मौत का मामला सामने आया है, जिसमें एक किशोरी और उसके परिवार पर हत्या का गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, करीब एक साल पहले अखिलेश की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए अजगैन क्षेत्र की एक किशोरी से हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत धीरे-धीरे करीबी में बदल गई। दोनों के बीच फोटो और मैसेज का आदान-प्रदान भी हुआ।आरोप है कि बाद में यह रिश्ता विवाद में बदल गया। युवक पर आरोप है कि उसने निजी तस्वीरों के आधार पर लड़की पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और मिलने के लिए मजबूर करने लगा। इतना ही नहीं, मना करने पर तस्वीरें वायरल करने की धमकी भी दी गई। परिजनों का कहना है कि इस पूरे मामले को लेकर लड़की पक्ष ने पहले पुलिस में शिकायत भी की थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बुलाकर ले गए और हुई हत्या
पुलिस जांच और परिजनों के आरोपों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले युवक को मिलने के बहाने उन्नाव बुलाया गया। बताया जा रहा है कि गुरुवार को उसे सोनिक रेलवे स्टेशन के पास बुलाया गया। वहां से लड़की के परिजन उसे बाइक पर बैठाकर बंदरहा गांव के पास एक खेत में ले गए। आरोप है कि खेत में युवक की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
मां ने लगाए गंभीर आरोप
शुक्रवार को मृतक की मां रेखा ने मामले में कई गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उनके बेटे से पहले पैसे की मांग की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक लाख रुपये न देने पर बेटे को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। मां का यह भी कहना है कि बेटे को धोखे से बुलाया गया और संभव है कि उसे पहले नशीला पदार्थ दिया गया हो, उसके बाद हत्या की गई। रोते हुए उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिवार की हालत और अधूरी उम्मीदें
अखिलेश अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसके तीन छोटे भाई हैं। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और पिता दिहाड़ी मजदूरी करके घर चलाते हैं। परिजनों के अनुसार, अखिलेश की जल्द ही नौकरी लगने वाली थी और 22 तारीख को उसकी ज्वाइनिंग तय थी। ऐसे में परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, जो अब इस घटना के बाद टूट गईं।
पुलिस क्या कह रही है
पुलिस ने युवती और उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दही कोतवाली प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन