: 150वीं जयंती पर दौड़ी एकता की दौड़, शहर भर में देशभक्ति का जोश
Fri, Oct 31, 2025
सांसद साक्षी महराज, विधायक पंकज गुप्ता सहित जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिले भर में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने वाला ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम उत्साह और जोश के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शास्त्री पार्क से हुई, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सरदार पटेल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद सांसद साक्षी महराज, सदर विधायक पंकज गुप्ता और जिलाधिकारी सहित अन्य अतिथियों ने ‘रन फॉर यूनिटी’ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ शास्त्री पार्क से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई पटेल जी के आदर्शों की गूंज के साथ आगे बढ़ी। स्कूली बच्चों, पुलिसकर्मियों, एनसीसी कैडेट्स और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साह से इसमें भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन पुलिस लाइन प्ले ग्राउंड में हुआ, जहां सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने अपने अभिनय से दर्शकों को देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
पूरा कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और एकता के रंग में सराबोर रहा। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक साथ मिलकर यह संकल्प लिया कि देश की एकता, अखंडता और समरसता को बनाए रखने के लिए हर नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए।
इस मौके पर विधायक बंबा लाल दिवाकर, विधायक अनिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, जिला महामंत्री आशीष वाजपेयी अटल, बिछिया ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता, विमल द्विवेदी और नूतन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
: सरदार पटेल की जयंती पर नगर में एकता और अखंडता का संदेश
Fri, Oct 31, 2025
नगर पालिका परिषद के संयोजन में सरदार पटेल स्मारक पर हुआ कार्यक्रम
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। शुक्रवार को महान स्वतंत्रता सेनानी, भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक, लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ बाईपास स्थित सरदार पटेल स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्नाव नगर पालिका परिषद के संयोजन में हुए इस कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा और प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा भानू ने पुष्पांजलि अर्पित कर सरदार पटेल जी को नमन किया।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने कहा कि सरदार पटेल जी ने जिस दृढ़ संकल्प, निष्ठा और दूरदृष्टि से देश को एकजुट किया, वह आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा स्रोत है। उनकी एकता की भावना हमें राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देती है।
प्रवीण मिश्रा भानू ने कहा कि सरदार पटेल जी ने देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत के अखंड मानचित्र को आकार देने का जो ऐतिहासिक कार्य किया, वह सदा अमर रहेगा।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार गौतम, आदर्श नगर सभासद राकेश कुमार शाहू, गांधी नगर सभासद दीपक दीक्षित ‘मोनू’, सिंगरौसी सभासद शिव वरन कुशवाहा और पालिका कर्मचारीगण मौजूद रहे।
: राष्ट्र की एकता के नाम दौड़ा उन्नाव, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया संकल्प
Fri, Oct 31, 2025
डीएम गौरांग राठी और एसपी जय प्रकाश सिंह ने पुलिस लाइन से दिखाई हरी झंडी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शुक्रवार को जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन हुआ, जिसमें प्रशासन से लेकर आम नागरिक तक एक साथ दौड़े। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह रिजर्व पुलिस लाइन से हुई, जहां जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। पुलिस लाइन परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा—"एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “वंदे मातरम” की आवाजें माहौल में जोश भर रही थीं। इस दौड़ में एडीएम सुशील कुमार गोंड़, एएसपी अखिलेश सिंह, सीओ सिटी दीपक यादव, पुलिस जवान, एनसीसी कैडेट्स और शहर के कई स्कूलों के विद्यार्थी शामिल हुए। सभी ने मिलकर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। दौड़ के समापन पर पुलिस लाइन में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान डीएम गौरांग राठी ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शी नेतृत्व से रियासतों को जोड़कर एक भारत का सपना साकार किया। उनकी सोच आज भी हमें जोड़ने की प्रेरणा देती है।
एसपी जय प्रकाश सिंह ने प्रतिभागियों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि रन फॉर यूनिटी’ सिर्फ एक दौड़ नहीं, बल्कि यह संदेश है कि देश तभी मजबूत होगा जब हम सब एक साथ खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन आपसी भाईचारे और एकजुटता की मिसाल है, जिसे आज भी अपनाने की जरूरत है।
केवल जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि सभी थानों, सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी एकता दौड़ और शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। हर जगह यही संदेश दिया गया—भारत की असली ताकत उसकी एकता में है। चाहें पुलिस लाइन का मैदान हो या स्कूल का प्रांगण, हर जगह लोगों के चेहरे पर जोश और गर्व साफ झलक रहा था। उन्नाव ने शुक्रवार को एक बार फिर साबित कर दिया कि जब बात एकता और देशभक्ति की हो, तो यहां का हर नागरिक कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार है।