21वीं पुण्यतिथि : फैसल हसन "गुड्डू" की याद में सेवा का सिलसिला
Thu, Sep 10, 2026
100 से ज्यादा बच्चों को स्कूल बैग और शैक्षिक सामग्री बांटी, फैसल द्वार पर राहगीरों को कराया भोजन
उन्नाव। किसी की याद को जिंदा रखने का सबसे अच्छा तरीका जरूरतमंदों के काम आना है। इसी सोच के साथ स्वर्गीय फैसल हसन (गुड्डू) की 21वीं पुण्यतिथि पर शहर में सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से ज्यादा जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग और अन्य सामग्री दी गई। बैग पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी नजर आई। इस दौरान बच्चों को पढ़ाई जारी रखने और भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता समेत शहर के कई समाजसेवी और गणमान्य लोग शामिल हुए। बच्चों को अपने हाथों से स्कूल बैग वितरित किए गए। मौजूद लोगों ने कहा कि किसी बच्चे की पढ़ाई में छोटी सी मदद भी उसके भविष्य को बेहतर बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।
बच्चों की पढ़ाई में मदद सबसे बड़ा सहयोग
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आर्थिक परेशानी के कारण कई बार बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर उनकी मदद करनी चाहिए। शिक्षा के लिए मिलने वाला सहयोग बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाता है और उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने की राह दिखाता है।सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना समाज की जिम्मेदारी है। बच्चों के चेहरे पर खुशी देखकर यह महसूस होता है कि छोटी-सी मदद भी उनके लिए कितनी मायने रखती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने वाले ऐसे प्रयास लगातार होते रहने चाहिए।
फैसल हसन की याद में हर साल सेवा
पुण्यतिथि के मौके पर स्वर्गीय फैसल हसन (गुड्डू) को श्रद्धांजलि दी गई। परिजनों और मौजूद लोगों ने उनके सामाजिक योगदान और उनसे जुड़ी यादों को साझा करते हुए उन्हें नमन किया। परिजनों का कहना था कि फैसल हसन की स्मृति में हर साल सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास किया जाता है, ताकि उनकी याद समाज के बीच सकारात्मक कामों के साथ बनी रहे। सुहैल हसन (भैया) ने कहा कि फैसल गुड्डू की पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर उनकी मदद करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का एक तरीका है। बच्चों को पढ़ाई के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराने का उद्देश्य यही है कि आर्थिक परेशानी उनकी शिक्षा के रास्ते में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि आगे भी जरूरतमंदों की मदद से जुड़े प्रयास जारी रहेंगे।
फैसल द्वार पर राहगीरों को भी कराया भोजन
पुण्यतिथि के अवसर पर आईबीपी चौराहा स्थित फैसल द्वार पर भी सेवा कार्यक्रम हुआ। यहां राहगीरों और जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। लोगों को भोजन वितरित किया गया। कार्यक्रम से जुड़े लोगों ने बताया कि हर वर्ष पुण्यतिथि पर इसी तरह जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर सेवा करने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम में सुहैब हसन, जिया शाहिद, रेहान परवेज, नियाज खान, मेराज खान, सलमान शाहिद, फैसल, संजू,फिरोज कमाल, अतहर अली लाले समेत कई लोग मौजूद रहे। इस दौरान बच्चों की शिक्षा, जरूरतमंदों की मदद और समाज में आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
मकान ढहने की सूचना पर पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे रवि चौधरी, : पीडित परिवार को दिया हर संभव मदद का भरोसा
Thu, Sep 10, 2026
मुरादाबाद। गांव निवासी कासिम का मकान अचानक पूरी तरह धराशायी हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में मकान का पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया, जिससे करीब 30 लाख रुपये की मालहानि होने का अनुमान है। हादसे में मकान स्वामिनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही रवि चौधरी, जिलाध्यक्ष मुरादाबाद एवं मंत्री प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद के लिए वह पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े हैं।
रवि चौधरी ने कहा कि मकान के अचानक धराशायी होने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सबसे बड़ी चिंता घायल मकान स्वामिनी के स्वास्थ्य को लेकर है। उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इलाज से लेकर परिवार को राहत पहुंचाने तक हर संभव सहायता का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी पीड़ित परिवार की स्थिति का संज्ञान लेते हुए आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई। रवि चौधरी ने कहा कि प्राकृतिक अथवा आकस्मिक आपदा की स्थिति में जरूरतमंद परिवारों की मदद करना समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर प्रशासनिक स्तर पर भी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
चोरी की योजना बनाते चार गिरफ्तार : तमंचा और औजार बरामद
Wed, Sep 9, 2026
बशी
रतगंज में ज्वैलर्स की दुकान को बनाने वाले थे निशाना, ई-रिक्शा में बैठे मिले आरोपी
उन्नाव। दही थाना पुलिस ने चोरी की योजना बनाते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, लोहे का सब्बल, कटर, ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, लोहे की आरी, लोहा काटने की कैंची और चार्जेबल टॉर्च बरामद हुई है। पुलिस ने तीन एंड्रॉयड मोबाइल और 700 रुपये भी बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से मिले ई-रिक्शा को कागजात न होने पर सीज कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात उपनिरीक्षक शिवपाल सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सोनिक अंडरपास के नीचे चार लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। अंडरपास के पास ई-रिक्शा में चार लोग बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. हाशिम निवासी नवयुग वाली गली तालिब सराय, आफताफ उर्फ बिट्टन निवासी तालिब सराय, इमरान निवासी जामा मस्जिद एबी नगर और अल्ताफ निवासी मुहमदिया मस्जिद तालिब सराय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तलाशी में मो. हाशिम के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, मोबाइल और 500 रुपये मिले। आफताफ के पास लोहे का सब्बल और मोबाइल बरामद हुआ। इमरान के पास ग्राइंडर, कटर, ड्रिल मशीन, लोहे की आरी, लोहा काटने की कैंची और मोबाइल मिला। अल्ताफ के पास चार्जेबल टॉर्च और 200 रुपये बरामद हुए। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने बशीरतगंज स्थित ओम ज्वैलर्स की दुकान में चोरी करने की योजना की बात स्वीकार की। हाशिम ने खुद को गिरोह का सरगना बताया। उसके खिलाफ तमंचा बरामद होने पर आर्म्स एक्ट की भी कार्रवाई की गई है। अल्ताफ के कब्जे से मिले ई-रिक्शा का नंबर यूपी 35 बीटी 3861 है। वाहन के कागजात नहीं दिखाने पर पुलिस ने उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।