Thu 16 Apr 2026

ब्रेकिंग

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

आत्महत्या की जताई जा रही आशंका

जमीन विवाद में महिला-बेटियों को पीटा,नींव खुदवाने का आरोप

मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

सड़क हादसे ने छीना फतेहपुर पुलिस का चमकता सितारा, जवान विवेक यादव का दुखद निधन

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

: एडीजी सुजीत पांडे का दौरा, मिशन शक्ति के तहत स्कूटियों को हरी झंडी

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Mon, Sep 29, 2025
Post views : 69

"आई लव मोहम्मद" विवाद पर एडीजी का कड़ा रुख, कहा— दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

सैय्यद फैज़ान शीबू रहम‍ान

उन्नाव। अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन श्री सुजीत पांडे सोमवार को उन्नाव दौरे पर रहे। दौरे के दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा, त्योहारों की तैयारी और पुलिस परिवार के कल्याण से जुड़े कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पुलिस लाइन में नवनिर्मित कक्ष का उद्घाटन किया, मिशन शक्ति के तहत स्कूटी सेवा की शुरुआत की और थानों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बाजारों में पैदल गश्त की, आम लोगों से संवाद किया और महिलाओं-बालिकाओं को जागरूक किया। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने पर जोर देते हुए उन्होंने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी। उनका यह दौरा न सिर्फ महिला सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा बल्कि पुलिस बल में भी नया उत्साह भर गया।

नन्हे फरिश्ते कक्ष का उद्घाटन

एडीजी ने जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के साथ पुलिस लाइन में बने नव-निर्मित “नन्हे फरिश्ते” कक्ष (शिशु गृह) का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस परिवार के बच्चों को उपहार भी भेंट किए। नन्हे फरिश्ते कक्ष में बच्चों के लिए इंडोर गेम्स, टेलीविजन और देखभाल से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। एडीजी ने इसे पुलिस परिवारों के लिए सराहनीय पहल बताया।

शक्ति वाहिनी स्कूटी सेवा को हरी झंडी

इसके बाद पुलिस लाइन से उन्होंने शक्ति वाहिनी स्कूटी सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 21 स्कूटियों पर 42 महिला पुलिसकर्मियों को जिले के अलग-अलग इलाकों में तैनात किया गया। एडीजी ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाना और अपराधियों में खौफ कायम करना है।

“छेड़छाड़ करने वालों की कमर तोड़ दी जाएगी”

महिला सुरक्षा पर सख्त रुख दिखाते हुए एडीजी ने साफ कहा कि महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि समाज का माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।

‘आई लव मोहम्मद’ विवाद पर कड़ा रुख

हाल ही में सामने आए ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद पर एडीजी ने कहा कि मामले की हर स्तर पर जांच चल रही है। दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।

बाजार में पैदल गश्त और संवाद

एडीजी श्री पांडे ने एसपी, एएसपी और भारी पुलिस बल के साथ कोतवाली सदर क्षेत्र के मुख्य बाजार में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से संवाद किया। महिलाओं और बालिकाओं से बातचीत करते हुए उन्हें मिशन शक्ति की जानकारी दी और जागरूकता पंपलेट भी बांटे।

त्योहारों की सुरक्षा पर विशेष समीक्षा

पुलिस लाइन सभागार में एडीजी ने एसपी जय प्रकाश सिंह, एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह और सभी क्षेत्राधिकारीगण के साथ बैठक की। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान और आगामी दुर्गा पूजा, मूर्ति विसर्जन व दशहरा को शांति और सकुशल संपन्न कराने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

थाना दही में मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण

एडीजी ने थाना दही में संचालित मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अभिलेखों की प्रविष्टियां देखीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता की सराहना की और केंद्र की कार्यप्रणाली को संतोषजनक बताया।

महिला पुलिसकर्मियों में उत्साह

एडीजी के दौरे से पुलिसकर्मियों में खासा उत्साह देखा गया। महिला पुलिसकर्मियों ने कहा कि शक्ति वाहिनी स्कूटी सेवा से उन्हें आत्मविश्वास मिलेगा और वे घटनास्थल तक तुरंत पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई कर पाएंगी। इस पूरे कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरांग राठी, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Tags :

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन