Tue 21 Apr 2026

ब्रेकिंग

40 हजार के विवाद में घर में घुसकर दंपति की चाकू से गोदकर हत्या, बच्चों के सामने थम गईं सांसें

उन्नाव में साक्षी महाराज का विपक्ष पर तंज

स्कूल निरीक्षण में मिलीं गंभीर खामियां, चार शिक्षकों को नोटिस

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत दो गंभीर रूप से घायल

मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, वैशाली के डॉक्टरों ने मुरादाबाद निवासी 51 वर्षीय राजेश्वर कुमार का जटिल लिविंग डोनर लिवर

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

: दिशा बैठक में विभागों पर बरसे सांसद और विधायक, अफसरों से मांगा जवाब

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Thu, Oct 16, 2025
Post views : 82

अमृत योजना, दोस्तीनगर बाईपास, बिजली आपूर्ति और गौशालाओं के मुद्दे छाए रहे

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

उन्नाव। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को सांसद साक्षी महाराज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान सांसद और विधायकों ने कई विभागों के अधिकारियों से सख्त सवाल किए। अमृत योजना, दोस्तीनगर बाईपास, बिजली आपूर्ति और छुट्टा मवेशियों जैसे मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। सांसद ने साफ कहा कि जनता की योजनाओं में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अमृत योजना में फूटी पाइपलाइन पर जल निगम को घेरा

264 करोड़ की लागत से चल रही अमृत योजना के तहत जलापूर्ति टेस्टिंग के दौरान जगह-जगह पाइपलाइन फूटने के मामले पर सांसद ने जल निगम के एक्सईएन से सवाल किया। उन्होंने कहा कि योजना के शुरू होते ही पाइपलाइन फूटना गंभीर लापरवाही है। एक्सईएन ने सफाई दी कि अभी टेस्टिंग का काम चल रहा है और जल्द ही सुधार कर लिया जाएगा। इस पर सांसद ने कहा कि “टेस्टिंग के नाम पर भ्रष्टाचार के फव्वारे नहीं चलने चाहिए।” उन्होंने डीएम को जांच कराने के निर्देश दिए।

दोस्तीनगर बाईपास पर उठे सवाल, सड़क दस दिन में टूटी

एमएलसी अरुण पाठक ने बैठक में 34 करोड़ की लागत से बनी दोस्तीनगर-दही चौकी सड़क की खराब गुणवत्ता का मुद्दा उठाया। उन्होंने डीएम से पूछा कि सड़क निर्माण के सिर्फ दस दिन बाद ही जगह-जगह गड्ढे कैसे हो गए। इस पर अधिशासी अभियंता हरदयाल अहिरवार ने कहा कि पानी भर जाने से कुछ स्थानों पर सड़क खराब हुई है। एमएलसी ने तीखा सवाल किया कि जब सड़क बन रही थी तब मानकों की जांच क्यों नहीं की गई?  इस पर एक्सईएन कोई जवाब नहीं दे सके। सांसद ने डीएम से जांच समिति बनाकर रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए।

दही चौकी की दुर्गंध और रोजगार पर चर्चा

सांसद ने दही चौकी क्षेत्र में फैली दुर्गंध को लेकर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस समस्या से निजात पाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। सांसद ने यह भी कहा कि क्षेत्र की फैक्ट्रियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की दिशा में कदम उठाए जाएं ताकि लोगों को सीधा लाभ मिल सके।

बिजली व्यवस्था पर नाराज हुए सांसद

125 करोड़ की लागत से चल रही रिवैम्प बिजली योजना की प्रगति पूछने पर अधिकारियों ने बताया कि 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। इस पर सांसद ने कहा कि जब काम पूरा हो गया है तो शहर में अंधेरा क्यों है? अब तो भीषण गर्मी भी नहीं है, फिर बिजली आपूर्ति में सुधार क्यों नहीं दिख रहा? उन्होंने अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिया कि बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए और जनता को निर्बाध आपूर्ति मिले।

छुट्टा मवेशियों को लेकर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी

छुट्टा मवेशियों के सवाल पर पशुपालन अधिकारी ने बताया कि जिले की 328 गौशालाओं में लगभग 42 हजार मवेशी रखे गए हैं। इस पर मोहान विधायक ब्रजेश रावत ने सवाल किया कि अगर इतने मवेशी गौशालाओं में हैं तो सड़कों पर झुंड के झुंड जानवर कहां से आ रहे हैं? सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि कई जगह केयर टेकर रात में मवेशियों को खुला छोड़ देते हैं, जिस पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत है।

पीडब्ल्यूडी के टेंडरों पर उठे सवाल, पिंक शौचालय बनाने की मांग

पुरवा विधायक अनिल सिंह ने लोक निर्माण विभाग के टेंडरों को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विभाग में कई टेंडर बहुत कम दरों पर पास हो रहे हैं, जिससे काम की गुणवत्ता प्रभावित होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि जो टेंडर कम दर पर पास हुए हैं, उनकी जांच हो और उनकी ज़मानत राशि दस गुना की जाए।वहीं, एमएलसी अरुण पाठक ने प्रमुख चौराहों पर महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक शौचालय बनवाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सांसद ने इसे गंभीरता से लेने की बात कही।

बैठक में रहे कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, विधायक बांगरमऊ श्रीकांत कटियार, विधायक सफीपुर बंबालाल दिवाकर, विधायक भगवंतनगर आशुतोष शुक्ला, सभी ब्लॉक प्रमुख, एसपी जय प्रकाश सिंह, सीडीओ कृति राज, एडीएम (वि/रा) सुशील कुमार गोंड और सहायक कलेक्टर शौर्य अरोड़ा मौजूद रहे।

Tags :

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन