: बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे सदर विधायक
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sat, Aug 16, 2025
पंकज गुप्ता ने बांटा राशन, कहा – हर जरूरतमंद तक पहुंचेगी मदद
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान✍️
उन्नाव। पहाड़ी क्षेत्रों व अन्य जगहों पर लगातार बारिश के चलते गंगा व अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ा चल रहा है। सदर विधानसभा क्षेत्र के कई गांव भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। गांवों में पानी भरने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में गुरुवार को सदर विधायक पंकज गुप्ता ने परियर क्षेत्र के देवीपुरवा, बंदनपुरवा, लल्लतूपुर्वा, पनपथा, मानबंगला, बाबूबंगला, बेनीपुरवा सहित अनेक गाँवों के पीड़ित लोगों को बालखंडेश्वर मंदिर प्रांगण में आमंत्रित कर राहत सामग्री बांटा और प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा भी लिया। विधायक के साथ प्रशासनिक अधिकारी, नगर पालिका के कर्मी भी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनी और आश्वासन दिया कि किसी भी परिवार को भूखा नहीं रहने दिया जाएगा।

हर परिवार को मिलेगा सहायता – विधायक
विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं। विधायक ने कहा बाढ़ से परेशान किसी भी व्यक्ति को राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। हमारी टीम घर-घर जाकर सूची तैयार कर रही है। जरूरत पड़ने पर नाव से भी राशन पहुंचाया जाएगा।

राशन किट पाकर हुैए भावुक
राहत किट में जरूरी सामान शामिल था। कई बुजुर्ग महिलाएं और छोटे बच्चों वाले परिवार किट पाकर भावुक हो गए। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि 2–3 दिनों से घर में कुछ नहीं बचा था, राशन मिलने से बड़ी राहत मिल गई।
चिकित्सा और साफ पानी की भी व्यवस्था
विधायक ने प्रशासन को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल स्वास्थ्य टीम भेजी जाए और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा बाढ़ से घिरे इलाकों में नाव की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिया। वहीं स्वच्छ पेयजल के लिए हैंडपंपों की सफाई और टैंकर से पानी सप्लाई करने के निर्देश दिए। नगर पालिका कर्मियों से क्षेत्र में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने को कहा गया ताकि बीमारी न फैले। इस अवसर पर एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी, सीताराम, प्रमोद, रवि वर्मा, सुरेश प्रधान सहित अन्य लोग शामिल रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन