: सीएम योगी से मिली गंगाघाट पालिकाध्यक्ष, कई अहम मुद्दों पर की चर्चा
Sat, May 10, 2025
नवीनमंडी समेत कई प्रमुख समस्याओं से मुख्यमंत्री को कराया अवगत
सैय्यद फैज़ान "शीबू" रहमान ✍️
उन्नाव। गंगाघाट नगर पालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडे व उनके प्रतिनिधि संदीप पांडे ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। कालीदास मार्ग स्थित सीएम आवास पर गुरुवार को पालिकाध्यक्ष कौमुदी पांडे ने अपने जनप्रतिनिधी संदीप पांडे के साथ मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंटकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद अपने कार्यकाल का लेखाजोखा सीएम के सामने रखा। पलिकाध्यक्ष ने बताया कि अपने कार्यकाल में उन्होंने क्या-क्या विकास कार्य कराए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से गंगाघाट नगर पालिका क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों की फाइल सीएम को देकर अपेक्षित सहयोग का अनुरोध किया।
चेयरमैन जनप्रतिनिधी संदीप पांडे ने बताया कि सीएम योगी के साथ बैठक मे नगर पालिकाध्यक्ष ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, खास कर नवीन गंगा पुल के निर्माण में देरी और नगर पालिका कार्यालय के लिए एक नए भवन की आवश्यकता पर प्रकाश डालने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री से मझरा पीपर खेड़ा और कटरी पीपर खेड़ा के अविकसित क्षेत्रों के विकास के लिए अतिरिक्त धनराशि प्रदान करने का भी अनुरोध किया, जो 2017 में नगर पालिका में जोड़े गए थे। पालिकाध्यक्ष द्वारा सीएम के समक्ष
रखी गई समस्याओं के विषय में भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया उक्त सभी समस्याओं के निराकरण संबंधी मुख्यमंत्री द्वारा आश्वासन दिया गया और कहा गया कि उच्च प्राथमिकताओं और त्वरित गति से सभी समस्याओं का निदान कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार नगरीय विकास को प्राथमिकता दे रही है और गंगाघाट जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक नगरों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
: गर्मी फुल बिजली गुल: गर्मी के साथ ही बिजली की आंख मिचौली शुरु
Tue, Apr 22, 2025
बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान
सैय्यद फ़ैज़ान "शीबू" रहमान✍️
उन्नाव।
जैसे-जैसे गर्मी का तापमान बढ़ रहा है। और बढ़ते तापमान से लोग परेशान हो रहे हैं। वैसे वैसे ही जनपद की बिजली व्यवस्था चरमराने लगी है। नगर में जगह-जगह विद्युत मंडल द्वारा डाली गई नई केबल लाइन के फाल्ट होने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। जिसकी वजह से लोगों को इस भयावह गर्मी में परेशानी उठानी पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार बढ़ते तापमान के कारण विद्युत मंडल द्वारा नगर में बिजली तारों के स्थान पर डाली गई घटिया केबल लाइन की कलई खुलने लगती है। इस बढ़ती गर्मी में जगह जगह केबल लाइन में आग लगने और लाइन फाल्ट होने की घटनाएं प्रतिदिन हो रही हैं। इसके अलावा रात दिन में न तो बिजली घंटो के हिसाब से जाने और न ही आने का ही ठिकाना रहता है। जबकि नगर में खंभों से जर्जर तार हटाकर बिजली की नई केबल लाइन बिछाई गई है। इस मामले में जब विद्युत मंडल के अधिकारियों से बात की जाती है तब एक ही जवाब सामने आता है कि गर्मी में केबल लाइन गर्म होने व लोड बढ़ने पर लाइन फाल्ट होने लगती है। जिससे व्यवस्था गड़बड़ा जाती है। इस मामले में नगरवासियों ने मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों से भी केबल दुरुस्त व बिजली संचारु रुप से सप्लाई करने की मांग की है।
: जाम से मिलेगी निजात : बड़ा चौराहा पर पार्किंग का काम शुरु
Mon, Apr 21, 2025
सदर विधायक पंकज गुप्ता और डीएम गौरांग राठी ने भूमि पूजन किया, जल्द काम के दिए निर्देश
सैय्यद फैज़ान "शीबू" रहमान ✍️
उन्नाव। शहर में लम्बे समय से सड़कों पर खड़े बेतरकीब वाहनों की वजह से हो रही जाम की समस्या से अब लोगों में राहत की उम्मीद जागी। सोमवार को बडा चौराहा में ओवरब्रिज के पास लेवल पार्किंग बनाने के कार्य का भूमि पूजन कर शुभारम्भ किया गया। सदर विधायक पंकज गुप्ता और जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कार्य का शुभारम्भ करके जल्द पार्किंग की सुविधा शहरवासियों को मिलने का भरोसा जताया। इससे नगर को जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। शहर के विकास के क्रम में यह कार पार्किंग सदर विधायक और डीएम गौरांग राठी के ड्रीम प्रोजेक्टों में एक रहा है।
डीएम ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की उपस्थिति में निर्धारित पार्किंग स्थल व आस-पास के क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। डीएम ने पार्किंग स्थल के आस-पास के क्षेत्र में अवैध कब्जे हटवाने और आवश्यकतानुसार सार्वजनिक शौचालय व पेयजल आदि व्यवस्थाएं करवाने के निर्देश भी दिया।
शहर को जाम से मुक्त करने और संवारने के लिए बनाई गईं योजनाओं पर अमल शुरू हो गया है। रुके कामों में सदर बाजार के पास वाहन पार्किंग, अतिक्रमण हटाने और वाहन अड्डों का संचालन शहर से बाहर कराने आदि से जुड़े काम शामिल हैं। इनमें सदर बाजार में सब्जी मंडी से छोटा चौराहा तक दिन में कई बार लगने वाले जाम का शहर वासियों को रोज सामना करना पड़ता है। हालात यह हैं कि सब्जी मंडी से छोटा चौराहा तक की दूरी तय करने में बड़ी मश्क्कत का सामना करना पड़ता है।
डीएम राठी ने निर्माण कार्य कराने वाली फर्म के कॉन्ट्रेक्टर को सख्त निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समय निर्धारित मैप एवं मानकों के अनुसार कराना तय करें। उन्होने बताया कि इस जगह को एक बेहतर स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि पार्किंग के साथ-साथ आम जनमानस को घूमने-फिरने, खाने-पीने आदि सुविधाएं मिल सकें।
इधर, यूएसडीए सचिव नवीन चन्द्र ने बताया कि पार्किंग का निर्माण दो महीने में पूरा होगा। निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। व्यापारियों और नागरिकों को कोई असुविधा न हो, इसका खास ख्याल रखा जाएगा। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रथम आनन्द कुमार नायक आदि रहे।