: तेज रफ्तार कार ने छीनी मासूम की जिंदगी, अस्पताल में मचा हंगामा
Fri, Oct 3, 2025
जिला अस्पताल पहुंचे सीओ सिटी और एसडीएम, परिजनों को दिलाया कार्रवाई का भरोसा
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के चौसन्धा गांव में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के आंगन में खेल रही मासूम बच्ची की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। परिजनों के आंसू और गुस्से से अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
गांव निवासी प्रेमशंकर की डेढ़ साल की नातिन चाहत दोपहर में घर के बाहर खेल रही थी। तभी तेज रफ्तार इको स्पोर्ट कार अचानक बेकाबू होकर बच्ची से जा टकराई। जोरदार टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घबराए परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार शुरू होते ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
बच्ची की मौत की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गम और गुस्से से भरे परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और आरोपी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी दीपक यादव और एसडीएम क्षितिज द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाकर स्थिति शांत कराई और भरोसा दिया कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अचलगंज पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान गदोखा गांव निवासी अनुज पुत्र अनिल के रूप में की है। सीओ सिटी दीपक यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
: जुमे की नमाज के दौरान पुलिस की मुस्तैदी, माहौल रहा शांत
Fri, Oct 3, 2025
ड्रोन से निगरानी, मस्जिदों के बाहर तैनात रहा भारी पुलिस बल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। शुक्रवार को जिलेभर में जुमे की नमाज शांति और सौहार्द के माहौल में अदा की गई। सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। शहर की प्रमुख जामा मस्जिद और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अजगैन और दही थानों की फोर्स भी सुरक्षा व्यवस्था में जुटी रही। जिले के नौ संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर वहां विशेष चौकसी की गई। तीन इंस्पेक्टर और आठ दरोगाओं को अलग-अलग इलाकों की जिम्मेदारी दी गई। नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास पुलिस जवान तैनात रहे और हर आने-जाने वाले पर नजर बनाए रखी। कई जगह अधिकारियों ने पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया।
बीते दिनों “आई लव मोहम्मद” प्रकरण के बाद जिले में तनाव का माहौल बना था। इसके चलते प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की व्यवस्था की।
एसपी जय प्रकाश सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग खुद की। वह विभिन्न स्थानों पर पहुंचे और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कंट्रोल रूम से भी हालात की समीक्षा लगातार होती रही। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से पुलिसकर्मियों का मनोबल ऊंचा रहा।
आईपीएस व सीओ सिटी दीपक यादव ने बताया कि जुमे की नमाज के दौरान मस्जिदों के बाहर और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त की गई। ड्रोन से भी निगरानी रखी गई। जिलेभर में शांति का माहौल है और लोगों ने पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग दिया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की मुस्तैदी और सजगता की सराहना की।
: पेपर लदे ट्रक और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, तीन गंभीर घायल
Fri, Oct 3, 2025
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की लापरवाही पर उठाए सवाल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के बक्खाखेड़ा हुसैन नगर मोड़ पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक पांच वर्षीय नाबालिग भी शामिल है। घटना पेपर से लदे एक ट्रक और पल्सर बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर का नतीजा बताई जा रही है।
मौके पर चश्मदीदों के मुताबिक, जमका पेपर मिल से कागज लादकर आ रहा ट्रक अचानक सामने से आ रही पल्सर बाइक से जोरदार टकरा गया। टक्कर की रफ्तार इतनी अधिक थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उस पर सवार तीनों व्यक्ति काफी दूर जा गिरे। एक युवक का पैर टक्कर की वजह से शरीर से अलग हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
घायलों
की
स्थिति
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत उन्नाव जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें कानपुर के एक उच्चस्तरीय अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायलों की पहचान संदीप (22 पुत्र सुंदर), गणेश (26 पुत्र बृजलाल) और संदीप के पांच वर्षीय भांजे के रूप में की है। तीनों दही थाना क्षेत्र के सुब्वाखेड़ा मजरा दुआ गांव के निवासी बताए जाते हैं।
चालक
गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सतर्क ग्रामीणों ने उसका पीछा करके पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक को थाने ले गई। घटना के कारणों की जांच पुलिस द्वारा जारी है।
स्थानीय
लोगों
का
आक्रोश
इस हादसे ने एक बार फिर इस खतरनाक मोड़ पर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही के सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस मोड़ पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन सड़क की खराब दशा सुधारने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने जोर देकर मांग की है कि इस ब्लैक स्पॉट पर तुरंत यातायात नियंत्रण के उचित इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उनका कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते राहगीरों की जान लगातार खतरे में पड़ रही है।