सर्दी में मिला सहारा : उन्नाव में ज़रूरतमंदों के लिए कंबल वितरण
Sun, Feb 1, 2026
लैडर फाउंडेशन के आयोजन में लगभग 100 लोगों को मिली राहत
उन्नाव। सर्द मौसम में गरीब और बेसहारा लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लैडर फाउंडेशन की ओर से जिले में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लगभग 100 जरूरतमंद लोगों को कंबल बांटे गए। कार्यक्रम का आयोजन ऐसे इलाकों में किया गया, जहां ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलता है और संसाधनों की कमी साफ नजर आती है। कार्यक्रम में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के जिला अध्यक्ष मोहम्मद अहमद, और शोएब और नफीक विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके साथ संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। सभी ने खुद आगे बढ़कर लोगों को कंबल वितरित किए और उनसे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।
इस मौके पर मोहम्मद अहमद ने कहा कि ठंड के मौसम में कमजोर वर्ग के लोगों की मदद करना सिर्फ सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इंसानियत का फर्ज है। उन्होंने बताया कि लैडर फाउंडेशन और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग का प्रयास है कि जरूरतमंदों तक सीधी मदद पहुंचे और उन्हें सम्मान के साथ राहत दी जा सके। भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।
कंबल पाकर लोगों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ नजर आया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान मोहम्मद शोएब, संजय जायसवाल, उमेश श्रीवास्तव, मून, दिलशाद भाई और इकराम फरीदी सहित कई लोग मौजूद रहे। सर्दी के इस दौर में लैडर फाउंडेशन की यह पहल न सिर्फ जरूरतमंदों के लिए सहारा बनी, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी आगे आकर मदद करने की प्रेरणा दे गई।
जनता की सेहत से खिलवाड़ : उन्नाव में पैक्ड पानी की बिक्री बंद
Sun, Feb 1, 2026
खाद्य आयुक्त के आदेश पर 10–11 जनवरी को लिए गए थे सैंपल
उन्नाव। प्रदेशभर में पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर की गुणवत्ता को लेकर की गई विशेष जांच के बाद उन्नाव के कई पानी प्लांटों पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खाद्य आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर 10 और 11 जनवरी को प्रदेशव्यापी स्तर पर पानी प्लांटों की जांच कराई गई थी। इसी क्रम में जनपद उन्नाव के विभिन्न प्लांटों से पानी के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट आने के बाद साफ हुआ कि इन प्लांटों से बिक रहा पानी सेहत के लिए सुरक्षित नहीं है। रिपोर्ट में बताया गया है कि पानी में टीडीएस, मैग्नीशियम और कैल्शियम की मात्रा तय मानकों से कहीं अधिक पाई गई। मानकों से अधिक खनिज तत्व पाए जाने के कारण पानी को असुरक्षित और अधोमानक घोषित कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट के आधार पर संबंधित पानी प्लांटों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही प्लांटों को बंद कराने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं, ताकि आम लोगों तक यह पानी न पहुंच सके। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई सीधे खाद्य आयुक्त स्तर से की गई है, जिससे साफ है कि सरकार पेयजल की गुणवत्ता को लेकर कोई समझौता नहीं करना चाहती। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाए और किसी भी तरह की बिक्री या आपूर्ति पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। हालांकि इस पूरे मामले में विभागीय स्तर पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नजर नहीं आई। सहायक खाद्य आयुक्त प्रियंका सिंह से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका। वहीं एडीएम वित्त एवं राजस्व ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस संबंध में जानकारी नहीं है और मामले की जानकारी लेकर बाद में स्थिति स्पष्ट की जाएगी। पानी जैसी बुनियादी जरूरत से जुड़ा यह मामला सामने आने के बाद लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानक से अधिक खनिज तत्वों वाला पानी लंबे समय तक सेवन करने से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि न सिर्फ कार्रवाई करे, बल्कि आम जनता को भी जागरूक करे कि वे केवल प्रमाणित और मानक के अनुरूप पानी का ही उपयोग करें।
शहर में फिर बवाल : मोतीनगर में युवकों की मारपीट का वीडियो वायरल
Sat, Jan 31, 2026
गांधीनगर की घटना के बाद शहर में दूसरी बड़ी मारपीट की वारदात
उन्नाव। शहर के मोतीनगर इलाके में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूएसडीए कार्यालय की पार्किंग के पास दो गुटों के बीच जमकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि युवक एक-दूसरे पर बेल्ट से हमला करते नजर आए। पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब सवा आठ बजे की है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कई युवक गाली-गलौज करते हुए एक-दूसरे के पीछे दौड़ रहे हैं। कुछ युवक हाथों में बेल्ट लेकर मारपीट कर रहे हैं, जबकि एक युवक खुद को बचाने के लिए मदद की गुहार लगाता दिखता है। इसके बावजूद तीन से चार युवक उसे घेरकर पीटते रहे। आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बीच-बचाव की हिम्मत नहीं की। स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की वजह एक लड़की को लेकर आपसी कहासुनी बताई जा रही है। झगड़े में शामिल युवक मोतीनगर और आवास विकास क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई है। सदर कोतवाली पुलिस ने फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौर करने वाली बात यह है कि शहर में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले भी दो दिन पहले गांधीनगर तिराहे के पास युवकों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।