क्लोरीन डोजर ठप : शहर में बिना शुद्धिकरण घरों तक पहुंच रहा पानी
Sun, Jan 4, 2026
24 ट्यूबवेलों में अधिकतर पर खराब पड़ी मशीनें, तीन लाख आबादी की सेहत पर खतरा
उन्नाव। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जलापूर्ति से हुई मौतों ने जिस तरह चिंता बढ़ाई थी, वैसी ही आशंका अब उन्नाव को लेकर भी गहराने लगी है। शहर की पेयजल व्यवस्था इन दिनों गंभीर लापरवाही का शिकार है। नगर पालिका क्षेत्र में लोगों को जो पानी मिल रहा है, वह शुद्धिकरण की जरूरी प्रक्रिया से गुजरे बिना सीधे नलों तक पहुंच रहा है। हालात ऐसे हैं कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो उन्नाव में भी दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियां विकराल रूप ले सकती हैं। नगर में जलापूर्ति के लिए कुल 24 ट्यूबवेल संचालित हैं। नियम के मुताबिक हर ट्यूबवेल की मुख्य पाइपलाइन में क्लोरीन डोजर मशीन लगी होती है, जिससे तय मात्रा में क्लोरीन मिलाकर पानी को पीने योग्य बनाया जाता है। लेकिन हकीकत यह है कि अब्बासबाग, भरत मिलाप, बाबूगंज, मोहारीबाग समेत अधिकांश इलाकों के ट्यूबवेलों पर ये मशीनें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। कहीं मशीनें पूरी तरह बंद हैं, तो कहीं क्लोरीन मिलाने की प्रक्रिया केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। इसका सीधा असर शहर की करीब तीन लाख आबादी पर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई मोहल्लों में पानी से दुर्गंध आती है और कभी-कभी उसका रंग भी बदला हुआ नजर आता है। पुरानी और जर्जर पाइपलाइनों से गंदगी मिल जाने की आशंका और बढ़ जाती है।
कॉलोनियों और तंग गलियों में लोहे की पाइपलाइन नालियों के भीतर से जालों की तरह निकली हैं। लोहे की पाइप होने के कारण इनमें जंग जल्दी लगता है, जिससे लीकेज की संभावना बढ़ जाती है। पालिका के दावों के विपरीत, कई वार्डों में आज भी लोग असुरक्षित तरीके से बिछी लाइनों से पानी पीने को मजबूर हैं।
इसके बावजूद नगर पालिका स्तर पर न तो नियमित जांच हो रही है और न ही वैकल्पिक शुद्धिकरण की कोई ठोस व्यवस्था की गई है। चिकित्सकों के मुताबिक यह स्थिति बेहद खतरनाक है। फिजिशियन डॉ. कौशलेंद्र प्रकाश बताते हैं कि बिना क्लोरीन मिला पानी लंबे समय तक पीने से डायरिया, पीलिया, टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। खासकर छोटे बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग सबसे ज्यादा जोखिम में रहते हैं। दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियां अक्सर अचानक गंभीर रूप ले लेती हैं, जिससे अस्पतालों पर भी दबाव बढ़ जाता है। शहरवासियों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले। न मशीनों की मरम्मत हुई और न ही पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच शुरू हो सकी। लोगों में नाराजगी इस बात को लेकर है कि जब दूसरे शहरों में दूषित जलापूर्ति से जानें जा चुकी हैं, तो उन्नाव में चेतावनी के बाद भी सुधार क्यों नहीं किया जा रहा। इस मामले में जलकल प्रभारी अनिल शर्मा का कहना है कि क्लोरीन डोजर मशीनों की मरम्मत के लिए जरूरी सामान मंगवाया गया है, जो सोमवार तक पहुंच जाएगा। इसके बाद सभी खराब मशीनों को दुरुस्त कराकर शुद्धिकरण प्रक्रिया को फिर से नियमित किया जाएगा। हालांकि सवाल यही है कि जब तक यह व्यवस्था पूरी तरह बहाल नहीं होती, तब तक लोगों की सेहत की जिम्मेदारी कौन लेगा। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पेयजल का यह संकट किसी बड़े स्वास्थ्य संकट में बदल सकता है।
आस्था के पहरे टूटे : मां चंडिका देवी मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना
Sat, Jan 3, 2026
एक हफ्ते का चढ़ावा ले गए चोर, पुजारी सुबह पहुंचे तो टूटा मिला ताला
उन्नाव। बीघापुर कस्बे में स्थित बक्सर गांव के प्रसिद्ध मां चंडिका देवी मंदिर में शुक्रवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के तीन-तीन ताले तोड़कर गर्भगृह तक पहुंच बनाई और दानपात्र समेत पूजन सामग्री उठा ले गए। दानपात्र में करीब 40 हजार रुपये होने की बात कही जा रही है। घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है। शनिवार सुबह जब मंदिर के पुजारी रोजाना की पूजा के लिए पहुंचे तो उन्होंने मंदिर के ताले टूटे देखे। अंदर जाने पर दानपात्र गायब मिला और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद तुरंत पुलिस और मंदिर समिति को सूचना दी गई। चोरी की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। सबसे पहले गंगा की ओर से आने वाले रास्ते पर लगे चैनल का ताला तोड़ा गया। इसके बाद मंदिर की बाहरी दीवार पर लगे चैनल का ताला तोड़ा गया। अंत में गर्भगृह की ओर जाने वाले रास्ते का ताला तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए। चोरों ने गर्भगृह में रखे दानपात्र को उखाड़ लिया और उसे लेकर फरार हो गए। इसके साथ ही पूजा में इस्तेमाल होने वाला कुछ अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। मंदिर परिसर में मौजूद देवी प्रतिमा के चेहरे पर लगे मुखौटे को भी उखाड़ने की कोशिश की गई, हालांकि चोर उसे ले जाने में सफल नहीं हो सके। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर काफी देर तक मंदिर के अंदर रहे और बिना किसी डर के उन्होंने ताले तोड़कर चोरी की। सूचना मिलने पर बारासगवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीओ बिघापुर मधुपनाथ मिश्रा और थानाध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्र ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध चोर साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उनकी पहचान कर ली जाएगी और घटना का खुलासा किया जाएगा। मंदिर परिसर की देखरेख करने वाले मोहित दुबे ने बताया कि दानपात्र में पिछले एक सप्ताह में चढ़ावा चढ़ा था, जिसकी रकम लगभग 40 हजार रुपये के आसपास थी। उन्होंने मंदिरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है। घटना के बाद श्रद्धालुओं में रोष है। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे धार्मिक स्थल भी अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का भरोसा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचा जाएगा।
अनहोनी का ठीकरा फिर पिता पर न फूटे : ऐश्वर्या सेंगर ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखी चिट्ठी
Sat, Jan 3, 2026
सीबीआई और विशेषज्ञ संस्थानों की रिपोर्ट का ज़िक्र, दुर्घटना को बताया गया था हादसा
उन्नाव। माखी रेप कांड इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में है। हाई कोर्ट से कुलदीप सिंह सेंगर को मिली राहत और उस पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने के बाद मामला दोबारा गर्मा गया है। पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक चिट्ठी लिखकर अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि मौजूदा हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि अगर भविष्य में कोई भी अनहोनी होती है, तो बिना जांच के उसका आरोप फिर उनके पिता पर डाल दिया जाएगा। ऐश्वर्या का कहना है कि शिकायतकर्ता लगातार सार्वजनिक मंचों, मीडिया और सोशल मीडिया पर आत्महत्या करने या जान को खतरा होने जैसी बातें कह रही हैं। उनके मुताबिक, इससे न सिर्फ दबाव बनाया जा रहा है, बल्कि एक डर का माहौल भी बन रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर शिकायतकर्ता या उसके परिवार के साथ कुछ भी गलत होता है, तो सीधे उनके पिता को जिम्मेदार ठहरा दिया जाएगा, चाहे सच्चाई कुछ भी हो। चिट्ठी में ऐश्वर्या ने 2018 की घटनाओं का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह के प्रयास के बाद पूरा मामला अचानक दूसरी दिशा में चला गया था। उस समय उनके पिता के खिलाफ कोई ठोस या वैज्ञानिक सबूत नहीं था, फिर भी माहौल के दबाव में कार्रवाई कर दी गई। ऐश्वर्या ने यह भी याद दिलाया कि जिस सड़क दुर्घटना ने पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया था, उसकी जांच सीबीआई, आईआईटी दिल्ली की विशेषज्ञ टीम, सीएफएसएल और सीआरआरआई जैसी संस्थाओं ने की थी। इन सभी ने इसे साफ तौर पर एक हादसा माना था। दिल्ली की अदालत ने भी इस मामले में कुलदीप सिंह सेंगर को दोषमुक्त कर दिया था और आज तक इस फैसले के खिलाफ कोई अपील नहीं हुई। इसके बावजूद, उनका कहना है कि आज भी उनके पिता को उसी हादसे के लिए जिम्मेदार बताया जाता है।
ऐश्वर्या ने लिखा है कि लगातार बन रही नकारात्मक धारणा की वजह से उनके परिवार को निष्पक्ष सुनवाई का हक भी प्रभावित हो रहा है। जब भी कोई कानूनी फैसला उनके पक्ष में आता है, तो उनके पिता के खिलाफ माहौल बना दिया जाता है और आंदोलन जैसी स्थिति खड़ी हो जाती है। इससे एक सामान्य परिवार की तरह जीना भी मुश्किल हो गया है। चिट्ठी के जरिए ऐश्वर्या सेंगर ने गृह मंत्री से मांग की है कि शिकायतकर्ता और उसके परिवार को राज्य सरकार की ओर से पूरी और लगातार सुरक्षा दी जाए, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका न रहे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि भविष्य में किसी भी घटना का राजनीतिक या मीडिया स्तर पर गलत इस्तेमाल न हो और बिना जांच के किसी को दोषी न ठहराया जाए। पत्र के अंत में ऐश्वर्या ने साफ किया है कि यह चिट्ठी किसी के खिलाफ नहीं है, बल्कि एक बेटी और एक नागरिक की मानवीय अपील है। उनका कहना है कि अगर समय रहते हालात को गंभीरता से नहीं समझा गया, तो एक और बड़ा अन्याय हो सकता है। उन्हें उम्मीद है कि गृह मंत्री इस संवेदनशील मामले को समझेंगे और सभी पक्षों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।