मतदाता सूची के सुधार अभियान में तेजी : जिले 4 लाख से अधिक नाम जांच के दायरे में
Thu, Dec 11, 2025
12 दिसंबर को चलेगा विशेष घर-घर सत्यापन अभियान, नए नाम जुड़ेंगे और अपात्र हटेंगे
उन्नाव। जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चल रहा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 4 लाख 2 हजार 56 ऐसे मतदाता चिन्हित किए गए हैं जो एएसडी यानि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या पहले से दर्ज नाम की श्रेणी में आते हैं। सभी मामलों का फील्ड स्तर पर सत्यापन कराया जा रहा है ताकि अंतिम सूची पूरी तरह सही हो। एडीएम उन्नाव सुशील कुमार गोंड ने बताया कि जिले में कुल 23 लाख 25 हजार 53 मतदाता पंजीकृत हैं। एसआईआर अभियान के तहत सभी मतदाताओं तक सर्वे प्रपत्र पहुंचा दिए गए हैं और डिजिटाइजेशन का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि लगभग 17.28 प्रतिशत मतदाता एएसडी श्रेणी में मिले हैं, जिनकी जानकारी बूथ लेवल अधिकारियों और बूथ लेवल एजेंट्स को दे दी गई है। हर बूथ पर एएसडी सूची उपलब्ध कराई गई है ताकि त्रुटियों को तुरंत सुधारा जा सके।
एडीएम गोंड ने बताया कि 12 दिसंबर को पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान टीमें घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगी। योग्य नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, जबकि अपात्र नाम हटाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को भी इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए सूचित किया गया है ताकि अभियान पारदर्शी बने और किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।
उन्होंने बताया कि फील्ड स्टाफ लगातार काम में जुटा है और लोगों को आवश्यक सुधार के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य एक ऐसी मतदाता सूची तैयार करना है जो पूरी तरह सटीक, अपडेटेड और भरोसेमंद हो।
अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन पूरा होने के बाद उन्नाव की मतदाता सूची पहले की तुलना में काफी बेहतर और त्रुटिरहित होगी। प्रशासन को उम्मीद है कि अभियान से चुनावी तैयारी और मजबूती पाएगी तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना कम होगी।
पूर्व सैनिकों की बैठक में समाजसेवा के नए अभियान तय : चार नए सदस्य जुड़े
Thu, Dec 11, 2025
पूर्व सैनिकों ने कहा, राष्ट्र सेवा के बाद समाज सेवा भी समान जिम्मेदारी
उन्नाव। पूर्व सैनिक समाज सेवा एसोसिएशन की बैठक रविवार को करोवन मोड़ स्थित मिडोज गेस्ट हाउस में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश सिंह सेंगर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत संगठन की अब तक की गतिविधियों और विभिन्न सामाजिक अभियानों की समीक्षा से हुई। बैठक में जिले में संगठन का विस्तार, जरूरतमंद परिवारों की सहायता, युवाओं को सही मार्गदर्शन और सामाजिक जागरूकता अभियानों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की रक्षा के साथ समाज निर्माण में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है और आगे भी यह सेवा भावना उसी मजबूती के साथ जारी रहेगी। एसोसिएशन की आगामी कार्ययोजना भी इसी बैठक में तय की गई। इसमें सेवा शिविर, जनहित कार्यक्रम, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मार्गदर्शन सत्र, तथा आपदा या संकट की स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराने जैसी प्रमुख गतिविधियाँ शामिल हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि इन कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों तक मदद पहुंच सके।
बैठक के दौरान जिला संयोजक आशुतोष मिश्रा ने संगठन में चार नए पूर्व सैनिक सदस्यों को सदस्यता दिलाई। नए सदस्यों ने समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देने की बात कही। प्रदेश महासचिव संजय सिंह फौजी का संदेश भी बैठक में साझा किया गया, जिसमें उन्होंने पूर्व सैनिकों को समाज की अमूल्य शक्ति बताते हुए संगठन को और मजबूती से काम करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजेश सिंह सेंगर, जिला संयोजक आशुतोष कुमार मिश्रा, मास्टर वारंट ऑफिसर योगेंद्र सिंह, सूबेदार वीडियो अजय कुमार मिश्रा, वीके सिंह, वी वी सिंह, फूल सिंह, राजेश बाजपेई, वासुदेव सिंह, एसपी यादव, कृष्णपाल सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने और समाज के हित में बेहतर समन्वय के साथ काम करने का संकल्प लिया गया।
छोटी सी तकरार बनी जानलेवा : युवक की मौत से मोहल्ला सहमा
Thu, Dec 11, 2025
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेजा, आरोपी को पकड़ने में कई टीम जुटी
उन्नाव। शहर के मोहल्ला नुरुद्दीन नगर में गुरुवार देर शाम एक मामूली सी नोकझोंक ने 22 साल के युवक की जान ले ली। वारदात जिसने पूरे मोहल्ले को सन्न कर दिया, उसकी शुरुआत सड़क किनारे जल रहे कचरे से हुई। बताया जा रहा है कि मो. तुफैल अहमद किसी काम से बाहर निकला था। उसी दौरान आग को हटाने के लिए रखा डंडा उसके पैर से छू गया। इसी बात को लेकर पास में मौजूद रहमत अली से उसकी तू-तू, मैं-मैं हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच की कहासुनी बढ़ी और रहमत अली गुस्से में आकर उसी डंडे को उठाकर तुफैल के सिर पर दे मारा। वार इतना तेज था कि तुफैल मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे संभाला और आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में भर्ती किया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसने दम तोड़ दिया। तुफैल की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। आस-पड़ोस के लोग भी बड़ी संख्या में जमा हो गए। माहौल तनावपूर्ण होता देख कोतवाली सदर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत किया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा कराया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिवार के मुताबिक तुफैल रोज कमाने वाला लड़का था और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। वह अपने माता-पिता के साथ रहता था और दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह घर चलाता था। पड़ोसियों का कहना है कि तुफैल और रहमत के बीच पहले कभी कोई गंभीर विवाद नहीं हुआ। दोनों सामान्य व्यवहार में रहते थे। लेकिन गुरुवार की वह छोटी सी तकरार अचानक हिंसक मोड़ ले गई, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।इधर, सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि आरोपी रहमत अली वारदात के बाद घर छोड़कर फरार हो गया। उसकी तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि इलाके में शांति बनी हुई है और हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। उधर, घटना से पूरे मोहल्ले में गम और दहशत का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि छोटी सी बात पर कोई किसी की जान ले लेगा, यह सोचकर ही रूह कांप जाती है।