Tue 23 Jun 2026

ब्रेकिंग

बैटरी रिक्शा जलकर राख

एआरटीओ कार्यालय विवाद में विभाग का पक्ष आया सामने

बच्चों के सामने पत्नी को पीटता रहा पति

जिला महिला अस्पताल का आदर्श टीकाकरण केंद्र बना मिसाल, रविवार को भी मिल रही सुविधा

ऑटो पलटने से मजदूर की गई जान

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

भीषण गर्मी में बिजली संकट पर फूटा गुस्सा : डीएम आवास से लेकर पावर हाउस तक प्रदर्शन

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Thu, May 21, 2026
Post views : 273

लो-वोल्टेज और कटौती से परेशान लोग सड़कों पर, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी


उन्नाव। भीषण गर्मी के बीच चरमराई बिजली व्यवस्था अब लोगों के सब्र की सीमा पार करती दिख रही है। लगातार कटौती, लो-वोल्टेज और घंटों बिजली गुल रहने से परेशान ग्रामीणों और शहरवासियों का गुस्सा बुधवार रात खुलकर सड़कों पर दिखाई दिया। जिले के अलग-अलग इलाकों में लोगों ने प्रदर्शन कर प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। सिकंदरपुर सरोसी द्वितीय क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य नीतू सिंह सेंगर के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण सीधे जिलाधिकारी आवास पहुंच गए। देर रात हुए इस प्रदर्शन में लोगों ने आरोप लगाया कि कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बदहाल हो चुकी है, लेकिन विभागीय अधिकारी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे।

ग्रामीणों का कहना था कि दिन में कई-कई घंटे बिजली गायब रहती है, जबकि रात में भी लगातार ट्रिपिंग और कटौती से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि पतारी, राजेपुर, पाठिका पुर, सिकंदरपुर सरोसी और थाना गांव समेत कई इलाकों में हालात बेहद खराब हैं। गर्मी के चलते घरों में रहना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है, क्योंकि अधिकांश इलाकों में पानी की सप्लाई मोटरों पर निर्भर है। लोगों का आरोप था कि शिकायत के लिए फोन करने पर अधिकारी कॉल तक रिसीव नहीं करते। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शन के दौरान नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की और चेतावनी दी कि अगर जल्द हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य नीतू सिंह सेंगर ने कहा कि ग्रामीण लगातार बिजली संकट झेल रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गांवों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और खराब ट्रांसफार्मरों व लाइनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों की ओर से करीब एक घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति सामान्य कराने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद लोग शांत हुए। उधर शहर के करोवन मोड़ स्थित मानस विहार कॉलोनी में भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कॉलोनी के निवासियों ने कुन्दन रोड पावर हाउस पहुंचकर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि बार-बार ट्रिपिंग और लंबे कटौती शेड्यूल से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। रात में बिजली गायब रहने से लोगों की नींद तक पूरी नहीं हो पा रही।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पावर हाउस पर कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था, जिससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। लगातार बढ़ते विरोध प्रदर्शनों ने साफ कर दिया है कि गर्मी के इस मौसम में बिजली संकट अब लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या बन चुका है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन लोगों का कहना है कि उन्हें अब आश्वासन नहीं, जमीन पर सुधार चाहिए।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन