उन्नाव में अखिलेश यादव का वार : बेरोजगारी और वोट कटने पर सरकार घेरा
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Feb 13, 2026
निजी समारोह में शामिल होने के बाद मीडिया से की बातचीत

उन्नाव। शहर के एक रिसॉर्ट में शुक्रवार को शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश सरकार और सत्तारूढ़ दल पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और युवाओं में सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है।
बेरोजगारी और महंगाई को लेकर उन्होंने कहा कि नौजवान डिग्रियां लेकर घूम रहे हैं, लेकिन रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे। भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार अब तक इसे रोकने में क्यों नाकाम रही। उनका कहना था कि अगर पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं कराई जाएं तो युवाओं का भरोसा मजबूत होगा। उन्होंने पूछा कि पेपर लीक मामलों में किन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पढ़ाई, रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों पर युवा एकजुट हो रहे थे, जिससे सत्ता पक्ष को खतरा महसूस हुआ। इसी वजह से समाज को बांटने की कोशिशें तेज की गईं। उन्होंने नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां युवाओं की एकजुटता ने राजनीतिक बदलाव की राह बनाई।
मतदाता सूची को लेकर भी उन्होंने गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि फॉर्म-7 के जरिए वोट काटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उससे जुड़ी कुछ “अदृश्य कंपनियां” इस प्रक्रिया में सक्रिय हैं, जबकि यह जिम्मेदारी पूरी तरह चुनाव आयोग की है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज हो और किसी का वोट गलत तरीके से न हटे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष मतदाता सूची सबसे अहम आधार है और इसमें किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
संविधान का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि देश का संविधान सभी को बराबरी का अधिकार देता है और धर्म या जाति के आधार पर भेदभाव की अनुमति नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं हैं।विकास कार्यों पर उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान शुरू हुई एक्सप्रेस-वे और अन्य बुनियादी परियोजनाओं का लाभ आज भी लिया जा रहा है, लेकिन मौजूदा सरकार के कार्यकाल में जमीन पर नया विकास कम दिखता है। आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने सहयोगियों के साथ मजबूती से मैदान में उतरेगी और युवाओं, किसानों व आम जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन