विकास कार्यों की समीक्षा : मंत्री धर्मपाल सिंह बोले—समय और गुणवत्ता से समझौता नहीं
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Apr 24, 2026
गेहूं खरीद, जल योजना, स्वास्थ्य, सफाई और पुलिसिंग पर फोकस, बोले—लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उन्नाव। जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को उन्नाव पहुंचकर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी और प्रशासन को सख्त संदेश दिया। उन्होंने साफ कर दिया कि जनहित से जुड़े किसी भी काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर विभाग तय समय में जिम्मेदारी निभाए। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और अन्य अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि काम सिर्फ पूरा करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि वह टिकाऊ और मानक के अनुरूप भी होना चाहिए। किसानों के मुद्दे पर खास ध्यान देते हुए मंत्री ने गेहूं खरीद में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को प्राथमिकता दी जाए और बिचौलियों की भूमिका पर सख्ती से नजर रखी जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिल सके। गौ संरक्षण को लेकर भी मंत्री ने अधिकारियों को सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने भूसा बैंक की व्यवस्था मजबूत करने और गौशालाओं में व्यवस्थाएं बेहतर करने के निर्देश दिए, ताकि पशुओं की देखभाल में किसी तरह की कमी न रहे। जल जीवन मिशन और हर घर जल योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके। शहरी व्यवस्थाओं पर बात करते हुए मंत्री ने साफ-सफाई, ड्रेनेज सिस्टम और संचारी रोग नियंत्रण अभियान को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी और बारिश के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य और स्वच्छता दोनों पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी दवाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है। बिजली व्यवस्था की समीक्षा में उन्होंने निर्देश दिए कि आपूर्ति में सुधार किया जाए और खराब ट्रांसफार्मरों को समय से बदला जाए, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली संकट न हो।शिक्षा के क्षेत्र में ‘स्कूल चलो अभियान’ को प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। कानून व्यवस्था को लेकर भी मंत्री का रुख कड़ा नजर आया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थानों में आने वाली हर शिकायत पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाने में कोई ढिलाई न बरती जाए। समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाला अहम कदम बताते हुए विपक्ष पर इस मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन