मतदाता सूची सुधार : नाम छूटे हों तो अब जुड़ सकेंगे, आयोग ने बढ़ाई समय सीमा
Mon, Dec 1, 2025
ड्राफ्ट लिस्ट 16 दिसंबर को, अंतिम 14 फरवरी
उन्नाव। जिले में चल रही मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया की तारीखें बढ़ा दी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने नया कार्यक्रम जारी किया है। अब मतदाताओं की गिनती और जांच का काम 11 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इसी दौरान हर मतदान केन्द्र की फिर से जांच होगी और जरूरत के हिसाब से बदलाव भी किए जाएंगे।12 दिसंबर से 15 दिसंबर के बीच पूरे आंकड़े ठीक किए जाएंगे और मतदाता सूची का पहला ड्राफ्ट तैयार होगा। यह वह सूची होती है जिसे आगे लोगों के सामने रखा जाता है ताकि अगर कोई नाम छूट गया हो तो उसे जोड़ा जा सके। 16 दिसंबर 2025 को पहला ड्राफ्ट जारी होगा। इसके बाद 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक लोगों से आवेदन लिए जाएंगे। इस समय में कोई भी व्यक्ति नाम जोड़ने, कटवाने या सुधार करवाने की मांग कर सकता है।
अधिकारियों द्वारा दावे और आपत्तियों की जांच 16 दिसंबर 2025 से 7 फरवरी 2026 तक की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद 10 फरवरी 2026 को आयोग से अनुमति ली जाएगी और 14 फरवरी 2026 को जिले में अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभी तक जिले में करीब 17 लाख फार्म कम्प्यूटर पर दर्ज किए जा चुके हैं। यह कुल काम का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा है। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा है कि जिन बूथ स्तर अधिकारियों के यहां काम धीमा है, उन्हें जरूरत के हिसाब से मदद दी जाए ताकि काम समय से पूरा हो सके।
ड्राफ्ट सूची जारी होने से पहले हर बूथ पर बूथ स्तर अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक होगी। इस बैठक में उन लोगों की सूची दी जाएगी जिनके नाम ड्राफ्ट में नहीं आए हैं। इससे यह ध्यान रखा जाएगा कि किसी पात्र मतदाता का नाम आखिर में छूट न जाए।
फरीदपुर के धौरेरा में पुलिया नीचे : से युवक का शव बरामद, हत्या की आसंका
Sun, Nov 30, 2025
उत्तर प्रदेश बरेली
: दरअसल जनपद में थाना फरीदपुर क्षेत्र के ग्राम धौरेरा मोड़ के पास सोमवार प्रातः एक युवक का शव मिलने से थाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई।पुलिस द्वारा बरामद किए गए युवक के शव की पहचान जुनैद के रूप में हुई है।
पुलिस अनुसार शव सड़क किनारे पुलिया के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा पाया गया जिसे स्थानीय लोगों की सूचना पर थाना फरीदपुर पुलिस ने मौके पर पहुँच अपने कब्जे में लेकर पंचनामा पश्चात पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि जुनैद रविवार देर रात्रि अपने दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला था जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा रविवार प्रातः जुनैद का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों ने जुनैद के दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि मौत सामान्य नहीं,बल्कि साजिशन हत्या की आशंका जताई है।परिजनों अनुसार जुनैद के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे संदिग्ध परिस्थितियाँ कहीं न कहीं हत्या की ओर इशारा कर रही हैं।
परिजनों का आरोप है कि दोस्तों ने रंजिश या विवाद के चलते उसकी हत्या की है और शव को पुलिया नीचे फेंक दिया है हालांकि पुलिस ने किसी तरह कीकोई पुष्टि नहीं की है।
फरीदपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर तरीके से जाँच की जा रही है,दोस्त आखिरी बार जुनैद के साथ थे, इस लिए उनसे पूँछताछ की जा रही है।पुलिस यह भी ज्ञात करने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत हादसे से हुई या किसी आपराधिक वारदात से।फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्टता हो सकेगा।
घटना के बाद गांव में दहशत एवं आक्रोश का माहौल है,लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।पुलिस टीम घटनास्थल की बारीकी से पड़ताल में जुटकर आस पास स्थित कैमरों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।संदिग्ध मामले मेंरिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पिच क्यूरेटर का निरीक्षण : मौरावां में क्रिकेट विकास की उम्मीद
Sun, Nov 30, 2025
नगर पंचायत अध्यक्ष और यूपीसीए के वादे पर आगे बढ़े कदम
उन्नाव। मौरावां में क्रिकेट के सपने को मैदान मिलने की उम्मीद तेज होती दिख रही है। रविवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट पिच क्यूरेटर शिव कुमार ने नगर पंचायत क्षेत्र का दौरा किया। वह यहां यूपीसीए की ओर से संभावित क्रिकेट ग्राउंड का मूल्यांकन करने पहुंचे थे। मेला मैदान में उनका स्वागत डीसीए उन्नाव के जॉइंट सेक्रेटरी राजेश चौधरी और नगर पंचायत अध्यक्ष मौरावां के प्रतिनिधि जमुना तिवारी ने किया। यह पूरा पहल पिछले वर्ष किए गए उस वादे से जुड़ा है, जब नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर विवेक सेठ ने युवाओं के लिए लगभग 10 बीघा जमीन क्रिकेट मैदान के लिए उपलब्ध कराने की बात कही थी। यही प्रस्ताव बाद में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अरविंद श्रीवास्तव कमल तक पहुंचा और फिर विकास समिति ने स्थल निरीक्षण का निर्णय लिया। उसी कड़ी में शिव कुमार को मौरावां भेजा गया ताकि जमीन और माहौल दोनों का परीक्षण हो सके।शिव कुमार ने नगर में मौजूद कई जगहों का जायजा लिया। उन्होंने मिट्टी की गुणवत्ता, पानी की पहुंच, मैदान के विस्तार की संभावना और पिच तैयार करने को लेकर प्राथमिक रिपोर्ट तैयार की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में क्रिकेट अकादमी और पिच विकसित होने की पूरी संभावना है। बच्चों और युवाओं के लिए एक सुनियोजित और मानक क्रिकेट ग्राउंड तैयार किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कार्ययोजना जल्द बनती है तो यहां अभ्यास के साथ भविष्य में जिला स्तरीय मैच भी कराए जा सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने उनसे बातचीत की और आस पास के गांवों में क्रिकेट खेलने वाले युवाओं की संख्या, टूर्नामेंट की परंपरा और प्रशिक्षण सुविधाओं की कमी के बारे में जानकारी दी। शिव कुमार ने सभी बातों को सुना और आश्वासन दिया कि प्रयास सही दिशा में बढ़ रहा है। मैदान के विकसित हो जाने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को बाहर जिले में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी और नई पीढ़ी को बेहतर प्रशिक्षण अपने ही क्षेत्र में मिल सकेगा।
निरीक्षण में कई खिलाड़ी, खेल प्रेमी और पंचायत के लोग भी शामिल रहे। जिनमें राजेश चौधरी, जमुना तिवारी, अवधेश दीक्षित, राकेश रावत, प्रदीप सिंह, सीमा सिंह, रामबाबू, गौरी सिंह और वीरू रावत प्रमुख रूप से मौजूद थे। लोगों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही मौरावां में युवाओं के लिए एक बड़ा खेल केंद्र विकसित होगा और यहां से भी प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेंगी। मौरावां के लिए यह केवल एक दौरा नहीं था, बल्कि खेल संस्कृति की दिशा में बढ़ा हुआ कदम भी था। अब निगाहें इस बात पर हैं कि निरीक्षण रिपोर्ट के बाद आगे की औपचारिकताएं कितनी जल्दी पूरी होकर मैदान निर्माण की शुरुआत कराती हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में यही मेला मैदान स्पोर्ट्स की नई पहचान बनेगा और मौरावां के बच्चे हर रोज जिस पिच पर खेलेंगे वही एक दिन किसी बड़े खिलाड़ी के कदमों की शुरुआत भी बन सकती है।