द्वारिकेश चीनी मिल ने फिर किया किसानों का दिल खुश : 21 करोड़ से अधिक राशि खातों में भेजी
Mon, Dec 15, 2025
यूपी बरेली के फरीदपुर तहसील क्षेत्र स्थित द्वारिकेश चीनी मिल ने एक बार फिर गन्ना किसानों का भरोसा जीत लिया है। पेराई सत्र 2025-26 में सर्वप्रथम भुगतान करने वाली इस मिल ने किसानों के खातों में 21 करोड़ 24 लाख 29 हजार रुपये की भारी-भरकम राशि भेजकर किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है।
यह भुगतान उन किसानों को किया गया है जिन्होंने 2 दिसंबर से 8 दिसंबर 2025 के बीच मिल को गन्ना आपूर्ति की थी। समिति द्वारा उपलब्ध कराई गई किसानों की सूची के अनुसार, यह राशि 15 दिसंबर को सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई।
किसानों में इस समाचार के बाद खुशी का माहौल है। कई किसान भाइयों ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि द्वारिकेश मिल हमेशा किसानों के हित में अग्रसर रहती है, और उसका त्वरित भुगतान नीति पूरे क्षेत्र के लिए एक उदाहरण है।
अब तक 85 करोड़ से अधिक का भुगतान
द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज प्रबंधन द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि पेराई सत्र 2025-26 के अंतर्गत अब तक कुल 85 करोड़ 19 लाख 06 हजार रुपये का भुगतान किसानों के खातों में भेजा जा चुका है। प्रबंधन ने कहा कि किसानों का हित ही मिल की सर्वोच्च प्राथमिकता है और समय से भुगतान करना उनकी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
किसानों को दी गई महत्वपूर्ण सलाह
मिल प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि वे इस ठंड के मौसम में अत्यधिक कम तापमान के दौरान गन्ने की कटाई न करें, क्योंकि इससे पेड़ी में फुटाव प्रभावित हो सकता है। साथ ही किसानों से आग्रह किया गया कि वे अपनी चीनी मिल को केवल साफ-सुथरा और ताजा गन्ना ही आपूर्ति करें ताकि गुणवत्ता और उत्पादन दोनों बरकरार रहें।
विकास योजनाओं का लाभ लें किसान
द्वारिकेश चीनी मिल किसानों के हित में अनेक आकर्षक विकास योजनाएं चला रही है। प्रबंधन ने किसानों से अनुरोध किया है कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक क्षेत्र में गन्ने की बुवाई करें।मिल ने विश्वास दिलाया है कि वह किसानों के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए सदैव तत्पर रहेगी। द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज का उद्देश्य सिर्फ चीनी उत्पादन नहीं, बल्कि किसानों की प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित करना है।
वारंटियों पर शिकंजा : कोतवाली सदर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Mon, Dec 15, 2025
एसपी के निर्देश पर चली मुहिम, चार फरार अभियुक्त गिरफ्तार, कोर्ट में पेश
उन्नाव। जनपद में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कोतवाली सदर पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद फरार चल रहे चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों में रामसजीवन और प्रदीप निवासी नुरूद्दीन नगर शामिल हैं, जबकि पवन शर्मा और श्यामलाल शेषपुर नरी क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। चारों अभियुक्त अलग अलग मामलों में वांछित थे और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कोतवाली सदर के प्रभारी निरीक्षक चन्द्र कान्त मिश्र ने किया। उनके साथ किला चौकी प्रभारी उग्रसेन सिंह, उप निरीक्षक करूणा शंकर श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल रामदेव प्रजापति तथा आरक्षी अमित चौधरी शामिल रहे।
पुलिस टीम ने पहले अभियुक्तों की गतिविधियों पर नजर रखी, इसके बाद सटीक सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। सुनियोजित कार्रवाई के दौरान सभी अभियुक्तों को सुरक्षित हिरासत में ले लिया गया। इस संबंध में शहर कोतवाल चन्द्र कान्त मिश्र ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। फरार अभियुक्तों के खिलाफ लगातार दबिश दी जा रही है। आगे भी ऐसे सभी लोगों पर कार्रवाई जारी रहेगी जो कानून से बचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के साथ साथ न्यायालयीय आदेशों का सख्ती से पालन कराना है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर चारों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर दिया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने भी स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं दी जाएगी। इस कार्रवाई से शहर में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।
विकास को मिली रफ्तार : दो वार्डों में नई सड़कें और नालियां जनता को समर्पित
Mon, Dec 15, 2025
वार्ड 30 और वार्ड 08 में सड़क व नाली निर्माण से बढ़ी सुविधा
उन्नाव। नगर पालिका परिषद् क्षेत्र में सोमवार को विकास कार्यों की एक और कड़ी जुड़ गई। नगर पालिका परिषद् की अध्यक्षा श्वेता भानू मिश्रा ने वार्ड संख्या 30 गदियाना और वार्ड संख्या 08 बाबूगंज में नवनिर्मित इंटरलॉकिंग सड़कों और नाली निर्माण कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर दोनों वार्डों के स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
वार्ड नम्बर 30 नगरपालिका कार्यालय से शीशमहल गेस्ट हाउस की ओर जाने वाले एकल मार्ग में लंबे समय से सड़क की खराब हालत लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव से आवागमन लगभग ठप हो जाता था। नई इंटरलॉकिंग सड़क बनने से अब मोहल्ले के लोगों को राहत मिली है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क बनने से न केवल आवाजाही आसान होगी, बल्कि मोहल्ले की तस्वीर भी बदलेगी।
वहीं वार्ड संख्या 08 बाबूगंज में एकांतेश्वर महादेव मंदिर तक बनाई गई सड़क का विशेष महत्व है। यह मार्ग श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी बेहद जरूरी था। सड़क के साथ नाली निर्माण होने से जल निकासी की समस्या दूर होगी और बरसात में होने वाला जलभराव अब अतीत की बात बन सकेगा। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि नगर के हर वार्ड में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, साफ-सफाई और जल निकासी जैसे कार्य सीधे आम आदमी के जीवन से जुड़े होते हैं, इसलिए इन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में नगर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के विकास कार्य कराए जाएंगे।
नगर पालिका परिषद् की अध्यक्षा श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क और नाली जैसे विकास कार्य आम नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरत से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए इन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि गदियाना और बाबूगंज में कराए गए कार्यों से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जलभराव जैसी पुरानी समस्याओं से राहत मिलेगी। नगर को साफ, सुव्यवस्थित और रहने योग्य बनाना नगर पालिका का लक्ष्य है और आने वाले समय में अन्य वार्डों में भी इसी क्रम में विकास कार्य कराए जाएंगे। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और रखरखाव में नगर पालिका का सहयोग करें, ताकि विकास का लाभ लंबे समय तक सभी को मिलता रहे।
इस मौके पर गदियाना के सभासद मेराजुद्दीन, बाबूगंज के सभासद रवि कुमार, अमित सिंह चौहान, सहित रानू, वसीम, मुन्ना, इकबाल, नियाज़, शैलेन्द्र, विकास गुप्ता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने नगर पालिका के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि शहर में विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी।