एक दिन, कई कार्यक्रम : सीएम केशव प्रसाद मौर्य का उन्नाव दौरा
Mon, Jan 12, 2026
बांगरमऊ से अरोड़ा रिसोर्ट तक कार्यक्रम, समीक्षा बैठक के बाद विपक्ष पर बोला हमला
उन्नाव। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहे। दौरे की शुरुआत उन्होंने बांगरमऊ क्षेत्र से की, जहां गांव सुल्तानपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद वह कब्बाखेड़ा स्थित अरोड़ा रिसोर्ट पहुंचे और अंत में निरीक्षण भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मीडिया से बातचीत की।
डिप्टी सीएम सबसे पहले बांगरमऊ के गांव सुल्तानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार के पिता, संघ प्रचारक व लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय परशुराम कटियार के जन्म शताब्दी समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के समय मनरेगा के नाम पर गांवों का वास्तविक विकास नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में यह योजना भ्रष्टाचार का माध्यम बन गई थी। डिप्टी सीएम ने कहा कि मौजूदा सरकार ने व्यवस्था में सुधार कर भ्रष्टाचार के रास्ते बंद किए हैं और गांवों को शहरों जैसी सुविधाएं देने की दिशा में काम किया जा रहा है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को लेकर देश में नई सोच और नए कानून लागू किए गए हैं। इससे गांवों का समग्र विकास संभव हो सकेगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के योगदान का उल्लेख करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि संघ का जन्म शताब्दी वर्ष पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं संघ की शाखा से जुड़े रहे हैं और संघ ने उनमें राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत किया।
इसके बाद डिप्टी सीएम कब्बाखेड़ा स्थित अरोड़ा रिसोर्ट पहुंचे, जहां सांसद डॉ. स्वामी साक्षी महाराज के शुभ जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित ‘जन-सेवा समर्पण समारोह’ में शामिल हुए। डिप्टी सीएम ने समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. स्वामी साक्षी महाराज को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गईं, गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार दिया गया और नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
इस अवसर पर अध्यात्म योग मिशन हरिद्वार के संस्थापक श्रद्धेय स्वामी मधुसूदन जी महाराज, सांसद अनुराग शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सदर विधायक पंकज गुप्ता, कैलाश सिंह राजपूत, हरिओम वर्मा, चन्द्रपाल सिंह लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद डिप्टी सीएम निरीक्षण भवन पहुंचे, जहां उन्होंने जनपद स्तरीय विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना में पात्र नागरिकों को शामिल करने और दिव्यांग व विधवा लाभार्थियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पंचायत से जुड़े कार्यों का कोई भी बजट लंबित न रखने और समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। डिप्टी सीएम ने खाद्य प्रसंस्करण की बड़ी यूनिट स्थापित करने और उसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जोड़ने पर जोर दिया, ताकि महिलाएं अपने उत्पाद बेचकर स्वावलंबी बन सकें। उन्होंने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए सरकार की ओर से भारी सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही हर घर जल योजना की प्रगति में सुधार, चकरोड पैमाइश से जुड़े मामलों का अभियान चलाकर निस्तारण और ग्राम चौपाल का आयोजन व्यवस्थित ढंग से कराने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में हार के बाद विपक्ष बौखलाया हुआ है और इसी कारण सपा नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी कभी नहीं चाहती कि प्रदेश में ओबीसी समाज का कोई मजबूत नेतृत्व उभरे।
उन्होंने कहा कि भाजपा अगड़ा, पिछड़ा और दलित समाज को साथ लेकर चल रही है और सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पीडीए के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि 2012 से 2017 तक सपा सरकार के दौरान यह फार्मूला कहीं नजर नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में सपा ने दुष्प्रचार के जरिए कुछ सीटें जीतीं और जनता को भ्रमित किया। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि भाजपा और उसकी सरकार बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान के प्रति पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि भाजपा आरक्षण की समर्थक है और ओबीसी, एससी व एसटी वर्ग के आरक्षण से किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पुण्यतिथि पर जीवनदान : लाइफ सेवर्स संस्था ने रक्तदान के जरिए दी श्रद्धांजलि
Mon, Jan 12, 2026
निम्मी अरोड़ा ने कहा, रक्तदान से बचती हैं जिंदगियां, आगे भी होंगे ऐसे आयोजन
उन्नाव। लाइफ सेवर्स संस्था की ओर से जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में स्वर्गीय सरदार अजीत पाल सिंह की पुण्यतिथि पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय मिश्रा और समाजसेविका निम्मी अरोड़ा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय अजीत पाल सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
रक्तदान शिविर में वेद प्रकाश साहू ने सबसे पहले रक्तदान कर पहल की। उनके बाद प्रखर निगम, संजीव सिंह, सुशील कुमार शुक्ला, मंजीत सिंह, अनुराग सिंह राठौर, जसपाल सिंह, अजय कुमार, वरुण सूरी और जसमीत सिंह ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. संजय मिश्रा ने कहा कि रक्तदान एक सुरक्षित और आवश्यक प्रक्रिया है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर जीवन रक्षक सहायता मिलती है। उन्होंने युवाओं से आगे आने की अपील करते हुए कहा कि नियमित रक्तदान से न केवल दूसरों की जान बचती है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। ऐसे आयोजनों से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और जिला अस्पताल के ब्लड बैंक को भी मजबूती मिलती है।
निम्मी अरोड़ा ने बताया कि लाइफ सेवर्स संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। इसी प्रेरणा के साथ स्वर्गीय सरदार अजीत पाल सिंह की पुण्यतिथि पर यह शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के सेवा कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जीवनदान मिल सके।
डॉ. मनीष सेंगर ने कहा कि अजीत पाल सिंह का जीवन समाज सेवा को समर्पित रहा और उनके नाम पर आयोजित यह शिविर उसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
इस मौके पर सोनी अवस्थी शुक्ला, बृजेश चंद्र शुक्ला, जनरैल सिंह, प्रभात सिंहा, आशीष शुक्ला, चेतन मिश्रा, डॉ. राजेश सिंह, निमेष पटेल, सोनी देवी, अजय कुमार, सुनील कुमार, पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जन्मदिन पर सेवा का संदेश : कर्म क्रांति सेवा फाउंडेशन के साथ सांसद साक्षी महाराज
Mon, Jan 12, 2026
संस्था अध्यक्ष चेतन मिश्रा को सांसद साक्षी महाराज ने दिया सहयोग का भरोसा
उन्नाव। सांसद डॉ. स्वामी हरि साक्षी महाराज ने अपने 69वें जन्मदिन को सेवा और संवेदना के रूप में मनाया। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन परिसर में कर्म क्रांति सेवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित निशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम में उन्होंने जरूरतमंदों को भोजन, मिष्ठान और फल वितरित किए। कार्यक्रम में सांसद ने फाउंडेशन द्वारा लगातार तीन वर्षों से चलाए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य है। अपने जन्मदिन पर इस सेवा अभियान से जुड़कर जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। सांसद ने कहा कि समाज में ऐसे कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सभी की है और अधिक से अधिक लोगों को इस तरह की सेवा से जुड़ना चाहिए।
साक्षी महाराज ने संस्था के संस्थापक अध्यक्ष चेतन मिश्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संस्था जिस निष्ठा और समर्पण से सेवा कार्य कर रही है, वह प्रेरणादायक है और हर परिस्थिति में वे संस्था के साथ खड़े रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन से जुड़े पूर्व सैनिकों ने सांसद का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं संस्था अध्यक्ष चेतन मिश्रा ने स्मृति पत्र देकर आभार जताया। इस सेवा कार्यक्रम में करीब तीन सौ जरूरतमंदों को भरपेट भोजन कराया गया।
कार्यक्रम में जनपद के कई समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में संस्था की महिला मोर्चा और युवा टीम ने भी सेवा कार्य में सहभागिता की। उपस्थित लोगों में रसूलाबाद चेयरमैन प्रतिनिधि नईमुद्दीन अंसारी, बैसवारा कल्याण समिति के अध्यक्ष मुन्ना सिंह अवधूत, महामंत्री हरिओम सिंह, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी, विजय हनुमंत जीव आश्रय के अखिलेश अवस्थी, भाजपा नेता सुनील अवस्थी बउवा, जनपद के वरिष्ठ पत्रकार प्राचीन्द्र मिश्रा, पत्रकार आनंद शर्मा, विनय शुक्ला सहित संस्था के सत्तर से अधिक कार्यकर्ता शामिल रहे। सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा यह कार्यक्रम जन्मदिन को सार्थक बनाने की एक मिसाल बनकर सामने आया।