डेयरी पर गंभीर आरोप : खेती और पशुओं पर मंडराया संकट
Sun, Dec 21, 2025
नाली के रास्ते रजबहे में छोड़ा जा रहा केमिकल मिला पानी, कार्रवाई की मांग
उन्नाव। नगर पंचायत औरास क्षेत्र में पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। मंसूरी धर्म कांटा के पास स्थित नमस्ते इंडिया डेयरी पर रजबहे में जहरीला और केमिकल मिला दूषित पानी छोड़े जाने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि डेयरी का गंदा पानी नाली के जरिए सीधे रजबहे में बहाया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में नाराजगी और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डेयरी से निकलने वाला यह पानी बेहद बदबूदार होता है और उसमें केमिकल की तेज गंध आती है। जैसे ही यह पानी नाली से होकर रजबहे में पहुंचता है, आसपास का वातावरण दूषित हो जाता है। कुछ देर में ही बदबू फैल जाती है, जिससे वहां रहना मुश्किल हो जाता है। लोगों का आरोप है कि यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।
गांव के निवासी राम मोहन, शिव प्रकाश और प्यारेलाल बताते हैं कि रजबहे का पानी केवल नहर नहीं, बल्कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा है। इसी पानी से खेतों की सिंचाई होती है और पशु भी इसी पर निर्भर हैं। जब इसमें डेयरी का केमिकल युक्त गंदा पानी मिल रहा है, तो फसलों और पशुओं दोनों के लिए खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ पशुओं में बीमारी के लक्षण भी दिखने लगे हैं, जबकि खेतों में फसल पर इसका असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। किसानों का दर्द यह है कि अगर रजबहे का पानी लगातार दूषित होता रहा, तो जमीन की उर्वरता धीरे-धीरे खत्म हो सकती है। इससे फसल उत्पादन घटेगा और सीधा असर उनकी आमदनी पर पड़ेगा। एक किसान ने बताया कि हम पहले ही महंगाई और लागत से परेशान हैं, अगर पानी भी जहर बन गया तो खेती करना मुश्किल हो जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि डेयरी के कर्मचारी रोजाना यह दूषित पानी बहाते हैं। कई बार इसकी शिकायत नगर पंचायत औरास और अन्य संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में यह धारणा बन रही है कि या तो शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा या फिर कहीं न कहीं लापरवाही बरती जा रही है।स्थानीय महिलाओं और बुजुर्गों में खास चिंता है। उनका कहना है कि इस गंदे पानी और बदबू से बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। अगर समय रहते इसे नहीं रोका गया, तो इलाके में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। लोगों को डर है कि आगे चलकर त्वचा रोग, सांस की दिक्कत और पेट से जुड़ी बीमारियां आम हो सकती हैं। अब क्षेत्र के लोग खुलकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि नमस्ते इंडिया डेयरी से निकलने वाले पानी की तत्काल जांच कराई जाए और यह साफ किया जाए कि उसमें कौन-कौन से केमिकल मिले हैं। साथ ही रजबहे में किसी भी तरह का दूषित पानी गिराने पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। यह मामला न सिर्फ पर्यावरण प्रदूषण से जुड़ा है, बल्कि किसानों की आजीविका और आम लोगों की सेहत से भी सीधा संबंध रखता है। अब देखना यह है कि नगर पंचायत औरास और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं और दोषियों के खिलाफ क्या कदम उठाते हैं।
सट्टेबाजी के काले कारोबार से खड़ी की दौलत : अब अनुराग की कमाई जांच एजेंसियों के रडार पर
Sun, Dec 21, 2025
साइकिल से चलने वाला युवक कुछ ही सालों में बन गया करोड़पति, जांच में खुल रही परतें
उन्नाव। अवैध सट्टेबाजी और ऑनलाइन जुए के जाल ने कैसे एक गांव के युवक को रातोंरात करोड़पति बना दिया और फिर जांच एजेंसियों के शिकंजे तक पहुंचा दिया, प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के बाद यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग द्विवेदी का नाम सामने आया तो यह साफ हो गया कि चमक-दमक के पीछे एक बड़ा काला खेल छिपा था। कभी साइकिल से चलने वाला उन्नाव का एक युवक आठ साल के भीतर करोड़ों की दुनिया में कैसे पहुंच गया, यह सवाल इन दिनों जिले से लेकर राजधानी दिल्ली तक चर्चा में है। ईडी की छापेमारी के बाद यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग द्विवेदी की कहानी अचानक सुर्खियों में आ गई है। यह कहानी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उस तेज रफ्तार दौर की भी है, जहां शॉर्टकट से पैसा कमाने का सपना कई लोगों को अर्श तक ले जाता है और फिर सवालों के घेरे में खड़ा कर देता है।
मोबाइल से शुरू हुआ सट्टे का सफर
नवाबगंज ब्लॉक के खजूर गांव में पला-बढ़ा अनुराग शुरू से पढ़ाई में ज्यादा टिक नहीं पाया। स्कूल बदले, लेकिन मन मोबाइल और इंटरनेट में ही लगा रहा। गांव वालों के मुताबिक, शुरुआती दिनों में वह ऑनलाइन गेम और सट्टेबाजी से जुड़े ऐप्स को समझने लगा। यहीं से अवैध सट्टे की दुनिया में उसका प्रवेश हुआ। धीरे-धीरे उसने सोशल मीडिया का सहारा लिया। वीडियो बनाकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सट्टेबाजी और जुए से जुड़े ऐप्स का प्रचार शुरू किया। इन ऐप्स के जरिए लोगों को आसान कमाई का सपना दिखाया गया। जितने ज्यादा लोग जुड़े, उतना ज्यादा कमीशन और पैसा आने लगा।
सट्टेबाजी का नेटवर्क और बढ़ती कमाई
सूत्रों की मानें तो अवैध सट्टेबाजी का यह नेटवर्क सिर्फ उन्नाव तक सीमित नहीं रहा। इसका दायरा लखनऊ, दिल्ली और दूसरे राज्यों तक फैल गया। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खेले जाने वाले सट्टे और जुए से रोज लाखों रुपये का लेनदेन होने लगा। यही पैसा धीरे-धीरे करोड़ों में बदलता चला गया। ईडी की जांच में सामने आया है कि इस अवैध कमाई को सीधे अपने नाम रखने के बजाय उसे अलग-अलग तरीकों से घुमाया गया। कंपनियों के नाम से गाड़ियां खरीदी गईं, जमीनें माता-पिता के नाम ली गईं और कुछ रकम हवाला के जरिए विदेश भेजी गई।
गांव में बदली तस्वीर
जिस खजूर गांव में कभी साधारण मकान थे, वहीं अनुराग का घर अब ऊंची बाउंड्री और सीसीटीवी कैमरों से घिरा नजर आता है। गांव के लोग बताते हैं कि जब वह आता था, तो महंगी गाड़ियों का काफिला साथ होता था। किसी को समझ नहीं आता था कि इतनी दौलत आखिर आ कहां से रही है। लोगों का कहना है कि सट्टेबाजी से जुड़ा नाम होने के कारण कोई खुलकर बोलने से डरता है। सब जानते थे कि पैसा बहुत है और रसूख भी।
ईडी की छापेमारी से हड़कंप
बुधवार को ईडी ने एक साथ उन्नाव, लखनऊ और दिल्ली समेत दस ठिकानों पर छापा मारा। घरों से नकदी, दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस बरामद की गईं। बैंक खातों को फ्रीज किया गया, जिनमें करोड़ों रुपये जमा पाए गए। लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की गईं। ईडी का दावा है कि जांच में अवैध सट्टेबाजी और ऑनलाइन जुए से कमाई गई रकम को विदेश भेजने और दुबई में रियल एस्टेट में निवेश के सबूत मिले हैं। यह भी सामने आया है कि लंबे समय से यह नेटवर्क सक्रिय था और बड़े स्तर पर लोगों को जोड़ा जा रहा था।
पिता की सफाई, बेटे पर सवाल
अनुराग के पिता का कहना है कि उनके बेटे के नाम कोई जमीन नहीं है और जो भी संपत्ति है, वह उनकी मेहनत और टैक्स चुकाई गई कमाई से ली गई है। उनका दावा है कि परिवार जांच में पूरा सहयोग करेगा। वहीं, जांच एजेंसियों का कहना है कि मामला सिर्फ दिखावे का नहीं, बल्कि अवैध सट्टेबाजी से जुड़े एक बड़े आर्थिक अपराध का है।
आसान पैसे का खतरनाक खेल
अनुराग की कहानी उन हजारों युवाओं के लिए चेतावनी है, जो ऑनलाइन सट्टे और जुए को आसान कमाई का रास्ता मान रहे हैं। शुरुआत में पैसा तेजी से आता है, शोहरत मिलती है, लेकिन अंत में कानून का शिकंजा भी उतनी ही तेजी से कसता है। अब जांच के बाद ही तय होगा कि सट्टेबाजी के इस खेल में कितनी परतें और कितने नाम सामने आते हैं। फिलहाल उन्नाव का यह मामला अवैध ऑनलाइन जुए के बढ़ते खतरे की बड़ी तस्वीर पेश कर रहा है।
बेखौफ चोरों का आतंक : चोरों ने दो मकानों से साफ किए लाखों
Sun, Dec 21, 2025
छत और सीढ़ी के रास्ते घुसकर कीमती जेवर-नकदी चोरी
उन्नाव। बीघापुर थाना क्षेत्र के सिंगहा गांव में शुक्रवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बेखौफ चोरों ने एक के बाद एक दो घरों को निशाना बनाते हुए नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार सिंगहा गांव निवासी किसान मनोज सिंह के घर चोर रात के अंधेरे में छत के रास्ते दाखिल हुए। घर के अंदर घुसते ही चोरों ने कमरों के ताले तोड़ दिए और बक्सों में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा करीब 50 हजार रुपये नकद समेट लिए। खास बात यह रही कि घर में अलग-अलग कमरों में सो रहे लोगों को चोरों ने बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया, जिससे किसी को भनक तक नहीं लगी।पहले घर को खंगालने के बाद चोर यहीं नहीं रुके। उन्होंने पास ही रहने वाले कोटेदार शिव प्रताप सिंह के मकान को भी निशाना बनाया। बताया गया कि चोर सीढ़ी के दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में घुसे और अलमारी का ताला चटकाकर पांच हजार रुपये नकद और एक जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे, तब चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित परिवारों का दावा है कि दोनों घरों से चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। सीओ मधुप नाथ मिश्र और थाना प्रभारी राजपाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया है, उससे किसी नजदीकी व्यक्ति की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इधर, गंगा कटरी क्षेत्र के सिंगहा गांव में हुई इस बड़ी चोरी के बाद ग्रामीणों में गुस्सा और डर दोनों है। लोगों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त न के बराबर होती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज समेत कोई भी पुलिसकर्मी नियमित गश्त के लिए गांव में नहीं आता, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।