दरोगाबाग में गूंजा भक्ति का स्वर : भागवत कथा में अतिथि बनकर पहुंचे सुरेंद्र वर्मा का हुआ सम्मान
Wed, Mar 18, 2026
19 मार्च को भंडारा, 20 को होगा सुंदरकांड पाठ
उन्नाव। शहर के सिविल लाइंस स्थित दरोगाबाग में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान बुधवार को श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भक्तिभाव से कथा का श्रवण किया। कार्यक्रम में सर्व धर्म संसद के प्रदेश अध्यक्ष व साईं दरबार समिति के संस्थापक सुरेंद्र वर्मा (बाबा) अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कथावाचक आचार्य नीरज तिवारी का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। वहीं आयोजकों की ओर से सुरेंद्र वर्मा का भी माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर सुरेंद्र वर्मा (बाबा) ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को धर्म व संस्कारों से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि आचार्य द्वारा सुनाई जा रही कथा लोगों को जीवन में सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। साथ ही उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान पूरे पंडाल में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु पूरे मनोयोग से कथा में शामिल रहे। आयोजकों ने बताया कि 19 मार्च को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जबकि 20 मार्च को सुंदरकांड पाठ आयोजित होगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों के शामिल होने की अपील की गई है।
श्रद्धांजलि : शहीद शशिकांत तिवारी की पुण्यतिथि पर प्रतिमा का अनावरण
Wed, Mar 18, 2026
विधायक पंकज गुप्ता ने निजी संसाधनों से बनवाई प्रतिमा, लोकार्पण किया
उन्नाव। अमर शहीद शशिकांत तिवारी की पुण्यतिथि पर बुधवार को शहर में भावुक माहौल देखने को मिला। पूरन नगर क्षेत्र में विकसित प्रेरणा स्थल पार्क में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने अपने निजी संसाधनों से बनवाई गई इस प्रतिमा का लोकार्पण कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विधायक ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, शहीद परिवारों के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने शहीद को नमन किया और उनके बलिदान को याद किया।
शहर के कब्बाखेड़ा निवासी शशिकांत तिवारी 18 मार्च 2019 को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली हमले में शहीद हो गए थे।वह सीआरपीएफ की 231वीं में हेड कांस्टेबल पद पर तैनात थे। उनकी शहादत के बाद से परिजन उनकी स्मृति में पार्क और प्रतिमा स्थापित करने की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो सकी।विधायक पंकज गुप्ता के प्रयासों से इस प्रेरणा स्थल को तैयार किया गया है। यहां स्थापित की गई प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को शहीद के बलिदान की याद दिलाती रहेगी।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सैनिकों और शहीद वीरांगनाओं को भी सम्मानित किया गया। संचालन “नर सेवा नारायण सेवा” के संस्थापक विमल द्विवेदी ने किया, जबकि आयोजन में पवन सिंह, प्रदीप सिंह, देवांश तिवारी और अजय त्रिवेदी की अहम भूमिका रही।
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि देश की सुरक्षा हमारे सैनिकों के त्याग और बलिदान से ही संभव है। शहीद शशिकांत तिवारी का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीद के परिजनों की यह पुरानी मांग पूरी कर पाना उनके लिए गर्व की बात है। साथ ही उन्होंने कार्य में हुई देरी के लिए खेद भी जताया। इस दौरान शहीद की पत्नी अनीता तिवारी समेत कई पूर्व सैनिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति और श्रद्धा से भरा नजर आया।
चेकिंग में पकड़े गए तस्कर : मुठभेड़ में एक को लगी गोली
Tue, Mar 17, 2026
इनपुट पर घेराबंदी, भागते समय बाइक फिसली दो पकड़े गए; एक फरार
उन्नाव। असोहा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और गोवंश तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। चंदनखेड़ा पुल के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई और इसके बाद फायरिंग की घटना हुई। सीओ पुरवा तेज बहादुर सिंह ने बताया कि असोहा-कालूखेड़ा मार्ग पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी और सर्विलांस टीम से सूचना मिली कि गोवंश तस्करी से जुड़े तीन लोग मोटरसाइकिल से कालूखेड़ा से असोहा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर सघन चेकिंग शुरू कर दी।कुछ ही देर बाद सामने से आ रही एक बाइक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन सवार युवक सुनसान रास्ते की ओर भागने लगे। भागने के दौरान उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसी बीच एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रफीक (27) निवासी जमुनाखेड़ा और मनमोहन यादव (25) निवासी शिवगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आवारा घूम रहे गोवंश को पकड़कर तस्करी करते थे। सीओ के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे जंगल क्षेत्र में जानवरों को इकट्ठा कर आगे ले जाने की फिराक में थे। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से बाइक और अन्य सामान भी बरामद किया है। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।