बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें : अब गांव-गांव राहत की बारी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Sep 28, 2026
प्रभारी मंत्री ने अफसरों से मांगी नुकसान की रिपोर्ट, बोले- पात्र परिवारों को हर हाल में मिलेगी मदद
उन्नाव। लगातार हुई बारिश से ग्रामीण इलाकों में बिगड़े हालात को लेकर सोमवार को प्रशासन ने राहत और बचाव की तैयारियों की समीक्षा की। विकास भवन सभागार में प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर बारिश से प्रभावित गांवों की स्थिति जानी। उन्होंने साफ कहा कि अतिवृष्टि से हुए नुकसान का आकलन केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचनी चाहिए। बैठक में पिछले तीन दिनों में हुई भारी बारिश से मकानों को हुए नुकसान, फसल बर्बादी, जनहानि और पशुहानि की जानकारी ली गई। अधिकारियों से यह भी पूछा गया कि प्रभावित क्षेत्रों में अब तक क्या राहत पहुंचाई गई है और किन लोगों को सहायता मिलना बाकी है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि बारिश के कारण जिन परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त या गिर गए हैं, उन्हें नियमानुसार आर्थिक मदद दी जा रही है। सोमवार को कुछ प्रभावित लोगों को सहायता राशि के चेक भी दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जनप्रतिनिधियों को भी गांवों में जाने के निर्देश
मंत्री ने कहा कि राहत कार्य में प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी है। विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर प्रभावित लोगों की समस्याएं देखें और जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आपदा के समय सबसे जरूरी यह है कि सरकारी मदद सही व्यक्ति तक समय से पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों को प्रभावित गांवों में जाकर स्थिति देखने और लोगों की समस्याएं सुनने को कहा गया है।
जनहानि और पशुहानि पर भी मिलेगी सहायता
बारिश के दौरान हुए नुकसान में केवल मकान और फसल ही नहीं, बल्कि जनहानि और पशुहानि के मामलों को भी राहत के दायरे में रखा गया है। प्रभारी मंत्री ने बताया कि ऐसे मामलों में भी सहायता राशि के चेक दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना है। प्रभारी मंत्री ने बताया कि उन्नाव उनका प्रभारी जिला है। इससे पहले भी वह बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने जिले में आ चुकी हैं। हाल में फिर हुई भारी बारिश के बाद स्थिति की जानकारी लेने के लिए अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई।
बिजली कटौती पर डीएम से मांगी जानकारी
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार दो-दो दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायत पर मंत्री ने कहा कि लगातार बारिश के कारण कुछ स्थानों पर बिजली व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने जिलाधिकारी से ऐसे क्षेत्रों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था जल्द सामान्य कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि बारिश प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन लगातार काम कर रहा है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि आपदा से प्रभावित लोगों को राहत के साथ-साथ पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिले।
एसआईआर पर कांग्रेस के विरोध को लेकर बोलीं मंत्री
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रभारी मंत्री ने चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के विरोध पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी सरकार या राजनीतिक दल का विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध को लेकर उन्होंने कांग्रेस को अपने स्तर पर विचार करने की बात कही। उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनकी गरिमा बनाए रखना जरूरी है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन